- जेट फ्यूल की कीमतों में गिरावट और एयरस्पेस उपलब्धता बढ़ने से एयरलाइन शेड्यूल में कटौती वापस ले सकती है
- एयर इंडिया ने जून से अगस्त के बीच इंटरनेशनल रूट पर सर्विस कम की थी, लेकिन अब नेटवर्क विस्तार की योजना है
- अगस्त में गुवाहाटी से दुबई और अबू धाबी के लिए पहली सीधी फ्लाइट शुरू होगी, साथ ही घरेलू नेटवर्क भी बढ़ेगा
एयर इंडिया वेस्ट एशिया में तनाव कम होने पर इंटरनेशनल फ़्लाइट्स फिर से शुरू कर सकती है. NDTV को मिले कर्मचारियों के लिए एक इंटरनल मेमो में एयर इंडिया के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर कैंपबेल विल्सन ने कहा कि एयर इंडिया कुछ सर्विसेज को फिर से शुरू करने पर विचार कर रही है. क्योंकि इलाके में हालात स्थिर हो रहे हैं और जेट फ्यूल की कीमतें कम हो रही हैं.
एयर इंडिया के सीईओ ने क्या बताया
मेमो में विल्सन ने कहा कि अगर हालात स्थिर रहते हैं, तो हालिया सुधार से एयरलाइन को शेड्यूल में की गई कुछ कटौतियों को वापस लेने में मदद मिल सकती है. उन्होंने चिट्ठी में कहा, "मिडिल ईस्ट में तनाव कम हुआ है. हालांकि, इसके दोबारा न बढ़ने की कोई गारंटी नहीं है, लेकिन हालात के ज्यादा स्थिर होने से ज्यादा एयरस्पेस उपलब्ध हुआ है और फ्यूल की कीमतें भी काफी कम हुई हैं. अगर यह ट्रेंड जारी रहता है, तो हम हाल के महीनों में शेड्यूल में की गई कुछ कटौती को वापस ले सकते हैं." एयर इंडिया ने इस साल जून और अगस्त के बीच कुछ इंटरनेशनल रूट पर अपनी सर्विस कम कर दी थी. इसकी वजह वेस्ट एशिया के कुछ हिस्सों में लंबे समय से एयरस्पेस पर लगी पाबंदियां और इंटरनेशनल जेट फ्यूल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचना था.
एयरलाइन ने कहा कि इन अस्थायी बदलावों का मकसद नेटवर्क की स्थिरता बनाए रखना और यात्रियों को आखिरी समय में होने वाली दिक्कतों को कम करना था. कटौती के बावजूद, एयरलाइन पांच महाद्वीपों में हर महीने 1,200 से ज्यादा इंटरनेशनल उड़ानें चलाती रही. उन्होंने बताया कि एक और बोइंग 787-8 रेट्रोफिट (अपग्रेड) के लिए आ रहा है. साथ ही, इस साल फ्लीट में लगभग आठ और नए या रिफर्बिश्ड वाइड-बॉडी एयरक्राफ्ट शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें एक नया बोइंग 787-9 भी शामिल है जो इस वीकेंड भारत आ रहा है.
नेटवर्क बढ़ाने के बारे में विल्सन ने बताया कि एयर इंडिया ने मुंबई और टोक्यो हानेडा के बीच हर हफ्ते चार नॉन-स्टॉप उड़ानें शुरू की हैं, जो दिल्ली-हानेडा के बीच पहले से चल रही रोजाना की सर्विस के साथ जुड़ेंगी. एयरलाइन के CEO ने यह भी बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस, नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंटरनेशनल पैसेंजर फ्लाइट ऑपरेट करने वाली पहली एयरलाइन बन जाएगी. अगले महीने से अबू धाबी के लिए सीधी सर्विस शुरू होगी.
दुबई और अबू धाबी के लिए पहली बार सीधी फ्लाइट
अगस्त में, एयरलाइन गुवाहाटी से दुबई और अबू धाबी के लिए पहली बार सीधी फ्लाइट शुरू करेगी और साथ ही पुणे-अमृतसर सर्विस के साथ अपने घरेलू नेटवर्क का भी विस्तार करेगी. विल्सन ने बताया कि जून का महीना एयर इंडिया के लिए अब तक का सबसे अच्छा ऑपरेशनल परफॉर्मेंस वाला महीना रहा, जिसमें कुल ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (OTP) 86 प्रतिशत और घरेलू OTP रिकॉर्ड 90 प्रतिशत तक पहुंच गया. उन्होंने कहा, "हालांकि हमारे अस्थायी रूप से कम किए गए शेड्यूल (और अच्छे मौसम) से इसमें थोड़ी मदद मिली है, लेकिन यह एयरक्राफ्ट की स्थिति, सिस्टम, फोकस और प्रक्रियाओं में लगातार हो रहे सुधारों पर भी निर्भर करता है."
ये भी पढ़ें-
सर्जियो गोर का बड़ा धमाका: भारत के साथ पैक्स सिलिका, एआई, डिफेंस, बिजनेस पर बढ़ रहे आगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं