महाराष्ट्र से सटे मीरा रोड की पॉश रिहायशी सोसाइटी में बकरीद से पहले कुर्बानी और बकरों को रखने के लिए शेड बनाने को लेकर विवाद छिड़ गया है. यहां दो समुदाय आमने-सामने आ गए. आधी रात को सोसाइटी में सैकडों लोगों की भीड़ जमा हो गई. हिंसक झड़प के बीच भारी पुलिस बल की तैनाती की गई. इस बीच मुंबई की अन्य सोसाइटी से भी इसी तरह के मामले सामने आए हैं. मीरा रोड के बाद अब गोरेगांव की एक सोसाइटी में भी कुर्बानी का विरोध किया जा रहा है. इसे लेकर पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है.
गोकुलधाम सोसाइटी में भी बनाया गया बकरों के लिए शेड
जानकारी के अनुसार, मुंबई के गोरेगांव पूर्व में स्थित गोकुलधाम के सैटेलाइट गार्डन फेज-1 की आजाद नगर डी-3 इमारत के कंपाउंड में एक शेड बनाया गया है. इस शेड में आगामी बकरीद पर कुर्बानी के लिए बकरे लाए जाने की तैयारी चल रही है. इस कदम का विरोध करते हुए बीजेपी की स्थानीय नगरसेविका प्रीति साटम ने वार्ड ऑफिसर को एक आधिकारिक पत्र लिखा है. प्रीति साटम ने अपने पत्र में नियमों का हवाला देते हुए मांग की है कि इस आवासीय सोसायटी के भीतर कुर्बानी देने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जानी चाहिए.

बीजेपी नेता ने किया विरोध
पत्र में विरोध का कारण बताते हुए लिखा गया है कि इस सोसायटी के ठीक बगल में ही एक स्कूल और हिंदुओं का धार्मिक स्थल मौजूद है. नगरसेविका ने चेतावनी दी है कि रिहायशी परिसर में कुर्बानी से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं, जिससे इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का खतरा पैदा हो सकता है. इस मामले को लेकर भाजपा नगरसेविका आज सुबह करीब 10 बजे अपने कार्यकर्ताओं के साथ आजाद नगर डी-3 बिल्डिंग में जाकर इस कार शेड का प्रत्यक्ष मुआयना करने वाली हैं.
बकरीद से पहले महाराष्ट्र सरकार सख्त
बकरीद के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार ने गोवंश की अवैध तस्करी, अवैध बूचड़खानों और पशुओं पर होने वाले अत्याचारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि गोमाता की तस्करी और अवैध कटाई किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर परिवहन विभाग ने पूरे राज्य में विशेष जांच अभियान चलाने के आदेश जारी किए हैं। सभी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों, उप-क्षेत्रीय अधिकारियों, सीमा जांच चौकियों और परिवहन विभाग की टीमों को 28 मई तक युद्धस्तर पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें: सोसाइटी में बकरे की कुर्बानी के लिए बना रहे थे शेड, हिंदू पक्ष ने रोका तो शुरू हो गई हाथापाई, मुंबई मीरा रोड में बवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं