विज्ञापन

खुली छत, 40 डिग्री की तपती धूप, कंकाल सी निढाल महिला... वो तस्वीर जिसने पूरे समाज को झकझोर दिया

पड़ोसियों का कहना है कि सीमा पहले बिल्कुल सामान्य और मिलनसार थीं, लेकिन पिछले कुछ सालों से वह अचानक दिखना बंद हो गईं. लोगों ने समझा कि शायद वह कहीं चली गई हैं. किसी ने नहीं सोचा कि वह यहीं, उसी घर की छत पर, इस हालत में पड़ी होंगी.

खुली छत, 40 डिग्री की तपती धूप, कंकाल सी निढाल महिला... वो तस्वीर जिसने पूरे समाज को झकझोर दिया
  • सीमा सोनी नामक महिला लगभग चार से पांच महीने से छत पर निढाल हालत में पड़ी हुई मिली
  • महिला की हालत इतनी खराब थी कि वह हड्डियों का ढांचा लग रही थी और केवल "खाना" शब्द बोल पाई
  • महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की टीम को सूचना मिलने पर तुरंत उसे सहायता और अस्पताल में भर्ती कराया गया
नीमच (एमपी):

40 डिग्री की तपती धूप, एक सुनसान छत और उस पर एक महिला नग्न, निढाल, लगभग कंकाल में बदल चुकी. जब अधिकारी उसके पास पहुंचे और उसे पुकारा, तो उसने मदद नहीं मांगी, वो रोई नहीं, बस होंठ हिले और बहुत धीमी आवाज में एक शब्द निकला - "खाना…". यह एक शब्द अब पूरे समाज पर सवाल बनकर खड़ा है.

ये महिला हैं सीमा सोनी (40), जो उस छत पर पिछले चार से पांच महीनों से ऐसे ही पड़ी थीं, बिना कपड़ों के, बिना सम्मान के, और शायद बिना पर्याप्त भोजन के. जब महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की टीम वहां पहुंची, तो जो दृश्य सामने था, उसने सभी को भीतर तक झकझोर दिया.

सीमा का शरीर इतना कमजोर हो चुका था कि वह हड्डियों का ढांचा मात्र लग रही थीं. एक गंदी चादर से ढकी, खुले आसमान के नीचे, तपती धूप में… जैसे किसी ने उन्हें जीते-जी छोड़ दिया हो.

इस भयावह सच्चाई का खुलासा तब हुआ, जब विभाग को एक वीडियो और सूचना मिली. तुरंत एक टीम जिसमें परियोजना अधिकारी दीपिका नामदेव, थाना प्रभारी पुष्पा सिंह और अधिवक्ता मीनू लालवानी शामिल थीं मौके पर पहुंची.
Latest and Breaking News on NDTV

जब टीम ने सीमा को देखा और आवाज़ लगाई, तो उनकी प्रतिक्रिया सिर्फ एक शब्द थी "खाना…" यह आवाज इतनी कमजोर थी, जैसे शरीर ने उम्मीद छोड़ दी हो, लेकिन भूख अभी भी ज़िंदा हो. उन्हें तुरंत खाना और पानी दिया गया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

नीमच में महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी दीपिका नामदेव ने कहा, "हमें वीडियो और फोन के जरिए सूचना मिली थी कि एक महिला 40 डिग्री तापमान में छत पर बग़ैर कपड़ों के पड़ी है, सिर्फ एक चादर ढका है. मौके पर जाकर देखा तो स्थिति वैसी ही मिली. महिला बात कर पा रही है, लेकिन वह कई सालों से अवसाद से पीड़ित लग रही है. फिलहाल हमारी प्राथमिकता उनकी जान बचाना और उचित इलाज देना है."

ये भी पढ़ें: 'SP के ससुर का महंगा टिकट, बिक रही पुलिस और अवैध संबंध', सुसाइड से पहले कांस्टेबल ने 3 पेज में क्या लिखा?

पड़ोसियों का कहना है कि सीमा पहले बिल्कुल सामान्य और मिलनसार थीं, लेकिन पिछले कुछ सालों से वह अचानक दिखना बंद हो गईं. लोगों ने समझा कि शायद वह कहीं चली गई हैं. किसी ने नहीं सोचा कि वह यहीं, उसी घर की छत पर, इस हालत में पड़ी होंगी.

Latest and Breaking News on NDTV
सीमा के पति अजीत सोनी का कहना है कि वह 2016 से मानसिक बीमारी से जूझ रही हैं और उनका इलाज अहमदाबाद और ग्वालियर में भी कराया गया था. उन्होंने यह भी कहा कि घर में निर्माण कार्य चल रहा था, इसलिए उन्हें छत पर रखा गया था और परिवार उनकी देखभाल कर रहा था. लेकिन जो तस्वीर सामने आई, वह देखभाल नहीं, उपेक्षा की कहानी कहती है.

अब प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर रहा है कि कैसे एक बीमार महिला को महीनों तक इस अमानवीय हालत में रखा गया? जिम्मेदार कौन है? लेकिन इन सवालों से भी बड़ा सवाल है, एक भरे-पूरे मोहल्ले में, एक जिंदा इंसान, धीरे-धीरे टूटती रही और जब उसने आवाज उठाई, तो बस इतना कहा, "खाना…".

ये भी पढ़ें: जहर खिलाया या खाया, पत्नी का सवाल, वो महिला कौन जो ले गई 'नोट'? SP बोले- कांस्टेबल को 4 सजाएं मिली थीं

लेखक के बारे में
img
अनुराग द्वारी
Resident Editor, MP and Chhattisgarh
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Neemuch Sick Woman, Neemuch Police, Madhya Pradesh Police, Women And Child Development Department Madhya Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com