विज्ञापन

दिल्ली में किया था कत्ल और मानेसर में बन गया टेलर, 24 साल बाद कैसे दबोचा गया कातिल

दिल्ली पुलिस ने मानेसर में दर्जी का काम कर रहे हत्या के आरोपी को 24 साल बाद गिरफ्तार किया है. हत्या के बाद फ़िरोज ने अपने पैतृक गांव से संपर्क तोड़ लिया था और पहचान छिपाते हुए अलग-अलग जगहों पर रह रहा था.

दिल्ली में किया था कत्ल और मानेसर में बन गया टेलर, 24 साल बाद कैसे दबोचा गया कातिल
नई दिल्ली:

दक्षिण दिल्ली के एक जंगल में 2002 में पत्थर से सिर कुचलकर अपने 35 साल के एक परिचित की हत्या करने के आरोप में वांछित 48 साल के फरार शख्स को पुलिस ने 24 साल बाद गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान फिरोज उर्फ ​​ख्वाजा के रूप में हुई है. इसे दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गुरुग्राम के IMT मानेसर स्थित एक रेडीमेड गारमेंट फैक्ट्री से गिरफ्तार किया है. फिरोज यहां पिछले दो साल से दर्जी का काम कर रहा था.

यह हत्या का मामला कलाम अंसारी की हत्या के सिलसिले में ओखला इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था. पुलिस अधिकारी ने कहा, "18 फरवरी 2002 को तुगलकाबाद किले के पास DDA के जंगल से लगभग 35 साल के व्यक्ति का काफी हद तक सड़ा-गला शव बरामद किया गया था. शव पत्थरों से ढका हुआ था और पीड़ित का सिर बेरहमी से कुचला गया था."

मृतक की पहचान बाद में बिहार के पश्चिम चंपारण निवासी अंसारी के रूप में हुई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंसारी 2001 में फिरोज के साथ काम की तलाश में दिल्ली आया था. फिरोज के भाई साहबजान से जुड़ा एक पुराना पारिवारिक विवाद भी सामने आया, जिसकी शादी अंसारी के गांव की एक महिला से हुई थी.

पुलिस के अनुसार, साहबजान का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था. बाद में उसने अंसारी के घर के सामने आत्महत्या कर ली. उन्होंने कहा कि फिरोज को शक था कि उसके भाई की आत्महत्या के हालात के लिए अंसारी का परिवार जिम्मेदार है और उसने बदला लेने की बात कही थी.

उन्होंने बताया कि 15 फरवरी 2002 को फिरोज कथित तौर पर अंसारी को तुगलकाबाद के पास जंगल में ले गया और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद वह बिहार लौट गया और फरार होने से पहले अंसारी के ठिकाने के बारे में गुमराह करने वाली जानकारी दी. क्राइम ब्रांच ने उसे खोजने के लिए नई कोशिश शुरू की और पिछले दो महीनों में लगभग 30 जगहों पर छापेमारी की, जिसमें कई बार बिहार जाना भी शामिल था.

टीमों ने पुराने रिकॉर्ड्स की जांच करके और लगातार फील्ड वर्क के ज़रिए सुरागों का पीछा कर उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई. आखिरकार पुलिस को पता चला कि फ़िरोज़ IMT मानेसर की एक गारमेंट फ़ैक्ट्री में काम कर रहा है.

एक टीम ने फ़ैक्ट्री पर नज़र रखने और उसकी पहचान पक्की करने के बाद उसे गिरफ़्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद फ़िरोज ने अपने पैतृक गांव से संपर्क तोड़ लिया था और अपनी पहचान व ठिकाने छिपाते हुए अलग-अलग जगहों पर रहने लगा था. वह शादीशुदा है और उसके चार बच्चे हैं. आगे की जांच चल रही है.

इसे भी पढ़ें: दिल्ली के IT इंजीनियर ने वेब सीरीज देख बीवी का मर्डर किया प्लान, तकिये से ढंकी तलवार, ATM से निकाले 7 लाख

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Delhi Crime, Delhi Crime News In Hindi, Murder In Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com