उत्तर प्रदेश के कानपुर में एनडीटीवी ने एक विशेष कॉन्क्लेव 'कृषि से समृद्धि' आयोजित किया है. अर्थव्यवस्था की रीढ़ कहे जाने वाले किसानों की तरक्की, हाईटेक खेती और एग्री-बिजनेस को नई दिशा देने के लिए आयोजित इस सेमिनार में निषाद पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद भी शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के किसानों और निषाद समाज के लिए किए जा रहे कामों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि योगी सरकार में प्रदेश में समृद्धि आई है.
संजय निषाद ने कहा कि निषाद समाज नदियों के किनारे रहता रहा है. इन लोगों की अंग्रेजों से लड़ाई हुई थी. इसी कानपुर के बिठुर में अंग्रेजों को निषादों ने डुबाकर मारा था. यहां 20 किलोमीटर तक के इलाके को कत्लेआम घाट कहा जाता है. भले ही निषाद समाज गरीब है, लेकिन वफादार है. वे देश के लिए लड़ते हैं. फिर इन्हीं अंग्रेजों ने निषादों को आपराधिक जाति घोषित कर दिया.

उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने नीली क्रांति के तहत मत्स्य क्रांति योजना को बढ़ावा दिया. इससे निषाद समाज को काफी फायदा मिल रहा है. मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना में हमने 270 निषादों को सब्सिडी दी. कभी यह समाज पैसों के लिए तरसता था, लेकिन अब नदी, नाले और पोखरों को पट्टों पर दिया गया है. निषाद राज बोट योजना शुरू की गई है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश मत्स्य पालन कल्याण बोर्ड बनाया गया है. ऐसा करने वाला यूपी पहला राज्य है.
निषाद पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि अंग्रेजों ने हमें पढ़ने नहीं दिया. हम 750 साल तक मुगलों से लड़े और फिर 200 साल तक अंग्रेजों से लड़े. अब हम कह रहे हैं कि इनके लिए पढ़ने की व्यवस्था की जाए.

बता दें कि 'कृषि से समृद्धि' कॉन्क्लेव में खेत-खलिहान से लेकर प्रशासनिक गलियारों, आईआईटी के रिसर्च लैब और फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री के दिग्गज एक मंच पर जुट रहे हैं. कार्यक्रम में दिनभर न केवल सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी जा रही है, बल्कि इस पर मंथन हो रहा है कि कैसे आधुनिक तकनीक के जरिए किसान अपनी आय को कई गुना बढ़ा सकते हैं. इसमें उत्तर प्रदेश में कृषि अर्थव्यवस्था, उत्पादकता, ओडीओपी और निर्यात से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है.
इसे भी पढ़ें: CM बनना है तो निषाद समाज का बेटा बने... यूपी को बांटने वाले बयान पर ओपी राजभर और संजय निषाद आमने-सामने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं