- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका- ईरान के बीच शांति समझौता बहुत करीब है और वह पाकिस्तान जा सकते हैं
- ट्रंप ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर और PM शहबाज शरीफ की ईरान के साथ बातचीत में अहम भूमिका की प्रशंसा की
- ट्रंप ने बताया कि सीजफायर अगले सप्ताह समाप्त हो रहा है, जिसे बढ़ाया जा सकता है लेकिन शायद इसकी जरूरत न पड़े
US Iran War and Ceasefire Talks: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ समझौता करने और जंग खत्म करने के लिए इतने उतावले हैं कि वो पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर की तारीफ नहीं करते थक रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने गुरुवार, 16 अप्रैल को कहा कि अमेरिका और ईरान शांति समझौते के बहुत करीब हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह समझौते पर साइन करने के लिए पाकिस्तान जाने पर विचार कर सकते हैं. इसी के बाद एक कदम आगे बढ़ते हुए ट्रंप ने उस आसिम मुनीर की भी तारीफ की, जिसने आर्मी चीफ के तौर पर पाकिस्तान में आतंकवाद को शह दिया है, भारत में पहलगाम आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए उन आतंकियों का इस्तेमाल किया है.
व्हाइट हाउस में बातचीत के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह खुद पाकिस्तान जाकर समझौता पर साइन करेंगे. इस पर उन्होंने कहा, “मैं पाकिस्तान जा सकता हूं. पाकिस्तान बहुत अच्छा रहा है. उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है… अगर समझौता इस्लामाबाद में साइन होता है, तो मैं जा सकता हूं.”
यह भी पढ़ें: ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध खत्म होने वाला है? ये पांच संकेत क्या बता रहे हैं
जल्द हो सकती है डील, सीजफायर बढ़ाने की जरूरत ही न पड़े- ट्रंप
ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच जो सीजफायर अगले हफ्ते खत्म होने वाला है, उसे बढ़ाया जा सकता है, लेकिन शायद इसकी जरूरत न पड़े. इसके अलावा, बिना कोई सबूत दिए उन्होंने दावा किया कि ईरान पिछले साल अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों के बाद जमीन के नीचे छिपाए गए एनरिच यूरेनियम को छोड़ने के लिए तैयार हो गया है. ट्रंप ने ईरान के एनरिच यूरेनियम के लिए 'न्यूक्लियर डस्ट' शब्द का प्रयोग किया. ट्रंप शुरू से ही ईरान के साथ ऐसा समझौता करना चाहते हैं जिसमें तेहरान अपना परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह छोड़ दे. जबकि तेहरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम बिजली पैदा करने जैसे नागरिक उद्देश्यों के लिए हैं, उसने कभी परमाणु हथियार बनाने की कोशिश नहीं की और न उसकी ऐसी कोई मंशा है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप का दावा- ईरान अपनी 'न्यूक्लियर धूल' सौंपने को तैयार है, आखिर यह क्या और कहां है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं