- जुलाई के आखिरी हफ्ते में मॉनसून पूरी तरह से उत्तर भारतीय राज्यों में एक्टिव रहने वाला है.
- भारतीय मौसम विभाग ने 27 जुलाई से 2 अगस्त तक झमाझम बरसात होने की संभावना जताई है.
- यूपी, बिहार, दिल्ली-NCR समेत 18 राज्यों में अगले एक हफ्ते तक अच्छी बारिश होने का अलर्ट जारी है.
मॉनसून भारत में फिर से पूरी तरह से एक्टिव नजर आ रहा है. ऐसे में जुलाई के आखिरी हफ्ते और अगस्त के पहले हफ्ते में झमाझम बारिश होने वाली है. भारतीय मौसम विभाग IMD के ताजा अपडेट के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के पास बने वेदर सिस्टम की वजह से मौसम तेजी से बदल रह है. आने वाले पूरे हफ्ते में उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में झमाझम बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. इस हफ्ते उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-NCR, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में भारी बारिश होने वाली है. ऐसे में उमस भरी गर्मी से परेशान हो रहे उत्तर भारत के लोगों को अब राहत मिलने वाली है. क्योंकि अब पहाड़ों से लेकर मैदानों तक झमाझम बारिश का दौर लौट रहा है.

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम कराएगा बारिश
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना एक मजबूत लो-प्रेशर एरिया और मानसूनी ट्रफ उत्तर की तरफ खिसकना शुरू हो गया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही अत्यधिक नम हवाएं इस सिस्टम को लगातार ऊर्जा दे रही हैं, जिससे यह गहरा दबाव उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-एनसीआर के वायुमंडल पर पूरी तरह केंद्रित होने वाला है. इसके अलावा अरब सागर से उठने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवाएं भी इस मॉनसूनी तंत्र को और मजबूत बना रही हैं. इन दोनों समुद्री हवाओं के आपस में टकराने और मैदानी इलाकों में हवा का दबाव बेहद कम होने के कारण मानसूनी बादल एक ही जगह ठहर गए हैं. जो पूरे एक हफ्ते तक देश के बड़े हिस्से में लगातार मूसलाधार बारिश की मुख्य वजह बनेंगे.
The Depression over northwest Bay of Bengal and adjoining areas of North Odisha-West Bengal coasts moved very slowly northwards with the speed of 3 kmph during past 6 hours, intensified into a deep depression and lay centred at 0530 hrs IST of today, the 27th July 2026, over… pic.twitter.com/3vfUYhHGMa
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 27, 2026
यूपी से बिहार तक होगी झमाझम बरसात
उत्तर प्रदेश में मॉनसूनी ट्रफ की सीधी सक्रियता के चलते अगले 4 से 5 दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और पश्चिमी यूपी के हिस्सों में भी बारिश होगी. इसी तरह से बिहार इस सप्ताह के शुरुआती दिनों में छिटपुट बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. लेकिन 30 जुलाई से 1 अगस्त के बीच मॉनसूनी सिस्टम पूरी तरह बिहार के ऊपर शिफ्ट हो जाएगा, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक रूप से भारी बारिश दर्ज की जाएगी. दोनों राज्यों में बरसात की आने वाली स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने अभी से सभी को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं.

कैसा रहेगा पूरे हफ्ते मौसम
- यूपी से बिहार तक मॉनसून 27 जुलाई से 2 अगस्त तक पूरी तरह से एक्टिव रहेगा.
- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब में जुलाई के आखिरी हफ्ते अच्छी बारिश का अलर्ट है.
- 27, 28, 29, 30 और 31 जुलाई तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश होगी.
- असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय में भी 28 जुलाई से 2 अगस्त तक IMD का अलर्ट जारी रहेगा.
- उत्तर पश्चिम भारत में 27 जुलाई से 3 अगस्त तक मॉनसून एक्टिव रहेगा और तेज बरसात होगी.

दिल्ली-NCR में लौटेगी बारिश
जुलाई के आखिरी हफ्ते में सबसे ज्यादा राहत की बात दिल्ली-NCR के लोगों को मिलने वाली है. क्योंकि भारतीय मौसम विभाग के के साप्ताहिक बुलेटिन के मुताबिक 28, 29 और 30 जुलाई यानि तीन दिनों तक पूरे दिल्ली-NCR में तेज बारिश होने की संभावना बन रही है. नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद हफ्तेभर लगातार बादल छाए रहेंगे. सप्ताह के शुरुआती दिनों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि सप्ताह के मध्य में कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. इससे अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी जिससे दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से निजात मिलेगी.

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में अलर्ट रहेगा
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भारी बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. जम्मू-कश्मीर में भी अगले पूरे हफ्ते मौसम बदलने वाला है. पहाड़ी राज्यों में बारिश की वजह से लैंडस्लाइड का खतरा रहेगा. ऐसे में पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
भारत में एक्टिव रहेगा मॉनसून
भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक भारत में मॉनसून पूरे हफ्ते एक्टिव रहेगा. मध्य भारत के छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अपडेटेड वार्निंग्स पर नजर बनाए रखें.
ये भी पढ़ेंः यूपी-बिहार समेत 10 राज्यों में मूसलाधार बारिश का चेतावनी, 14 घंटे अहम, IMD का अलर्ट, दिल्ली-NCR में उमस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं