विज्ञापन

दिवाली की खुशियां किसानों के साथ, आनंदाचा शिधा किट मिलते खिल उठे सूखा प्रभावित किसानों के चेहरे

मराठवाड़ा क्षेत्र के किसान लंबे समय से सूखे, अनियमित वर्षा, कृषि उत्पादन की बढ़ती लागत और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक कठिनाइयों जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. ऐसे में यहां के किसानों की मदद को लोग आगे आ रहे हैं.

दिवाली की खुशियां किसानों के साथ, आनंदाचा शिधा किट मिलते खिल उठे सूखा प्रभावित किसानों के चेहरे
कार्यक्रम में मौजूद सूखा प्रभावित किसान.

दिवाली से मौके पर एक-दूसरे को उपहार देने की परंपरा है. इस मौके पर एक विशेष पहल महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित किसानों की मदद के लिए की गई है. इस पहल के तहत महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के कलंब तहसील अंतर्गत करंजकल्ला गांव में सूखा प्रभावित किसान परिवारों के बीच ‘आनंदाचा शिधा' (खुशियों की सौगात) का वितरण किया गया. आनंदाचा शिधा किट में किसान परिवारों को दिवाली के अवसर पर आवश्यक खाद्य सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुएं दी गईं. इस किट को पाकर किसानों के चेहरे खिल गए.

दिवाली के मौके पर किसानों की मदद की यह पहल नई दिल्ली स्थित अंतरराष्ट्रीय व्यापार सलाहकार अशोक ठोंबरे द्वारा की गई. जिसमें करंजकल्ला गांव के पूर्व सरपंच विशाल पवार ने भी सक्रिय भूमिका निभाई.

मराठवाड़ा में सूखे से भीषण परेशानी, किसानों के सामने कई चुनौतियां  

मालूम हो कि मराठवाड़ा क्षेत्र के किसान लंबे समय से सूखे, अनियमित वर्षा, कृषि उत्पादन की बढ़ती लागत और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक कठिनाइयों जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंद किसान परिवारों को व्यावहारिक सहायता प्रदान करने तथा उनके साथ सामाजिक और भावनात्मक एकजुटता व्यक्त करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया.

कार्यक्रम के दौरान अशोक ठोंबरे ने स्वयं महिला किसानों और जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक वस्तुओं की किट वितरित कीं. इस दौरान उन्होंने कहा कि किसान भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है. इसके बावजूद प्राकृतिक आपदाओं, कृषि संबंधी अनिश्चितताओं और आर्थिक चुनौतियों का सबसे अधिक प्रभाव किसान परिवारों पर ही पड़ता है.

इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज को केवल किसानों की कठिनाइयों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनकी सहायता के लिए ठोस और सार्थक कदम भी उठाने चाहिए.

किसानों की सभी समस्याओं का समाधान एक दिन में संभव नहीं है, लेकिन कठिन परिस्थितियों में उनके साथ खड़े रहना, सहायता का हाथ बढ़ाना और उनके परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही वास्तविक सामाजिक जिम्मेदारी का परिचायक है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra, Maharashtra Drought, Maharashtra Drought Crisis, Diwali, Diwali Gift
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com