विज्ञापन
This Article is From Feb 07, 2026

रूसी तेल आयात पर लगा 25% टैरिफ हटा, भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील का नया फॉर्मूला तैयार, जानें सब कुछ

भारत और अमेरिका ने बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते की अंतरिम रूपरेखा आधिकारिक तौर पर जारी कर दी है. भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर पिछले हफ्ते सहमति बनी थी.

रूसी तेल आयात पर लगा 25% टैरिफ हटा, भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील का नया फॉर्मूला तैयार, जानें सब कुछ
US India Trade Deal
  • पीयूष गोयल ने अमेरिका के साथ भारत के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा तैयार होने की घोषणा की.
  • इस समझौते से भारतीय लघु एवं मध्यम उद्यमों, किसानों और मछुआरों के लिए तीस ट्रिलियन डॉलर का बड़ा बाजार खुलेगा.
  • अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर शुल्क घटाकर 18 % करने से वस्त्र, चमड़ा, प्लास्टिक जैसे क्षेत्रों में अवसर बढ़ेंगे.

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व में भारत ने अमेरिका के साथ एक अंतरिम समझौते के लिए रूपरेखा तैयार कर ली है। इससे भारतीय निर्यातकों, विशेषकर लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), किसानों और मछुआरों के लिए 30 ट्रिलियन डॉलर का बाजार खुल जाएगा। निर्यात में वृद्धि से हमारी महिलाओं और युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे.

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद पर लगाए गए अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ को हटाने की दिशा में कदम उठाया. यह कदम इस सप्ताह घोषित व्यापार समझौते को लागू करने के लिए उठाया गया है. ट्रंप द्वारा हस्ताक्षरित एक कार्यकारी आदेश के अनुसार, "भारत ने रूसी संघ से तेल का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है."

उन्होंने कहा कि इस रूपरेखा के तहत, अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर पारस्परिक शुल्क घटाकर 18% कर देगा, जिससे दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में वस्त्र एवं परिधान, चमड़ा एवं जूते, प्लास्टिक एवं रबर उत्पाद, जैविक रसायन, गृह सज्जा, हस्तशिल्प उत्पाद और चुनिंदा मशीनरी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में विशाल बाजार अवसर उपलब्ध होंगे। इसके अतिरिक्त, सामान्य दवाइयों, रत्न एवं हीरे तथा विमान के पुर्जों सहित कई प्रकार की वस्तुओं पर शुल्क शून्य हो जाएगा, जिससे भारत की निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता और 'मेक इन इंडिया' को और बढ़ावा मिलेगा.

मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पोस्ट में कहा कि जेनेरिक दवाइयों, रत्नों और हीरों, तथा विमान के पुर्जों सहित कई प्रकार की वस्तुओं पर टैरिफ शून्य हो जाएगा, जिससे भारत की निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता और 'मेक इन इंडिया' को और बढ़ावा मिलेगा. भारत को विमान के पुर्जों पर धारा 232 के तहत छूट, ऑटो पुर्जों पर टैरिफ दर कोटा और जेनेरिक दवाइयों पर बातचीत के माध्यम से प्राप्त लाभ भी मिलेंगे, जिससे इन क्षेत्रों में निर्यात में ठोस वृद्धि होगी.

गोयल ने एक्स पोस्ट में कहा कि  साथ ही, यह समझौता किसानों के हितों की रक्षा और ग्रामीण आजीविका को बनाए रखने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत मक्का, गेहूं, चावल, सोया, मुर्गी पालन, दूध, पनीर, इथेनॉल (ईंधन), तंबाकू, कुछ सब्जियां, मांस आदि जैसे संवेदनशील कृषि और डेयरी उत्पादों को पूर्ण संरक्षण प्रदान किया जाएगा. यह समझौता भारत और अमेरिका को आर्थिक सहयोग को और गहरा करने के लिए मिलकर काम करने पर ध्यान केंद्रित करने में मदद करेगा, जो हमारे लोगों और व्यवसायों के सतत विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है. विकसित भारत की ओर!
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India US Trade Deal, Trade Deal, Piyush Goyal, PM Modi, Donald Trump
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com