समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी 2027 विधानसभा चुनाव में खुद किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, इस सवाल पर साफ जवाब देने से बचते हुए संकेतों भरा बयान दिया. उन्होंने कहा कि काशी के लोग शुभ और अशुभ समय का अच्छा ज्ञान रखते हैं और वह भी वही फैसला करेंगे जो उनके लिए शुभ होगा.
वाराणसी में एक कार्यक्रम के दौरान जब उनसे पूछा गया कि विधानसभा चुनाव में वह किस सीट से मैदान में उतरेंगे, तो अखिलेश यादव ने कहा, "काशी के लोग बड़े धार्मिक हैं. शुभ समय क्या है, खराब समय क्या है, उन चीजों का बहुत ज्ञान रखते हैं. हम मुख्यमंत्री तब बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं, इसलिए वही काम करेंगे जो शुभ होगा हमारे लिए."
अखिलेश ने कहा कि वह पहले भी लोकसभा से सीधे शपथ लेकर मुख्यमंत्री बने थे. उन्होंने सवाल करने वालों की तरफ इशारा करते हुए कहा, "सीधे लोकसभा से... पिछली बार कहां बने थे बताओ? लोकसभा से सीधे? तो इसलिए लोकसभा से सीधे शपथ."
सीट बंटवारे पर बोले- जीतिए और सीट पाइए
विपक्षी गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी अखिलेश यादव ने अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या को लेकर ज्यादा उलझने की जरूरत नहीं है, क्योंकि असली आधार जीत है.
अखिलेश यादव ने कहा, "आप सीटों के बारे में बिल्कुल मत उलझिए. सीटों के बारे में इसलिए मत उलझिए कि सीट का आधार है जीत. जीतीए और सीट पाइए. संख्या कोई विषय नहीं है. और हम रास्ता निकालना जानते हैं, हम रास्ता निकालेंगे."
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर अखिलेश का तीखा हमला
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के कार्यक्रमों पर हमेशा के लिए रोक लगनी चाहिए और उन्हें कहीं भी आयोजन की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए.
अखिलेश ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का नाम लेते हुए तंज किया कि उन्हें उत्तर प्रदेश से बुलडोजर किराए पर लेकर ऐसे आश्रम पर चलवा देना चाहिए, जहां भगवान श्रीकृष्ण के बारे में इस तरह की बातें कही जाती हों. उन्होंने कहा कि आस्था और श्रद्धा से जुड़े विषयों पर इस तरह के बयान स्वीकार नहीं किए जा सकते.
यह भी पढ़ें: धीरेंद्र शास्त्री को घेरते हुए अखिलेश ने ट्वीट किया चार साल पुराना वीडियो, क्यों कहा था- भगवान राम के 5 पिता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं