- मणिपुर के म्यूजिक टीचर चोंगथम विक्रम सिंह की दिल्ली के आश्रम इलाके में पीट-पीटकर हत्या की गई
- विक्रम सिंह ने शोर-शराबा कर रहे लोगों को टोका था, उन्होने पहले भी उन्हें धमकियां दी थीं
- आरोपियों ने विक्रम सिंह का तीन मंजिल तक पीछा कर बेरहमी से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई
दिल्ली में मणिपुर के 55 साल के म्यूजिक टीचर चोंगथम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या अचानक नहीं की गई. उनको पहले से धमकियां मिल रही थीं. मामले में दर्ज FIR की कॉपी से कई अहम खुलासे हुए हैं. पता चला है कि हत्यारों ने विक्रम को पहले भी धमकी दी थी. हत्या वाले दिन क्या हुआ, ये भी पता चल गया है.
FIR में कहा गया है कि विक्रम सिंह ने साउथ दिल्ली के आश्रम इलाके में अपने घर के बाहर शोर-शराबा कर रहे कुछ लोगों को टोका था. उन लोगों ने कथित तौर पर विक्रम के साथ बदसलूकी कर उनको धमकी दी.आरोपी 7 सितंबर को कथित तौर पर बिल्डिंग में घुसे और गिटारिस्ट का तीन मंजिल तक पीछा किया. इसके बाद लात-घूंसों से उनको बेरहमी से पीटा.
हत्यारों ने विक्रम को पहले भी दी थी धमकी
FIR के मुताबिक, विक्रम सिंह की पत्नी ने बाद में उन आरोपियों की पहचान की. उन लोगों ने उनके पति को पहले भी धमकी दी थी.पुलिस को मिले CCTV फुटेज में कथित हमलावर हमले के बाद बिल्डिंग से बाहर निकलते हुए कैप्चर हुए.
बता दें कि विक्रम सिंह को इतनी बेहरमी से पीटा गया कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उनका बेटा तुरंत उन्हें होली फैमिली हॉस्पिटल लेकर पहुंचा.लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है.
मैं हत्यारों को पहचान लूंगा-बेटा
विक्रम के बेटे याइफाबा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए अपने बयान में कहा, ' मेरे पिताजी अक्सर घर पर ही रहते थे. 6 सितंबर को बाहर से मेरे पिताजी के चिल्लाने की आवाज आई.मैंने घर का दरवाजा खोलकर बाहर देखा तो 4-5 लड़के मेरे पिताजी को लात-घूसों से पीट रहे थे. ये सब देखकर मैंने शोर मचाया, जो शोर मचाने से वे सभी लड़के वहां से भाग गए. भागते समय मैंने उन लड़कों का चेहरा देख लिया था, जिन्हें मैं सामने आने पर पहचान सकता हूं.
पहले भी मेरे पिता को दी थी धमकी-बेटा
जिन लड़कों ने उनको मारा है वे सभी लड़के नीचे सामने वाले ढाबे से ही आए थे. उनमें से कुछ लोगों को मेरे पिताजी ने पहले भी शराब पीने से मना किया था. इस बात को लेकर वे मेरे पिताजी को धमकाते रहते थे.मेरे पिताजी की मृत्यु इन्हीं लड़कों के द्वारा मारपीट करने से हुई है. इन सभी लड़कों के खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही की जाए.
ये Video भी देखें:| शोर मचाने से रोका तो Music Teacher Vikram Singh की हत्या! Manipur तक हड़कंप| TOP NEWS
ये भी पढे़ं-कौन थे मणिपुर के चोंगथम विक्रम सिंह? जिनकी दिल्ली में बदमाशों ने कर दी पीट-पीटकर हत्या
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं