दिल्ली में संसद भवन परिसर में सांसद पप्पू यादव के द्वारा राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी से जुड़े प्रदर्शन को लेकर आज उत्तर प्रदेश में जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन हुए. लखनऊ, वाराणसी और मथुरा सहित कई शहरों में विरोध-प्रदर्शन हुए और पुलिस में मामले भी दर्ज किए गए. लखनऊ में सनातन रक्षा संगठन ने पप्पू यादव के लिए एक सांकेतिक शव यात्रा निकाली. राहुल और अखिलेश के मास्क पहने लोगों पर चप्पलें फेंकी गईं. संगठन ने ऐलान किया है कि जो कोई भी पप्पू यादव का सिर काटकर लाएगा, उसे ₹51 लाख का इनाम दिया जाएगा.
सनातन रक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुरोध राय ने चेतावनी देते हुए कहा, "पप्पू यादव के पापों का घड़ा भर चुका है और अब उन्हें सजा मिलेगी. राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी सनातन-विरोधी हैं. अगर ये लोग माफी नहीं मांगते हैं, तो सनातन रक्षा संगठन उनकी जीभ खींचकर उन्हें खंभे से बांध देगा."
ये भी पढ़ें: संसद में साधु बनकर पहुंचे पप्पू यादव, सांसद देने लगे दान और फिर 'छीना-झपटी', स्पीकर ने दी वॉर्निंग
संगठन के सदस्य शैलेंद्र कुमार दीक्षित ने कहा, "पप्पू यादव ने जो ड्रामा किया है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. वे जहां भी दिखेंगे, उनका सिर मुंडवा दिया जाएगा और उन्हें चप्पलों से पीटा जाएगा. जो हुआ, वह भगवान राम का अपमान है. राम मंदिर में मौजूद सभी लोगों को चोर दिखाने की कोशिश की गई."
इस बीच, मथुरा में साधु-संतों ने राहुल गांधी और पप्पू यादव की संसदीय सदस्यता रद्द करने की मांग की. संत समाज ने इसे सनातन का अपमान बताते हुए मांग की कि विपक्षी सांसद सिर झुकाकर माफी मांगे.
पप्पू यादव ने क्या किया था?
शुक्रवार को पप्पू यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी को लेकर संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. पुजारी के भेष में वे दान पेटी लेकर पहुंचे और राहुल गांधी से दान लिया. इसके बाद, अवधेश प्रसाद सहित कई विपक्षी सांसदों ने 'चोरी करते पकड़े जाने' का नाटक करते हुए प्रतीकात्मक रूप से पप्पू यादव की पिटाई की.ट
ये भी पढ़ें: छात्र आंदोलन से बीजेपी ने सीखा सबक, Gen Z से करेगी संवाद, नए प्लान पर चल रहा है काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं