Mining Mafia Kills Youth: नयागढ़ जिले के ओडागांव थाना क्षेत्र के कदलीबंध में रविवार रात करीब 2 बजे अवैध पत्थर खनन का विरोध करने पर स्थानीय युवक अजीत साहू की खनन माफिया ने बेरहमी से हत्या कर दी. हमलावरों ने बायां हाथ पूरी तरह काटा और दाएं हाथ का अंगूठा जड़ से काट दिया. घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार सुबह नयागढ़-ओडागांव रोड जाम कर दिया. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने PCR को सूचना दी, लेकिन ओडागांव थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची.
क्या हुआ था आखिरकार
मृतक की पहचान अजीत साहू के रूप में हुई है, जो बिजय मंडप साही का रहने वाला था. इस इलाके में कई जगह अवैध पत्थर खदानें चल रही हैं, जिसका स्थानीय लोग लगातार विरोध कर रहे थे. रविवार को प्रदर्शनकारियों ने कदलीबंध में पत्थर लदे वाहनों को रोका और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. आरोप है कि पुलिस मौके पर नहीं पहुंची.
इसी दौरान खदान संचालकों ने पलटवार कर दिया. इस दौरान दो प्रदर्शनकारी भाग निकले, लेकिन अजीत साहू को पकड़ लिया और बेरहमी से मार डाला.

बेरहमी की हद: हाथ काटा, अंगूठा अलग
चश्मदीदों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने अजीत के बर्बरतापूर्वक मारा. उसका एक हाथ पूरा काट दिया और दूसरे हाथ का अंगूठा पूरा काट दिया. इसके अलावा पुलिस को जमीन पर पांच अंगलियां भी अलग पड़ी मिलीं. जब शव मिला तो उस पर गहरे जख्म थे.
रोड जाम, सैकड़ों वाहन फंसे
हत्या से इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया. सोमवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने नयागढ़-ओडागांव रोड पर चक्का जाम कर दिया. सड़क के दोनों तरफ सैकड़ों वाहन फंस गए. ग्रामीणों ने मांग की है कि सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी हो और इलाके में अवैध खनन पर सख्त रोक लगे. बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा होकर मृतक के लिए इंसाफ मांग रहे हैं.
ओडागांव पुलिस मौके पर पहुंच गई है और हत्या की जांच शुरू कर दी है. आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं