विज्ञापन

बॉलीवुड एक्टर रोहुल्लाह मेहदी ड्रग्स केस में गिरफ्तार, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में बिछाया था जाल

पुलिस अब कथित ड्रग नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मेहदी ने किसे ड्रग्स सप्लाई किया होगा.

बॉलीवुड एक्टर रोहुल्लाह मेहदी ड्रग्स केस में गिरफ्तार, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में बिछाया था जाल
रोहुल्लाह मेहदी को कथित ड्रग केस में गिरफ्तार किया गया.
NDTV
मुंबई:

मायानगरी मुंबई में बॉलीवुड-ड्रग्स कनेक्शन सामने आया है. अभिनेता रोहुल्लाह मेहंदी को ड्रग्स मामले में फिल्म सेट से गिरफ्तार किया गया है. मीरा रोड में काशीमीरा पुलिस ने NDPS मामले में कार्रवाई करते हुए 28 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है. इसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है. इस जब्ती के साथ ही पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस की ओर से दर्ज FIR 437/2026 में अभिनेता और मॉडल रोहुल्लाह मेहदी डार उर्फ रोहू का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया है. इस पूरी कार्रवाई की जानकारी काशीमीरा पुलिस स्टेशन की अपराध शाखा के अधिकारी संजय लोखंडे ने दी. पुलिस के अनुसार, उन्हें एक खुफिया जानकारी मिली थी कि Snapchat, WhatsApp और अन्य सोशल मीडिया ऐप्स का इस्तेमाल करके एमडी ड्रग्स की धड़ल्ले से बिक्री की जा रही है. 

इस जानकारी को पुख्ता करने के बाद, पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक के जरिए तस्करों को पकड़ने का जाल बिछाया.

अभिनेता का नाम कैसे आया सामने?

ऑपरेशन के तहत, 28 ग्राम एमडी ड्रग्स की डिलीवरी के लिए कासिफ नाम के एक व्यक्ति को दहिसर चेक नाका इलाके में स्थित ठाकुर मॉल के पास बुलाया गया. पुलिस ने मौके पर ही कासिफ को रंगे हाथों पकड़ लिया. हिरासत में लेकर की गई कड़ी पूछताछ में कासिफ ने अभिनेता रोहुल्लाह मेहदी का नाम उगल दिया.

कासिफ से मिली जानकारी के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, काशीमीरा पुलिस ने मलाड स्थित एक स्टूडियो के बाहर से रोहुल्लाह मेहदी को उस वक्त गिरफ्तार कर लिया, जब वह वहां शूटिंग कर रहा था. 

पुलिस की जानकारी के मुताबिक, रोहुल्लाह मेहदी मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले का रहने वाला है और वर्तमान में मुंबई के गोरेगांव इलाके में रह रहा था.

रोहुल्लाह मेहदी ने बॉलीवुड स्टार शाहिद कपूर के साथ फिल्म 'देवा' में काम किया है. इसके अलावा वह कई वेब सीरीज में भी नजर आ चुका है. 

फिल्म इंडस्ट्री में ड्रग्स कनेक्शन की हो रही जांच 

एक अभिनेता की गिरफ्तारी के बाद अब काशीमीरा पुलिस की जांच का दायरा फिल्म इंडस्ट्री में फैले ड्रग्स के कथित नेटवर्क की तरफ भी मुड़ गया है.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी मेहंदी को अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. 

पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि मेहदी ने अब तक किन-किन लोगों को ड्रग्स सप्लाई की है? इस पूरे सिंडिकेट के पीछे कौन सा बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है? क्या फिल्म इंडस्ट्री के अन्य कलाकारों या हस्तियों तक भी ड्रग्स पहुंचाए गए हैं?

इस मामले में फिलहाल दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, ड्रग्स सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आने की पूरी संभावना है. यह कार्रवाई डीसीपी जोन-1 राहुल चव्हाण के मार्गदर्शन में काशीमीरा पुलिस की टीम की तरफ से सफलतापूर्वक अंजाम दी गई है.

(इरफान सैयद के इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bollywood, Drugs Syndicate
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com