- देश के 74 एयरपोर्ट्स पर CISF की तैनाती है, जिसमें लगभग 55 हजार जवान सुरक्षा में लगे हुए हैं
- एयरपोर्ट ऑपरेटरों ने CISF जवानों की संख्या कम कर निजी सुरक्षा गार्डों को बढ़ाने का सुझाव दिया है
- BCAS ने एयरपोर्ट को तीन श्रेणियों में बांटकर CISF की तैनाती घटाने का प्रस्ताव तैयार किया है
एयरपोर्ट पर अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों की तैनाती कम करने की तैयारी है. इनकी जगह निजी सुरक्षा एजेंसियों के गार्डों की संख्या बढ़ाई जाएगी. एयरपोर्ट ऑपरेटरों के इस प्रस्ताव पर संबंधित एजेंसियों और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के स्तर पर समीक्षा की गई है. सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में फैसला लिया जा चुका है और प्रस्ताव फिलहाल गृह मंत्रालय को भेजा गया है.
इस बदलाव के तहत एयरपोर्ट पर CISF की मौजूदा तैनाती में हजारों की संख्या में कटौती हो सकती है. सूत्रों के मुताबिक, कुछ बड़े एयरपोर्ट पर एक शिफ्ट में 50 से 60 तक सीआरएसएफ कर्मियों की संख्या कम की जा सकती है. हालांकि, कुल कितने जवानों की तैनाती घटाई जाएगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
74 एयरपोर्ट्स पर सीआईएसएफ की तैनाती
अधिकारिक जानकारी के अनुसार, देशभर में निजी और राष्ट्रीय एयरपोर्ट मिलाकर कुल संख्या 119 है, जिसमें से 74 हवाईअड्डों पर सीआईएसएफ की तैनाती है. करीब 2 लाख 20 हजार स्वीकृत पद सीआईएसएफ के देशभर में है जिनमें से मौजूदा समय में करीब 2 लाख सीआईएसएफ कर्मी सेवा में है. इसमें से 55 हजार सीआईएसएफ स्टॉफ एयरपोर्ट्स पर तैनात है.
एयरपोर्ट ऑपरेटरों ने की संख्या घटाने की मांग
जानकारी के मुताबिक, देशभर के एयरपोर्ट ऑपरेटरों ने CISF और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सामने सुरक्षा बल की तैनाती कम करने का सुझाव दिया था. एयरपोर्ट ऑपरेटरों का तर्क है कि सीआईएसएफ की बड़ी संख्या में तैनाती से उन पर वित्तीय बोझ बढ़ता है. केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती और उनके रखरखाव पर होने वाला खर्च काफी अधिक है. एयरपोर्ट ऑपरेटरों ने इसके पीछे कुछ और वजहें भी बताई हैं.
- एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या और आवाजाही के पैटर्न में बदलाव आया है.
- यात्रियों में जागरूकता बढ़ी है और वे एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच और अन्य प्रक्रियाओं को पहले के मुकाबले बेहतर तरीके से समझते हैं.
- एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और तकनीक में भी बदलाव आया है.
- CISF जैसे केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती का खर्च निजी सुरक्षा गार्डों के मुकाबले अधिक पड़ता है.
एयरपोर्ट ऑपरेटरों का मानना है कि सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखते हुए कुछ जिम्मेदारियां निजी सुरक्षा एजेंसियों को सौंपी जा सकती हैं. इससे एयरपोर्ट के संचालन पर पड़ने वाला वित्तीय बोझ कम होगा.
कैसे हुई CISF की तैनाती कम करने की तैयारी?
एयरपोर्ट ऑपरेटरों से प्रस्ताव मिलने के बाद सीआईएसएफ ने इस मामले की समीक्षा की. इसके बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय के स्तर पर एक समिति बनाई गई. इसमें CISF, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), एयरपोर्ट ऑपरेटरों और ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) के अधिकारी शामिल हुए. समिति में एयरपोर्ट की श्रेणी, यात्रियों की संख्या और सुरक्षा व्यवस्था की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए CISF की तैनाती की समीक्षा की गई. सूत्रों के मुताबिक, BCAS ने एयरपोर्ट को तीन श्रेणियों में बांटकर CISF की जरूरत का आकलन किया. इसके आधार पर नई मैनपावर व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार किया गया, जिसे मंत्रालय के स्तर पर आगे बढ़ाया गया है.
तीन श्रेणियों में बांटे गए एयरपोर्ट
ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) के आकलन के मुताबिक, एयरपोर्ट को यात्रियों की संख्या के आधार पर स्मॉल, मीडियम और मेजर कैटेगरी में बांटा गया है. प्रत्येक श्रेणी में CISF की एक शिफ्ट में तैनाती कम करने का प्रस्ताव है.
छोटे एयरपोर्ट: जिन एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या एक लाख से कम है, उन्हें स्मॉल कैटेगरी में रखा गया है. पहले एक शिफ्ट में करीब 100 CISF कर्मियों की तैनाती होती थी. अब इसे घटाकर करीब 70 करने का प्रस्ताव है. यानी एक शिफ्ट में लगभग 30 कर्मियों की कटौती होगी.
मीडियम एयरपोर्ट: जिन एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या एक लाख से ज्यादा और 10 लाख से कम है, उन्हें मीडियम कैटेगरी में रखा गया है. पहले एक शिफ्ट में करीब 120 से 150 CISF कर्मियों की तैनाती होती थी. अब इसे घटाकर करीब 80 से 100 करने का प्रस्ताव है. यानी एयरपोर्ट के आकार और जरूरत के हिसाब से जवानों की संख्या कम होगी.
बड़े एयरपोर्ट: जिन एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या 10 लाख से ज्यादा है, उन्हें मेजर कैटेगरी में रखा गया है. पहले एक शिफ्ट में करीब 170 से 200 CISF कर्मी तैनात रहते थे. अब इनकी संख्या घटाकर करीब 120 से 140 करने का प्रस्ताव है. यानी एक शिफ्ट में लगभग 50 से 60 कर्मियों की कमी हो सकती है.
प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड की नियुक्ति कौन करेगा?
सीआईएसएफ के जवानों की संख्या कम होने के बाद उनकी जगह निजी सुरक्षा एजेंसियों के गार्ड तैनात किए जाएंगे. इन गार्डों का चयन एयरपोर्ट ऑपरेटर खुद टेंडर प्रक्रिया के जरिए करेंगे. यानी एयरपोर्ट ऑपरेटर अपनी जरूरत के मुताबिक निजी सुरक्षा एजेंसी का चयन करेंगे और उसके जरिए गार्डों की नियुक्ति की जाएगी. हालांकि, निजी सुरक्षा गार्डों को सीधे एयरपोर्ट पर तैनात नहीं किया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक, तैनाती से पहले उन्हें बाकायदा ट्रेनिंग दी जाएगी. सीआईएसएफ के कुछ अधिकारी इस ट्रेनिंग प्रक्रिया का हिस्सा भी बन सकते हैं.
CISF की जगह प्राइवेट गार्ड आने से सुरक्षा पर उठेंगे सवाल
इस प्रस्ताव के सामने आने के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं. CISF को देश के प्रमुख और पेशेवर केंद्रीय सुरक्षा बलों में गिना जाता है. एयरपोर्ट की सुरक्षा में उसके जवानों को विशेष प्रशिक्षण और अनुभव हासिल है.वहीं, निजी सुरक्षा एजेंसियों के गार्डों की जवाबदेही, प्रशिक्षण और काम करने की व्यवस्था केंद्रीय सुरक्षा बल से अलग होती है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या निजी सुरक्षा गार्ड CISF के जवानों की तरह सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियां निभा पाएंगे? उनकी ट्रेनिंग किस स्तर की होगी और किसी सुरक्षा चूक की स्थिति में उनकी जवाबदेही कैसे तय होगी? हालांकि, प्रस्ताव के मुताबिक निजी गार्डों को प्रशिक्षण देने के बाद ही तैनात किया जाएगा. लेकिन उनकी जिम्मेदारियां क्या होंगी और CISF तथा निजी सुरक्षा एजेंसियों के बीच काम का बंटवारा कैसे होगा, यह स्पष्ट होना अभी बाकी है.
CISF के जवानों का क्या होगा?
केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती कम होने का मतलब यह नहीं है कि इन जवानों की सेवाएं समाप्त हो जाएंगी. सूत्रों के मुताबिक, एयरपोर्ट से हटाए जाने वाले कर्मियों को वापस उनके मूल कैडर में भेजा जाएगा. इसके बाद बल उन्हें उन दूसरी यूनिटों में तैनात कर सकेगा, जहां जवानों की जरूरत होगी. सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य रैंकों के कर्मियों की संख्या में भी कटौती की योजना है. सूत्रों के मुताबिक, ग्रुप- 'ए' के अधिकारियों, जिनमें असिस्टेंट कमांडेंट स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं, की संख्या में भी करीब 100 की कमी की गई है. हालांकि, इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं.
दिल्ली एयरपोर्ट पर सबसे ज्यादा सीआईएसएफ की तैनाती
देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट में शामिल दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की बड़ी संख्या में तैनाती है. सूत्रों के मुताबिक, यहां सीआईएसएफ की स्वीकृत स्ट्रेंथ करीब 6,000 से 6,500 कर्मियों की बताई जाती है. हालांकि, वर्तमान में वास्तव में कितने जवान तैनात हैं, इसका आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है. आने वाले समय में अगर एयरपोर्ट का विस्तार होता है, यात्रियों की संख्या बढ़ती है या सुरक्षा से जुड़ी जरूरतें बदलती हैं, तो सीआईएसएफ की तैनाती भी उसी हिसाब से बढ़ाई जा सकती है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस मिला अमेरिकी महिला का खोया AirPods, बोली- US में ये कभी नहीं मिलता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं