विज्ञापन

कविता, आलोचना और रंगमंच का संगम हैं व्योमेश शुक्ला, काशी में एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच पर आएंगे

काशी के नमो घाट पर 29-30 नवंबर को एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच का आयोजन किया जा रहा है. इस बार इस मंच पर बहुत सी विभूतियां शामिल होंगी, इनमें वाराणसी के साहित्यकार और कलाकार व्योमेश शुक्ला का नाम भी शामिल है. आइए जानते हैं उनके बारे में.

नई दिल्ली:

एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच का आयोजन इस बार दुनियाभर में काशी के नाम से मशहूर वाराणसी में 29-30 नवंबर को किया जाएगा. इसे 'जश्न बनारसिया' नाम दिया गया है. एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच रचनात्मकता, संस्कृति और संवाद का एक अनूठा मंच है. इस मंच पर कलाकारों, क्रिएटर्स, विचारकों और संस्कृति से जुड़ी विशिष्ट आवाजों को अपनी बात रखने का मौका मिलता है. इस बार वाराणसी के नमो घाट पर होने वाले इस आयोजन में शामिल होने वाले कलाकारों में लेखक व्योमेश शुक्ला का नाम भी शामिल है. 

कौन हैं व्योमेश शुक्ला

काशी वासी व्योमेश शुक्ला का जन्म 25 जून, 1980 को वाराणसी में हुआ हुआ था. व्योमेश की एमए तक की पढ़ाई वाराणसी में ही हुई है. व्योमेश बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं. वो कवि, आलोचक, अनुवादक और रंगमंच निर्देशक-कोरियोग्राफर के तौर पर काम करते हैं. उन्होंने अनुवाद के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण काम किया है. इसमें इराक पर अमेरिकी हमले के बारे अमेरिकी पत्रकार इलियट वाइनबर्गर की किताब 'व्हाट आई हर्ड अबाउट ईराक' का हिंदी अनुवाद भी शामिल है. उनके इस अनुवाद को हिंदी साहित्य की पत्रिका 'पहल' ने एक पुस्तिका के रूप में छापा था. उन्होंने महाश्वेता देवी और के सच्चिदानंदन जैसे भारतीय लेखकों के साथ-साथ नॉम चोमस्की, हार्वर्ड जिन, रेमंड विलियम्स, टेरी इगल्टन, एडवर्ड सईद जैसे विदेशी लेखकों की रचनाओं का भी अनुवाद किया है. 

ये भी पढ़ें: काशी के नमो घाट पर 'जश्न बनारसिया' में आएंगे गायक कैलाश खेर, कैसे शुरू हुआ उनके संगीत का सफर

व्योमेश शुक्ला का सफर

उनका पहला काव्य-संग्रह 'फिर भी कुछ लोग' 2009 में तो 'काजल लगाना भूलना' नाम का दूसरा काव्य संग्रह 2020 में छपा. 'कठिन का अखाड़ेबाज़ और अन्य निबंध' शीर्षक से व्योमेश का निबंध-संग्रह 2020 में प्रकाशित हुआ. व्योमेश शुक्ला को उनकी साहित्यिक रचनाओं के लिए 2008 में 'अंकुर मिश्र स्मृति पुरस्कार' और 2009 में 'भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार' से सम्मानित किया गया था. हिंदी कवि श्रीकांत वर्मा पर पुस्तक लिखने और शोध परियोजना के लिए उन्हें 2011 में 'रजा फाउंडेशन फेलोशिप' मिली थी. इसके अलावा संस्कृति-कर्म के लिए कोलकाता के भारतीय भाषा परिषद का 'जनकल्याण सम्मान' और नाटकों के निर्देशन के लिए संगीत नाटक अकादेमी का 'उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार' से भी सम्मानित किए जा चुके हैं. 

ये भी पढ़ें: पौराणिक कथाओं और रहस्यों की दुनिया रचने वाले अक्षत गुप्ता होंगे 'जश्न बनारसिया' में मेहमान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NDTVCreatorsManch2026, NDTV Creator Manch, Varanshi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com