एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच का आयोजन इस बार दुनियाभर में काशी के नाम से मशहूर वाराणसी में 29-30 नवंबर को किया जाएगा.इसे 'जश्न बनारसिया' नाम दिया गया है. एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच रचनात्मकता, संस्कृति और संवाद का एक अनूठा मंच है. इस मंच पर कलाकारों, क्रिएटर्स, विचारकों और संस्कृति से जुड़ी विशिष्ट आवाजों को अपनी बात रखने का मौका मिलता है. इस बार वाराणसी के नमो घाट पर होने वाले इस आयोजन में शामिल होने वाले कलाकारों में गायक कैलाश खेर का नाम भी शामिल है.
कौन हैं कैलाश खेर
देश का राजधानी दिल्ली के करीबी शहर मेरठ में पैदा हुए कैलाश खेर आज संगीत की दुनिया का एक जाना-पहचाना और मकबूल नाम हैं. सात जुलाई 1973 को पैदा हुए कैलाश ने 12 साल की उम्र में ही संगीत सीखना शुरू कर दिया था. कैलाश खेर भारतीय लोक संगीत और सूफी संगीत से प्रभावित हैं. उन्हें संगीत की दुनिया में आने की प्रेरणा पाकिस्तानी सूफी गायक रहे नुसरत फतेह अली खान से मिली थी.कैलाश खेर ने अब तक भोजपुरी, गुजराती, तेलुगू, तमिल, मराठी, राजस्थानी, मलयालम, कन्नड़, कोंकणी, सिंधी, पंजाबी, उड़िया और बंगाली जैसी 18 भाषाओं में गाने गाए हैं. संगीत के क्षेत्र में दिए उनके योगदान को देखते सरकार ने कैलाश खेर को 2017 में 'पद्म श्री' से सम्मानित किया था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैलाश खेर को 'स्वच्छ भारत अभियान' का ब्रांड अंबेसडर नामित किया था. इस अभियान के गीत 'स्वच्छ भारत का इरादा कर लिया हमने,देश से अपने ये वादा कर लिया हमने, स्वच्छता की ज्योति लेकर हम घर-घर जाएंगे, स्वच्छ रोशनी में सभी अब तो नहाएंगे.' को कैलाश खेर ने अपनी आवाज दी थी. इस गाने को लिखा था मशहूर गीतकार प्रसून जोशी ने.
कैसे मशहूर हुए कैलाश खेर
कैलाश खेर को प्रसिद्धि हिंदी फिल्म 'अंदाज' के गाने 'रब्बा इश्क ना होवे' से मिली. 'वैसा भी होता है-2' के गाने 'अल्लाह के बंदे' ने उन्हें और ऊंचाई दी. कैलाश खेर ने परेश कामथ और नरेश कामथ के साथ मिलकर 'कैलासा' नाम से अपने बैंड की शुरुआत की थी. इस बैंड में अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया समेत दुनिया के कई देशों में अपनी प्रस्तुतियां दी हैं. कैलासा ने अपना पहला एलबम भी 'कैलासा' के नाम से ही जारी किया था. इसके गाने देखते ही देखते लोगों की जुबान पर चढ़ गए थे,'तेरी दिवानी...' और 'बम बम लहरी...'.
ये भी पढ़ें: इस बार वाराणसी में सजेगा एनडीटीवी क्रिएटर्स मंच, नमो घाट पर 29-30 नबंवर को लगेगा सितारों का जमघट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं