Passport Verification MP Police: नागरिक सेवाओं को तेज, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश पुलिस (MP Police) को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट सत्यापन (Passport Verification) कार्य में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मध्यप्रदेश पुलिस को देश में प्रथम स्थान से सम्मानित किया है. पांच लाख से कम पासपोर्ट सत्यापन श्रेणी में प्रदेश पुलिस ने यह उपलब्धि हासिल की है. खास बात यह है कि मध्यप्रदेश पुलिस ने लगातार दूसरे वर्ष यह राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर अपनी कार्यकुशलता और जवाबदेही का परिचय दिया है. इस उपलब्धि को प्रदेश पुलिस की तकनीक आधारित कार्यप्रणाली और समयबद्ध सेवा का परिणाम माना जा रहा है.
विदेश मंत्रालय ने किया सम्मानित
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट सत्यापन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मध्यप्रदेश पुलिस को “Institutional Performance Award for State Police” से सम्मानित किया है. नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित कार्यक्रम में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने यह सम्मान प्रदान किया. समारोह में मध्यप्रदेश की ओर से उप पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) तरुण नायक और सहायक पुलिस महानिरीक्षक विशेष शाखा सुरक्षा रश्मि मिश्रा ने प्रतिनिधित्व किया.

Passport Verification MP Police: एस जयशंकर अवॉर्ड देते हुए
Photo Credit: DGP MP
देश में प्रथम स्थान हासिल किया
मध्यप्रदेश पुलिस को 5 लाख से कम पासपोर्ट आवेदन सत्यापन श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान मिला है. पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया में समयबद्धता, सटीकता और पारदर्शिता के आधार पर विदेश मंत्रालय ने यह पुरस्कार प्रदान किया. यह उपलब्धि नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रदेश पुलिस के प्रभावी प्रयासों को दर्शाती है.

Passport Verification MP Police: अवॉर्ड
Photo Credit: DGP MP
3.35 लाख से अधिक सत्यापन पूरे किए
अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच मध्यप्रदेश पुलिस ने कुल 3 लाख 35 हजार 647 पासपोर्ट सत्यापन सफलतापूर्वक पूरे किए. पुलिस विभाग के अनुसार सभी सत्यापन निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संपन्न किए गए, जिसके आधार पर विदेश मंत्रालय ने प्रदेश को सर्वोच्च स्थान दिया.

Passport Verification MP Police: सम्मान पत्र
Photo Credit: DGP MP
लगातार दूसरे वर्ष मिली उपलब्धि
मध्यप्रदेश पुलिस के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि पिछले वर्ष भी प्रदेश को पहली बार यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ था. अब लगातार दूसरे वर्ष प्रथम स्थान हासिल कर मध्यप्रदेश पुलिस ने यह साबित किया है कि वह नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में लगातार सुधार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिबद्ध है.
DGP ने दी बधाई
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने इस उपलब्धि पर प्रदेश के सभी जिलों, विशेष शाखा और पासपोर्ट सत्यापन कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरी मध्यप्रदेश पुलिस के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सेवा भावना का परिणाम है. साथ ही उन्होंने भविष्य में भी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इसी कार्यशैली को जारी रखने का आह्वान किया.
✨ मध्यप्रदेश पुलिस के लिए गर्व का क्षण 💐
— DGP MP (@DGP_MP) June 19, 2026
पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विदेश मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मध्यप्रदेश पुलिस को लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर “Institutional Performance Award” से सम्मानित किया गया है।#DGPMP #MPPolice @passportsevamea pic.twitter.com/oz64QptRHM
तकनीक आधारित व्यवस्था का मिला लाभ
DGP का मानना है कि डिजिटल प्रक्रिया, ऑनलाइन सत्यापन प्रणाली, बेहतर समन्वय और जवाबदेह कार्यप्रणाली के कारण पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया पहले के मुकाबले अधिक तेज और प्रभावी हुई है. यही कारण है कि प्रदेश पुलिस ने न केवल समयबद्ध तरीके से सत्यापन कार्य पूरे किए, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान भी स्थापित की.
नागरिकों को मिल रहा सीधा लाभ
DGP कैलाश मकवाना के अनुसार पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया में तेजी आने से आम नागरिकों को पासपोर्ट जारी होने में कम समय लगता है. इससे विदेश यात्रा, शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवेदन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलती है. मध्यप्रदेश पुलिस की इस उपलब्धि को नागरिक सेवाओं में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें : Passport Seva: अब गांव-गांव पासपोर्ट बनवाना हुआ आसान, भोपाल में मोबाइल वैन का शुभारंभ, ऐसे ले सकते हैं लाभ
यह भी पढ़ें : कोरिया में पत्नी पर हैवानियत: मुंडन कर चेहरे पर पोती कालिख, जबरन पेशाब पिलाने का आरोप; पति गिरफ्तार
यह भी पढ़ें : आदिवासी vs वनवासी; राष्ट्रपति मुर्मू के बयान से सियासी पारा चढ़ा, MP में BJP व कांग्रेस आमने-सामने, ये है मामला
यह भी पढ़ें : राजस्थान में FIR के बाद बढ़ीं MP पुलिस अधिकारियों की मुश्किलें, निलंबन और विभागीय जांच की मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं