विज्ञापन

एक विवाह ऐसा भी! 75 साल के कन्हैया और 63 की सबीना की वृद्धाश्रम में शादी, परिवार से छूटे तो आए साथ

उम्र के इस पड़ाव पर जहां अक्सर लोग अकेलेपन से जूझते हैं वहीं हिमाचल के एक वृद्धाश्रम में 75 वर्षीय कन्हैया और 63 वर्षीय सबीना ने शादी कर नई जिंदगी की शुरुआत की. उनकी प्रेम कहानी अब लोगों का दिल जीत रही है.

हिमाचल प्रदेश के वृद्धाश्रम में एक ऐसी शादी हुई, जिसने समाज में पैमाने को गलत साबित कर दिया.
  • बिलासपुर के अपना घर वृद्धाश्रम में 75 वर्षीय कन्हैया और 63 वर्षीय सबीना ने शादी कर साथ बिताने का फैसला किया
  • दोनों को परिवारों से सहारा नहीं मिला और परिस्थितियों के चलते वृद्धाश्रम में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा
  • सबीना पश्चिम बंगाल से हैं और रास्ता भटककर पुलिस के जरिए वृद्धाश्रम पहुंची जबकि कन्हैया मंडी के निवासी हैं

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित 'अपना घर' वृद्धाश्रम में एक ऐसी शादी हुई जिसने उम्र, समाज और परिस्थितियों से जुड़े कई पुराने विचारों को पीछे छोड़ दिया. 75 वर्षीय कन्हैया और 63 वर्षीय सबीना ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन के बचे हुए सफर को साथ बिताने का फैसला किया. दोनों की शादी की तस्वीरें और कहानी अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं.

दोनों की जिंदगी में एक समय ऐसा आया जब उन्हें अपने परिवारों से वह अपनापन और सहारा नहीं मिला जिसकी उन्हें उम्मीद थी. परिस्थितियों ने उन्हें वृद्धाश्रम तक पहुंचा दिया लेकिन यहीं उनकी मुलाकात हुई और धीरे-धीरे बातचीत दोस्ती में बदल गई. समय के साथ दोनों ने महसूस किया कि वे एक-दूसरे का सहारा बन सकते हैं.

अलग-अलग राज्यों से बिलासपुर तक का सफर

सबीना मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता की रहने वाली हैं. बताया जाता है कि रास्ता भटककर वह शिमला के मशोबरा पहुंच गई थीं. इसके बाद पुलिस ने उन्हें नारी निकेतन भेजा और वर्ष 2025 में उन्हें बिलासपुर के 'अपना घर' वृद्धाश्रम में शिफ्ट कर दिया गया.

वहीं कन्हैया हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग के निवासी हैं. पत्नी के निधन के बाद वह पूरी तरह अकेले पड़ गए थे. नि:संतान होने के कारण उन्होंने अपनी जमीन भाइयों के नाम कर दी लेकिन बाद में उन्हें घर से ही अलग कर दिया गया. मानसिक तनाव और संघर्ष के बीच आखिरकार उन्हें वृद्धाश्रम का सहारा लेना पड़ा.

कोर्ट मैरिज से लेकर सात फेरों तक निभीं सभी रस्में

दोनों की सहमति मिलने के बाद बिलासपुर न्यायालय में विवाह की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. इसके साथ ही शादी को पूरी तरह पारंपरिक रूप भी दिया गया. हल्दी, मेहंदी, वरमाला और सात फेरों समेत सभी प्रमुख रस्में खुशी और उत्साह के साथ संपन्न हुईं.

उपायुक्त ने दिया आशीर्वाद

शादी समारोह में बिलासपुर की उपायुक्त किरण भड़ाना भी पहुंचीं. उन्होंने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और स्वस्थ जीवन की कामना की. वृद्धाश्रम के संचालक एडवोकेट प्रकाश चंद बंसल समेत कई सदस्य भी इस खास मौके के गवाह बने. विवाह के बाद दोनों को नालागढ़ स्थित वृद्धाश्रम में शिफ्ट किए जाने की तैयारी की गई है, जहां वे अपने जीवन की नई शुरुआत करेंगे.

यह भी पढ़ें | जर्मनी में मिला प्यार, हिमाचल में हुई शादी, इंग्लैंड के दूल्हे ने पालकी में बैठकर निभाई हिंदू परंपरा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Himachal Pradesh, Bilaspur News, Old Age Home
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com