विज्ञापन

मुजफ्फरपुर में दौड़ती बस बनी आग का गोला, जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदे 50 यात्री

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

बिहार में चलती बस में भीषण आग लग गई.
  • बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सीतामढ़ी से आ रही बस में अचानक आग लग गई जिससे यात्री घबराए और बाहर निकलने लगे
  • बस में सवार करीब पैंतालीस से पचास यात्रियों को चालक और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया
  • घटना रामपुर हरि थाना क्षेत्र में हुई जहां पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर त्वरित राहत कार्य शुरू किया

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी मुख्य मार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते बस धुएं और लपटों की चपेट में आ गई. घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलने लगे.

बस में सवार थे 45 से 50 यात्री

जानकारी के अनुसार घटना रामपुर हरि थाना क्षेत्र में हुई. सीतामढ़ी से मुजफ्फरपुर आ रही बस थाना क्षेत्र के पास पहुंची ही थी कि उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा. कुछ ही देर में हालात इतने बिगड़ गए कि पूरी बस आग की चपेट में आ गई. उस समय बस में करीब 45 से 50 यात्री सवार थे.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस चालक, स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया. यात्रियों को तेजी से बस से बाहर निकाला गया. कई यात्रियों ने खिड़कियों के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.

पुलिस और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग काफी तेजी से फैली थी. यदि कुछ मिनट और देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

जांच में जुटी पुलिस

रामपुर हरि थाना प्रभारी ने बताया कि सीतामढ़ी से मुजफ्फरपुर की ओर आ रही बस में अचानक धुआं उठने लगा था. बस में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. फिलहाल सभी लोग सुरक्षित हैं. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

वहीं बस में आग लगने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग भयभीत हैं. गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया.

यह भी पढ़ें | बेगूसराय में मोबाइल के पैसे मांगने पर 11वीं के छात्र की हत्या; घर से बुलाकर बदमाशों ने मारी गोली, दोस्त गंभीर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Muzaffarpur News, Bihar News, Police Action
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com