विज्ञापन

अलवर में दिल दहला देने वाली वारदात! मां ने 4 साल की मासूम को उतारा मौत के घाट, फिर खुद की नसें काटीं

बच्ची के पिता संतोष सैनी उसे स्कूल के लिए जगाने पहुंचे तो वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी. पास जाकर देखने पर बच्ची अचेत मिली और उसके गले पर निशान थे.

अलवर में दिल दहला देने वाली वारदात! मां ने 4 साल की मासूम को उतारा मौत के घाट, फिर खुद की नसें काटीं
  • राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक मां ने अपनी चार साल की बेटी की गला दबाकर हत्या की.
  • हत्या के बाद महिला ने खुद को नुकसान पहुंचाने के लिए ब्लेड से दोनों हाथों की नसें काट लीं, हालत गंभीर है.
  • महिला लगभग दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, जिसके कारण बच्चे उससे डरते और दूरी बनाए रखते थे.

राजस्थान के अलवर के राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक मां ने अपनी ही 4 साल की मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद आत्महत्या की कोशिश की.पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

घटना पुराना राजगढ़ इलाके की है, जहां 25 वर्षीय शीला सैनी ने अपनी बेटी गरिमा सैनी की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद महिला ने ब्लेड से अपने दोनों हाथों की नसें काट लीं. परिवार के मुताबिक शीला पिछले करीब दो साल से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी और उसका व्यवहार असामान्य हो गया था. बताया जा रहा है कि बच्चे उससे डरते थे और दूरी बनाकर रखते थे. हालांकि, वह अक्सर बच्चों को अपने पास ही सुलाती थी.

शुक्रवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच जब बच्ची के पिता संतोष सैनी उसे स्कूल के लिए जगाने पहुंचे तो वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी. पास जाकर देखने पर बच्ची अचेत मिली और उसके गले पर निशान थे. वहीं, पास में ही मां भी खून से लथपथ बेहोश पड़ी थी. परिजनों ने तुरंत दोनों को राजगढ़ के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया. महिला की हालत गंभीर होने पर उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस के अनुसार महिला अभी होश में नहीं है. इसलिए उसका बयान नहीं लिया जा सका है. होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी. पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है.

परिवार में एक बड़ा बेटा भी है, जो सुरक्षित है.फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है. लेकिन पुलिस महिला की मानसिक स्थिति को ध्यान में रखकर हर पहलू से जांच कर रही है. अस्पताल में महिला के पास पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि उसके होश में आने के बाद तुरंत बयान दर्ज किया जा सके और घटना के पीछे के कारणों का खुलासा हो सके. पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल इस वारदात के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है. हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया. 

ये भी पढ़ें :  ट्रंप बोले- डील पर माना ईरान तो जाऊंगा पाकिस्तान, एक बार फिर पहलगाम के गुनहगार मुनीर से दिखाया प्यार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Alwar News, Daughter Murder, Mother Kills Daughter, Rajgarh Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com