- नासिक के TCS मामले में आरोपी निदा खान को पुलिस हिरासत के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
- निदा खान पर TCS कर्मचारियों को धर्मांतरण और ब्रेनवॉश करने का आरोप पुलिस ने लगाया है.
- मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट की सुनवाई बंद कमरे में हुई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी.
नासिक के चर्चित TCS मामले में आरोपी निदा खान को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद सोमवार को निदा खान को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में कोर्ट में पेश किया गया था, जहां सुनवाई के बाद यह आदेश जारी किया गया. छत्रपति संभाजीनगर नगर पुलिस और नासिक क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार किया था.
निदा खान को आज चार दिनों की पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच नाशिक रोड कोर्ट में पेश किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुबह से ही भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था. मामले की संवेदनशीलता के मद्देनजर इस मामले की कार्यवाही 'इन-कैमरा' बंद कमरे में पूरी की गई. इसके बाद निदा खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
निदा खान पर हैं ये आरोप
निदा खान पर TCS कंपनी में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों को कथित तौर पर धर्मांतरण के लिए उकसाने और ब्रेनवॉश करने का आरोप निदा खान पर लगा है. पुलिस अब इस मामले के अन्य तकनीकी पहलुओं और संपर्कों की जांच कर रही है.
एसआईटी जांच में आरोप है कि निदा खान पीड़िता को अपने घर ले जाती थी. इस दौरान उसे जबरन नमाज पढ़ना, हिजाब और बुर्का पहनना सिखाया जाता था. पुलिस का कहना था कि आरोपी ‘मालेगांव पार्टी' के जरिए पीड़िता का नाम बदलवाने की योजना बना रहे थे.
मामले में 9 FIR, 9 आरोपी
26 मार्च को नासिक के देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि जुलाई 2022 से उसे शादी का झूठा वादा कर धोखे में रखा गया. इस केस में निदा खान को तीसरे आरोपी के तौर पर नामजद किया गया. पुलिस के मुताबिक, टीसीएस ऑफिस में धर्म परिवर्तन के प्रयास, यौन उत्पीड़न और कार्यस्थल पर धार्मिक उत्पीड़न के आरोपों से संबंधित नौ एफआईआर दर्ज की गई हैं. इसमें कुल 9 आरोपी हैं, जिसमें 7 पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं