मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से मां की ममता का खौफनाक अंजाम सामने आया है. यहां के करन पठार थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरई चौकी के गिजरी पंचायत के अमोदा गांव में एक युवक ने डंडे से हमला कर अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस जांच में जो सबसे हैरान करने वाली बात सामने आई है, वह यह है कि आरोपी को ग्रामीणों ने बांधकर रखा था, लेकिन उसकी सगी मां अनूपिया बाई ने सुबह अपने बेटे को बंधा देख उसकी रस्सियां खोल दी थीं. रस्सी खुलते ही आजाद हुए 32 वर्षीय आरोपी प्रेम सिंह गोंड ने उसी मां को सबसे पहले अपना निशाना बनाया और डंडे से पीट-पीटकर उसकी व अपने नाना-नानी की हत्या कर दी.
रस्सी खुलते ही डंडा उठाकर मचाया कत्लेआम
जैसे ही मां अनूपिया बाई ने आरोपी प्रेम सिंह की रस्सियां खोलीं, उसके सिर पर खून सवार हो गया. उसने बिना कोई वक्त गंवाए घर में रखा भारी-भरकम डंडा उठा लिया और अपने ही परिवार के लोगों पर जंगली जानवरों की तरह टूट पड़ा.
घर के भीतर मची चीख-पुकार सुनकर जब आरोपी के मामा और उनकी दो बेटियां बचाने के लिए दौड़े, तो आरोपी ने उन पर भी जानलेवा हमला बोल दिया. इस हमले में मामा और उनकी दोनों बेटियों समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए शहडोल के मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया.
इलाज के दौरान पांच साल की मासूम बच्ची की भी मौत
अस्पताल से आ रही बेहद दुखद खबर के मुताबिक, इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हुई एक पांच साल की मासूम बच्ची ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है. वह शहडोल मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही थी, लेकिन सिर पर गंभीर चोटें होने के कारण डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका. इस मासूम की मौत के बाद अब इस खौफनाक वारदात में जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर चार हो गई है, जिसमें मां, नाना, नानी और एक छोटी बच्ची शामिल हैं. बाकी घायलों का इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है, जहां उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: 25 करोड़ की रंगदारी केस में बड़ा खुलासा: पुलिस रेड से पहले भागा शोएब ढेबर, आरक्षक ने दी गुप्त सूचना
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर, आरोपी प्रेम सिंह गोंड गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही करन पठार पुलिस और स्थानीय सरई चौकी की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस के साथ फॉरेंसिक और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने वाली टीम भी मौके पर पहुंची है, जो घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सबूत इकट्ठा कर रही है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रेम सिंह गोंड को गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है कि उसने इस वारदात को अंजाम क्यों दिया. घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा और अन्य सबूत जब्त कर लिए गए हैं. पुलिस इस पूरे मामले की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.
ये भी पढ़ें: IAS ने जिसे दर्द से राहत के लिए रखा वही गला रेत कर भागा ! 3 दिन बाद 524 किमी दूर मिला मोबाइल, आरोपी अब भी फरार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं