विज्ञापन

ट्रंप के रक्षा मंत्री की जाएगी कुर्सी? ईरान जंग ने दिलाई चुनावी हार, अब पीट हेगसेथ पर ठीकरा फोड़ने की तैयारी

अमेरिका में मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने भी माना है कि पार्टी को ईरान के साथ युद्ध का खामियाजा भुगतना पड़ा है. इससे पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी ये बात कही थी. ऐसा लगता है कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर ठीकरा फोड़ने की तैयारी है.

ट्रंप के रक्षा मंत्री की जाएगी कुर्सी? ईरान जंग ने दिलाई चुनावी हार, अब पीट हेगसेथ पर ठीकरा फोड़ने की तैयारी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सपोर्ट के बावजूद पीट हेगसेथ की छुट्टी हो सकती है (फोटो- AFP)

अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की भद्द पिट गई है और संसद के दोनों सदनों पर विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी का कब्जा हो गया है. राष्ट्रपति ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से लेकर पार्टी के आम कार्यकर्ता तक बोल रहे हैं कि ईरान जंग ने चुनाव में यह हालत करवाई है. अब ऐसा लग रहा है कि पार्टी को चुनावों में जो हार मिली है, उसका ठीकरा रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर फोड़ा जा सकता है. यह तब हो रहा है जब डोनाल्ड ट्रंप ने अपने रक्षा मंत्री का खुलकर समर्थन किया है, यहां तक कि उन्हें 'युद्ध का चैंपियन' तक बता दिया है.

पेंटागन के एक पूर्व वरिष्ठ अधिकारी ने CNN को बताया है कि ईरान जंग मुख्य रूप से 'डिपार्टमेंट ऑफ वॉर' के नेतृत्व वाला प्रयास रहा है, क्योंकि आपने विदेश नीति के एक मामले को सुलझाने के लिए सैन्य कार्रवाई करने का विकल्प चुना. व्हाइट हाउस के करीबी एक रिपब्लिकन ने CNN को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "अगर राष्ट्रपति चाहते हैं कि कोई इसकी जिम्मेदारी ले, तो वह पीट हेगसेथ हैं. शुरुआत से ही, टाइमलाइन, लक्ष्यों और उद्देश्यों को लेकर पीट हेगसेथ या तो बेईमान रहे हैं या फिर उन्होंने गलत जानकारी दी है. इनमें से कोई भी बात स्वीकार्य नहीं है."

हारने के बाद सब मान रहे- ईरान जंग सबसे बड़ी वजह

नतीजे आने के बाद बुधवार को उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने खुलकर सवाल उठाया कि क्या ईरान से जंग का फैसला सही था. उन्होंने कहा कि इसी वजह से रिपब्लिकन पार्टी का कांग्रेस (संसद) पर से नियंत्रण खत्म हो गया. केंटकी से रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने हेगसेथ के खिलाफ पहले ही महाभियोग के आठ आरोप दायर कर दिए हैं, और वे जल्द ही हाउस में महाभियोग पर वोटिंग कराने की योजना बना रहे हैं.

वैसे ट्रंप ने बार-बार हेगसेथ का बचाव किया है और बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए जब उनसे पूछा गया कि क्या वे हेगसेथ को हटाने के बारे में सोच रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि नहीं, मुझे लगता है कि वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. वहीं पेंटागन की प्रेस सचिव किंग्सले विल्सन ने बुधवार को यूएसए टुडे को दिए एक बयान में कहा: "पूरा विभाग सचिव के नजरिए के साथ एकजुट है और हमारे जवानों और अमेरिका को पहले रखने के लिए काम करता रहेगा."

ट्रंप ने हेगसेथ को इस अलोकप्रिय जंग का एक अहम समर्थक बताया है, उन्होंने 23 मार्च को कहा था, "पीट, मुझे लगता है कि सबसे पहले तुमने ही आवाज उठाई थी, और तुमने कहा था: 'चलो करते हैं, क्योंकि तुम उन्हें परमाणु हथियार नहीं बनाने दे सकते."

क्या सरकार न भी हटाए तो हेगसेथ का हिसाब होगा?

हेगसेथ अमेरिकी राजनीति में एक विवादित शख्स रहे हैं और उन्होंने अपनी ही रिपब्लिकन पार्टी में भी दुश्मन बना लिए हैं. रिपब्लिकन अमेरिकी सीनेटर थॉम टिलिस ने मंगलवार रात सीबीएस न्यूज को बताया कि हिगसेथ का "हिसाब" होने वाला है और सांसदों के साथ उनके खराब रिश्ते कांग्रेस में ट्रंप सरकार के 1.5 ट्रिलियन डॉलर के रक्षा खर्च वाले पैकेज को आगे बढ़ाने में रुकावट बन रहे हैं.

मिडटर्म के नतीजे आते समय टिलिस ने कहा, "मुझे लगता है कि चुनाव के बाद हमें ये तय करना होगा कि क्या वे ही सबसे सही व्यक्ति हैं जो इन जरूरतों को कांग्रेस तक पहुंचाएं, अगर वे इस कांग्रेस के खत्म होने से पहले कुछ करवाना चाहते हैं, जिसमें अब सिर्फ 60 दिन बचे हैं."

विपक्षी डेमोक्रेट्स ने भी हेगसेथ और पेंटागन को संभालने के उनके तरीके की जांच करने का वादा किया है, और सहयोगियों का कहना है कि इसमें ईरान जंग को संभालने के उनके तरीके से लेकर शीर्ष सैन्य अधिकारियों को हटाने तक सब कुछ शामिल हो सकता है, जिनमें जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष भी शामिल हैं.

यह भी पढ़ें | ईरान युद्ध ने हरा दिया चुनाव, जेडी वेंस के बाद अब ट्रंप ने भी माना, बोले- ये सच है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Us Midterm Election Result, US Midterm Election 2026, Donald Trump, US Iran War
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com