बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी के मामले में मुंबई पुलिस अब उस मोटरसाइकिल की जांच कर रही है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था. पुलिस के मुताबिक यह बाइक 11 सितंबर को खरीदी गई थी और गोलीबारी के अगले दिन अंधेरी वेस्ट इलाके से बरामद हुई. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बाइक खास तौर पर हमले को अंजाम देने के लिए खरीदी गई थी या फिर पहले से इलाके की रेकी के लिए इस्तेमाल की जा रही थी.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल ऋतिक उर्फ रोशन बाइक चला रहा था. शुरुआती जांच में बरामद वाहन बजाज पल्सर 220 बताया जा रहा है. वहीं रेहान और फूल सिंह पर फायरिंग करने का आरोप है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बाइक का इंतजाम किसने किया, गोली चलाने का आदेश किसने दिया और क्या इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था.
नाबालिग होने की खबरों का पुलिस ने किया खंडन
मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में गिरफ्तार सभी तीनों आरोपी बालिग हैं. DCP राज तिलक रौशन के मुताबिक एक आरोपी की उम्र 18 वर्ष है, जबकि अन्य दो आरोपियों की उम्र 22-22 वर्ष है. इस तरह पुलिस ने उन खबरों को खारिज कर दिया जिनमें एक आरोपी के नाबालिग होने का दावा किया गया था.
कोटा रेलवे स्टेशन से दबोचे गए आरोपी
जुहू में हुई गोलीबारी के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संदिग्ध पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे हैं. इसके बाद सोमवार सुबह राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के अनुसार, तीनों आरोपी ट्रेन के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे. ट्रेन सुबह 10:17 बजे कोटा स्टेशन पहुंची और करीब 15 मिनट के ऑपरेशन में उन्हें हिरासत में ले लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक उर्फ रोशन, हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान और हरियाणा के ही रहने वाले फूल सिंह के रूप में हुई है.
20 विशेष टीमों ने चलाया ऑपरेशन
मुंबई पुलिस ने बताया कि इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच की करीब 20 विशेष टीमें बनाई गई थीं। जांच के दौरान अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास से संदिग्ध बाइक बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन और मूवमेंट को ट्रैक किया.
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले मुंबई के उत्तरी इलाकों में घूमते रहे और फिर सूरत की ओर निकल गए. बाद में पुलिस को जानकारी मिली कि तीनों पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में सवार हैं, जिसके बाद कोटा में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले तीनों बालिग, लॉरेंस बिश्नोई की कस्टडी पर भी बोले मुंबई के DCP
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं