- मध्य प्रदेश के मुरैना के हेतमपुर स्टेशन पर उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैली थी.
- अफवाह के कारण घबराए यात्रियों ने चलती ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया था, जिससे दुर्घटना हुई.
- पातालकोट ट्रेन के आ जाने से चलती ट्रेन से कूदे यात्रियों की टक्कर लग गई और 4 की मौत हो गई.
Morena Train Accident News: मध्य प्रदेश के मुरैना से बहुत ही दर्दनाक खबर सामने आ रही है. दरअसल, यहां रविवार की शाम 4.15 बजे यहां से गुजर रही उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्रियों के बीच आग लगने की अफवाह फैल गई. इसके बाद घबराए पैसेंजर्स ट्रेन से कूदने लगे. इस दौरान, मैन ट्रैक पर आ रही पातालकोट की चपेट में कई यात्री आ गए. ट्रेन की चपेट में आने वाले तीन महिला और एक बच्चा समेत 4 लोगों के शव अब तक बरामद किए गए हैं. लोगों की दर्दनाक मौत से घटना स्थल पर कोहराम मच गया. यह पूरा मामला मुरैना के हेतमपुर स्टेशन का है.
खबर मिलते ही पुलिस और रेलवे प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए. राहत और बचाव कार्य में जुटे सराय छोला थाना प्रभारी केके सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. अब तक तीन महिलाओं और एक बच्चे के शव बरामद किए जा चुके हैं. उन्होंने बताया कि शाम 4.15 बजे मुरैना से धौलपुर की तरफ जा रही उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में हेतमपुर स्टेशन पर ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई. इसके बाद चलती ट्रेन से यात्री कूद गए. इसी दौरान दूसरा ट्रैक पर पातालकोट एक्प्रेस के आ जाने से यह हादसा हो गया. इस हादसे में मरने वालों की पहचान 35 वर्षीय आफरीन, 4 वर्षीय असद, 60 वर्षीय शकुंतला और 58 वर्षीय वीरमा देवी के रूप में हुई है.
रेलवे ने दी ये जानकारी
इस पूरी घटना पर उत्तर मध्य रेलवे ने बताया कि 14 जून को लगभग 16:15 बजे उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर – धौलपुर रेलखंड में गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में किसी यात्री की ओर से अलार्म चेन पुलिंग किए जाने के कारण गाड़ी सेक्शन में रुक गई. प्राप्त प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, गाड़ी के रुकने के दौरान कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर समीपवर्ती रेल लाइन पर चले गए. इसी दौरान दूसरी तरफ से रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना प्राप्त हुई है.
यह भी पढ़ें- छात्रों की भारी भीड़, बार-बार चेन पुलिंग, और फिर पथराव... पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुए हंगामे की पूरी कहानी
हादसे की जांच में जुटा रेलवे
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल , सरकारी रेलवे पुलिस तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए. इसके बाद प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. घटना के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक भारतीय की मौत, 107 दिनों से भय के माहौल में जी रहे हैं 13 जहाजों पर फंसे 562 नाविक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं