विज्ञापन
This Article is From Dec 08, 2025

आग की लपटें और धुआं ही धुआं... गोवा नाइट क्लब का नया वीडियो दिल दहला देगा

गोवा के अरपोरा क्षेत्र में स्थित नाइटक्लब अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय सूचनाओं के अनुसार, इस घटना में उत्तराखंड के कुछ नागरिकों के संभावित रूप से प्रभावित होने की आशंका जताई गई है.

आग की लपटें और धुआं ही धुआं... गोवा नाइट क्लब का नया वीडियो दिल दहला देगा
  • नॉर्थगोवा के एक नाइटक्लब में लगी भीषण आग में कम से कम 25 लोगों की मौत हुई
  • आग इतनी तेजी से फैली कि नाइटक्लब में मौजूद लोग जान बचाने के लिए भागते हुए दिखाई दिए
  • गोवा सरकार ने नाइटक्लब को संचालन की अनुमति देने में भूमिका निभाने वाले अधिकारियों पर गिरी गाज
गोवा:

नॉर्थ गोवा के एक नाइटक्लब में लगी भीषण आग ने जश्न के माहौल को मातम में बदल दिया. नाइटक्लब में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि इस हादसे में कम से कम 25 लोगों की जान गई, जिनमें पर्यटक भी शामिल हैं. घटना का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें आग की भयावहता साफ दिखाई दे रही है. नाइटक्लब में आग की लपटें और धुआं ही धुआं दिखाई दे रहा है. कुछ लोग भी जान बचाने को भागते दिख रहे हैं.

ये भी पढ़ें : गोवा के नाइटक्लब में कैसे लगी आग, कौन-कौन गिरफ्तार और किस पर गिरी गाज, जानें सब कुछ

अधिकारियों पर गिरी गाज 

गोवा सरकार की तत्कालीन पंचायत निदेशक समेत तीन वरिष्ठ अधिकारियों को नाइट क्लब में आग लगने की घटना के सिलसिले में रविवार को निलंबित कर दिया गया. अधिकारी ने बताया कि तत्कालीन पंचायत निदेशक को क्लब को 2023 में परिचालन शुरू करने की अनुमति देने में उनकी भूमिका के लिए निलंबित किया गया. नाइट क्लब में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें पांच पर्यटकों और 20 कर्मचारियों सहित 25 लोगों की जान चली गई.

Latest and Breaking News on NDTV

निलंबित अधिकारियों में तत्कालीन पंचायत निदेशक सिद्धि तुषार हरलंकर, डॉ. शमिला मोंटेइरो, तत्कालीन सदस्य सचिव, गोवा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और तत्कालीन सचिव, ग्राम पंचायत अरपोरा-नागोआ रघुवीर बागकर शामिल हैं.

ये भी पढ़ें : कल महफिल थी आज मातम... गोवा के नाइट क्लब में हादसे से पहले डांस फ्लोर में थिरक रहे थे लोग

25 मृतकों में 20 कर्मचारी और 5 पर्यटक शामिल, 3 दिल्ली के

गोवा नाइटक्लब अग्निकांड में मारे गए सभी 25 पीड़ितों की पहचान कर ली गई है, जिनमें 20 कर्मचारी और पांच पर्यटक शामिल हैं. आग में मारे गए पांच पर्यटकों में से चार दिल्ली के थे, जिनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल थे। पांचवां पर्यटक कर्नाटक का था. दिल्ली के चार पर्यटकों की पहचान सरोज जोशी, अनीता जोशी, कमला जोशी और विनोद कुमार के रूप में हुई है. उनकी पहचान रविवार को उनकी रिश्तेदार भावना जोशी ने की.

Latest and Breaking News on NDTV

कार्रवाई तेज की; दो संपत्तियां सील

नाइटक्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने ‘रोमियो लेन' कंपनी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि गोवा में कंपनी की दो अन्य संपत्तियों को भी सील कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि संपत्ति के प्रवर्तकों सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा की धरपकड़ के लिए राज्य पुलिस की एक टीम रविवार को दिल्ली रवाना हुई. दोनों के खिलाफ प्राथमिकी पहले ही दर्ज की जा चुकी है. अधिकारियों के अनुसार उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन' में शनिवार देर रात करीब 12 बजे लगी आग में 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 20 क्लब के कर्मचारी और पांच पर्यटक थे.

Latest and Breaking News on NDTV

एक और नाइटक्लब सील

एक अधिकारी ने बताया कि उत्तरी गोवा जिला प्रशासन ने ‘रोमियो लेन' श्रृंखला के वागातोर स्थित एक बीच कैफे और आसगांव स्थित एक अन्य क्लब को भी सील कर दिया है. उन्होंने कहा कि दोनों संपत्तियां विवादों में थीं इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है. मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को कहा कि राज्य पुलिस की एक टीम लूथरा परिवार की तलाश में दिल्ली रवाना हो गई है. उन्होंने कहा कि आग लगने के मामले में दोनों प्रवर्तकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

नाइटक्लब में कैसे लगी आग

अधिकारियों ने बताया कि पणजी से 25 किलोमीटर दूर अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब में आग लगने का कारण आतिशबाजी हो सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि क्लब के पास कथित तौर पर अग्निशमन विभाग की एनओसी भी नहीं थी. सावंत के अनुसार प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि शनिवार रात क्लब के अंदर ‘इलेक्ट्रिक पटाखे' चलाए गए थे, जिससे आग लगी. मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव वी. कैंडावेलू और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आलोक कुमार को उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश भी दिए हैं, जिन्होंने सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के बावजूद क्लब के संचालन की अनुमति दी थी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Goa Nightclub Fire, Arpora Nightclub Fire, Goa Arpora Nightclub Fire, Goa Nightclub Fire Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com