- बेगूसराय में सनसनी, मोबाइल फोन विवाद में छात्र की गोली मारकर हत्या
- घर से दोस्त बुलाकर ले गया, कुछ देर बाद छात्र की मिली लाश
- बेखौफ बदमाशों ने ली छात्र की जान, दूसरा युवक अस्पताल में भर्ती
बिहार के बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए 11वीं कक्षा के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी. फुलवरिया थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. परिजनों का आरोप है कि मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री और पैसों के विवाद को लेकर छात्र को पहले घर से बुलाया गया और फिर गोली मार दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव है और पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
घर से बुलाकर ले गए, फिर मारी गोली
घटना फुलवरिया थाना क्षेत्र के निपानियां मधुरापुर इलाके की है. मृतक की पहचान निपानियां गांव निवासी अमित सिंह के पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक की पहचान बरौनी फ्लैग रसलपुर निवासी सतीश कुमार के रूप में हुई है.
गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटनास्थल से घायल सतीश कुमार को एक युवक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसका इलाज शुरू कराया गया. इसी बीच सूचना मिलने पर फुलवरिया थाना पुलिस मौके की ओर रवाना हुई. रास्ते में स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल आदित्य कुमार को ठेले पर लेकर बरौनी की ओर जा रहे थे. रेलवे ढाला के पास पुलिस ने उसे अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्य के सीने में गोली लगी थी, जबकि सतीश के पेट में गोली लगने की बात सामने आई है.
मोबाइल के पैसों को लेकर विवाद का आरोप, अस्पताल पहुंचाने वाला युवक भी फरार
मृतक के चाचा राजाराम सिंह ने बताया कि आदित्य दो भाइयों में बड़ा था और 11वीं कक्षा का छात्र था. परिजनों के अनुसार आदित्य ने दो दिन पहले एक युवक को मोबाइल फोन बेचा था. बाद में वह युवक मोबाइल लौटाकर अपने पैसे वापस मांग रहा था. इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में तनाव पैदा हो गया था.
सूत्रों के अनुसार सतीश कुमार को अस्पताल पहुंचाने वाला युवक पुलिस के पहुंचने से पहले वहां से फरार हो गया. पुलिस अब उसकी पहचान और भूमिका की भी जांच कर रही है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी मनीष, डीएसपी और फुलवरिया थाना सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें : गैंगरेप पीड़िता ने केस वापस नहीं लिया तो छत से फेंका; हालत नाजुक, एक आरोपी गिरफ्तार, बेगूसराय की घटना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं