विज्ञापन

गांव में बैठी अनपढ़ महिला भी AI से ऐसे मांग सकती है अपने सवालों का जवाब, अंग्रेजी की भी जरूरत नहीं

लगता है कि AI हर मर्ज की दवा है, लेकिन ऐसा है नहीं. क्यों कि मशीन गलत भी हो सकती है. यह हर बोली और लहजा अभी ठीक से नहीं समझती. किसान ई-मित्र जैसे सरकारी चैटबॉट में भी तकनीकी दिक्कतें सामने आई हैं. इसलिए किसी जरूरी फैसले से पहले जवाब को बेरिफाई जरूर करें.

गांव में बैठी अनपढ़ महिला भी AI से ऐसे मांग सकती है अपने सवालों का जवाब, अंग्रेजी की भी जरूरत नहीं
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के फायदे और नुकसान
AI ग्राफिक इमेज
  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने अनपढ़ और कम पढ़े-लिखे लोगों का जीवन भी आसान बना दिया है
  • AI स्मार्टफोन और ऐप्स के माध्यम से बिना इंटरनेट और अंग्रेजी ज्ञान के भी समस्याओं का समाधान करता है
  • Google का Gemini अब भोजपुरी और मैथिली सहित कई भारतीय भाषाओं में बोलकर संवाद करने की सुविधा देता है

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने आजकल लोगों का जीवन बहुत आसान कर दिया है. क्या डॉक्टर, क्या वकील और क्या सलाहकार, जिसकी भी जरूरत हो सब फोन में ही हाजिर हो जाते हैं. मतलब यह कि बीमारी हो तो डॉक्टर की सलाह, कोर्ट का नोटिस आए तो वकील की राय और खेती से  लेकर ट्रेन के टिकट तक हर काम के लिए एक सलाहकार तक ये सब आज हमारे फोन में हैं. इसके लिए न पढ़ाई की शर्त, न अंग्रेजी की अड़चन आड़े आती है. लेकिन जरा थमिए, तकनीक के इस दौर में सावधान करने की भी बहुत जरूरत है. एआई पर आठ किताबें लिखने वाले डॉ. मनीष रंजन ने बताया कि एआई का इस्तेमाल जीवन को जितना आसान बना रहा है उतना ही खतरनाक कैसे है. 

अनपढ़ लोगों का जीवन AI ने बनाया आसान

डॉ. मनीष रंजन  ने बताया कि जब वह पाकुड़ में जिला कलेक्टर थे तब एक दिन बिना बताए वह एक प्रखंड कार्यालय पहुंच गए. वहां एक आदमी लोगों की अर्जियां लिख रहा था. लंबी कतार में लगा कोई शख्स पेंशन का फॉर्म भरवा रहा था, कोई राशन कार्ड की अर्जी लिखवा रहा था. हर एक कागज के 50 से 100 रुपये लिए जा रहे थे.दरअसल उनमें से ज्यादातर लोग तो पढ़ना और लिखना ही नहीं जानते थे. लेकिन एक सवाल था कि क्या अपने हक के लिए भी पैसे देना सही है.

आज एक साधारण सा स्मार्टफोन वही काम कर सकता है. कई काम तो बिना इंटरनेट वाले सादा फोन से भी हो जाते हैं, इसके लिए अंग्रेजी जानने की भी जरूरत नहीं. बस बोलिए और समाधान सामने. AI के इस पहलू की चर्चा सबसे कम होती है. बस फोन का कैमरा किसी चिट्ठी, बैंक के नोटिस या बिजली के बिल पर रखिए और हिंदी में पूछिए, "इसमें क्या लिखा है, आसान भाषा में बताओ." Google की 'सर्च लाइव' जैसी सुविधा कैमरे से देखकर बोलकर जवाब देती है. कंपनी का कहना है कि उसका Gemini अब भोजपुरी और मैथिली समेत 25 से ज्यादा भारतीय भाषाओं और बोलियों में बात कर सकता है.

बोलकर AI से पूछिए सवालों के जवाब

Google के मुताबिक,  बोलकर और फोटो दिखाकर जवाब जानने वाले दुनिया में सबसे ज्यादा लोग भारत में है.  2024 में ही कंपनी ने बताया था कि भारतीय भाषाओं में Gemini इस्तेमाल करने वाले 40 फीसदी से ज्यादा लोग बोलकर बात करते हैं. तकनीक के इस खेल के बीच ये समझना बहुत जरूरी है कि AI न तो खुद डॉक्टर है और न ही वकील. लेकिन वह कागज पढ़कर समझा सकता है और सवालों के जवाब दे सकता है. वह आपको आपकी भाषा में असली डॉक्टर, वकील या सरकारी सलाहकार तक पहुंचा सकता है, वह भी आपकी बोली में.

AI से कहां सावधान रहने की जरूरत?

इतने सारे कामों के बारे में सुनकर ऐसा लगता है कि AI हर मर्ज की दवा है, लेकिन ऐसा है नहीं. क्यों कि मशीन गलत भी हो सकती है. यह हर बोली और लहजा अभी ठीक से नहीं समझती. किसान ई-मित्र जैसे सरकारी चैटबॉट में भी तकनीकी दिक्कतें सामने आई हैं. इसलिए किसी जरूरी फैसले से पहले जवाब को सरकारी दफ्तर, बैंक या किसी जानकार से एक बार पक्का कर लेना जरूरी है. वहीं OTP, UPI पिन और बैंक खाते का ब्योरा किसी अनजान ऐप या कॉल को नहीं देनी चाहिए. अगर आपसे ये जानकारी मांगी जाए तो खतरा भांपना जरूरी है. यह किसी की नकल आसानी से कर सकती है.

 साइबर सुरक्षा कंपनी McAfee के 2023 के एक सर्वे के मुताबिक, किसी की आवाज की नकल के लिए सिर्फ तीन सेकंड की रिकॉर्डिंग काफी है. सर्वे में 69 फीसदी भारतीयों ने ये माना कि वे असली और AI से बनी आवाज में फर्क नहीं कर पाते, वहीं 47 फीसदी लोग तो ऐसी ठगी खुद या तो झेल चुके हैं या ऐसे किसी शख्स को जानते हैं.

AI को समझने के लिए बड़ी डिग्री की जरूरत नहीं

डॉ. मनीष ने कहा कि लाखों महिलाओं को शायद आज भी नहीं पता है कि उनकी जेब में एक डॉक्टर, एक वकील और एक सलाहकार बैठा है, जो उनकी बोली में बात करता है. उन्होंने कहा कि AI को समझने के लिए बड़ी डिग्री की जरूरत नहीं.जो लोग पढ़ नहीं सकते वो बोलकर सवाल पूछ सकते हैं. ज्ञान पर अब किसी का ताला नहीं है, उसकी चाबी आज हमारी जेब में है.  बता दें कि ये सब बताने वाले डॉ. मनीष रंजन भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आठ किताबें लिख चुके हैं. वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और यूसी बर्कले के पूर्व छात्र हैं. उनको प्रधानमंत्री पुरस्कार और राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार मिल चुका है.  2025 में उन्हें भारत के 'टॉप 25 चेंजमेकर्स' में चुना गया. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
AI, Artificial Intellegence AI, AI Use In Agriculture Sector, Smart Phone, AI Scam Alert
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com