Bakrid 2026: आज पूरे देश में मुस्लिम समुदाय के लोग बकरीद का त्योहार मना रहे है. ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह ईदगाह या मस्जिदों में विशेष नमाज अदा करते हैं. फिर पैगंबर इब्राहिम की याद में बकरे या अन्य वैध पशुओं की कुर्बानी देते हैं, जरूरतमंदों और रिश्तेदारों में गोश्त बांटते हैं, और एक-दूसरे से गले मिलकर त्योहार की मुबारकबाद देते हैं. बकरीद की तैयारियों के बीच बंगाल की चर्चा हो रही है. क्योंकि यहां पहली बार बीजेपी की सरकार बनी है. बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार ने इस बार बकरीद को लेकर कई नियम बदल दिए हैं.
पश्चिम बंगाल सरकार ने बकरीद की छुट्टी घटाई
बंगाल सरकार ने बीते शनिवार को एक अधिसूचना जारी कर इस वर्ष 28 मई को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की छुट्टी घोषित की है. इसके साथ ही ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार द्वारा जारी की गई 26 और 27 मई की दो दिवसीय छुट्टी की अधिसूचना को रद्द कर दिया गया है.
अधिसूचना संख्या 4188-एफ (पी2) दिनांक 27 नवंबर 2025 के अनुसार, ईद-उल-अजहा (बकरीद) से एक दिन पहले और ईद-उल-अजहा (बकरीद) के कारण क्रमशः 26 मई, 2026 (मंगलवार) और 27 मई, 2026 (बुधवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था. अब जानकारी मिली है कि ईद-उल-अजहा (बकरीद) 28 मई, 2026 को मनाई जाएगी.
गाय की कुर्बानी पर रोक
बकरीद की छुट्टी घटाने के अलावा बंगाल सरकार ने पशु वध नियंत्रण अधिनियम को सख्ती से लागू करने का आदेश दिया है. 1950 के इस पशु वध नियंत्रण अधिनियम को सख्ती से लागू करते हुए राज्य में पशु वध और गौवंश की कुर्बानी को लेकर नए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए थे. इस आदेश में अब बिना सरकारी पशु चिकित्सक के लिखित प्रमाण पत्र और फिटनेस सर्टिफिकेट के किसी भी गाय या भैंस का वध करना प्रतिबंधित है.
वध तभी किया जा सकता है जब गाय या भैंस 14 साल से अधिक का है या फिर शारीरिक रूप से अक्षम हो. इसके साथ ही खुले में किसी भी पशु वध को प्रतिबंधित कर दिया गया. इसके खिलाफ जोरदार आवाजें उठीं. मामला कोलकाता हाईकोर्ट तक पहुंचा. हाईकोर्ट ने भी सरकार के फैसले को सही माना और रोक लगाने से इन्कार कर दिया.
प्रशासन को फ्री हैंड
बंगाल में बीजेपी की सरकार आने के बाद प्रशासन को क्राइम कंट्रोल के लिए फ्री हैंड दे दिया गया है. आज बकरीद के मौके पर भी जगह-जगह प्रशासन की चौकसी नजर आ रही है. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन मुस्तैद है. हालांकि इससे पहले बंगाल में बकरीद के मौके पर इतनी सख्ती नहीं हुआ करती थी.
यह भी पढ़ें - Bakrid Holiday: बकरीद का सरकारी अवकाश आज या कल? यूपी से दिल्ली तक, जानें कब बंद रहेंगे ऑफिस, बैंक और स्कूल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं