विज्ञापन

LPG की कालाबाजारी पर सरकार का सख्त एक्शन, 24 घंटे में 3,400 छापे, 1,000 सिलेंडर जब्त

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध से LPG आयात प्रभावित होने के बीच सरकार ने कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई को और तेज कर दिया है. बीते 24 घंटों में 3,400 छापे मारकर 1,000 सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जबकि अब तक 642 FIR दर्ज और 155 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

LPG की कालाबाजारी पर सरकार का सख्त एक्शन, 24 घंटे में 3,400 छापे, 1,000 सिलेंडर जब्त
  • भारत की कुल LPG जरूरत का लगभग साठ प्रतिशत आयात होर्मुज स्ट्रेट मार्ग से होता है, जो वर्तमान संकट से प्रभावित
  • युद्ध के कारण भारत के चौबीस LPG कार्गो जहाज होर्मुज स्ट्रेट में फंसे हुए हैं, जिससे आपूर्ति बाधित हुई
  • केंद्र सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए देशभर में तीन हजार चार सौ छापे मारे और हजार सिलेंडर जब्त
नई दिल्ली:

मिडिल ईस्ट में जारी संकट असर भारत में LPG के आयात पर पड़ रहा है. भारत अपनी कुल जरूरत का करीब 60 प्रतिशत LPG दुनियाभर के बाजारों से आयात करता है, जिसमें से लगभग 90 फीसद आपूर्ति होर्मुज स्ट्रेट से होकर आती है. पिछले 20 दिनों से मध्य पूर्व एशिया में जारी युद्ध के कारण भारत के 24 कार्गो जहाज होर्मुज स्ट्रेट में फंसे हुए हैं, जिससे LPG आयात बाधित हुआ है. इस चुनौती के बीच केंद्र सरकार ने देशभर में LPG की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ एक बड़ा और सख्त अभियान चलाया है.

पेट्रोलियम मंत्रालय का बयान

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने मंगलवार को कहा, “जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए राज्यों भर में प्रवर्तन कार्रवाई चल रही है. इसी का नतीजा है कि पिछले 24 घंटों में करीब 3,400 छापे मारे गए और लगभग 1,000 सिलेंडर जब्त किए गए. आंध्र प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में बड़ी कार्रवाई की खबरें सामने आई हैं.”

ये भी पढ़ें : मिडिल ईस्ट संकट के बीच भारत के लिए अच्छी खबर, होर्मुज से निकले एलपीजी से लदे दो जहाज

तेल कंपनियों की औचक जांच

सोमवार को सरकारी तेल कंपनियों के अधिकारियों ने जमाखोरी और कालाबाजारी के मामलों की जांच के लिए देशभर में 1,500 से अधिक खुदरा दुकानों और LPG वितरकों पर औचक निरीक्षण किए. अब तक कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान 642 FIR दर्ज की जा चुकी हैं और करीब 155 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

राज्यों को सख्त निर्देश

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि वे छापेमारी की कार्रवाई को यूं ही जारी रखें, ताकि कालाबाजारी और जमाखोरी में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जा सके. भारत में LPG आयात का 90 प्रतिशत हिस्सा मध्य पूर्व से आता है, जबकि LNG आयात का 47 प्रतिशत हिस्सा कतर से होता है. वहां हालात खराब होने की वजह से सप्लाई प्रभावित हो रही है.

ये भी पढ़ें : क्या ईरान को 'टोल' देकर होर्मुज से आ रहे हैं भारत के जहाज? जानें सरकार ने क्या दिया जबाव

घरेलू आपूर्ति पर सरकार की निगरानी

पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, “व्याप्त भू‑राजनीतिक स्थिति के कारण LPG की आपूर्ति प्रभावित बनी हुई है. हालांकि वितरक केंद्रों पर किसी भी तरह की कमी की कोई शिकायत नहीं मिली है. कल घबराहट में की गई बुकिंग में मामूली वृद्धि देखी गई, जबकि घरेलू LPG सिलेंडरों की डिलीवरी सामान्य रूप से जारी है.”

मंत्रालय ने यह भी बताया कि 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने भारत सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार गैर‑घरेलू LPG के आवंटन के आदेश जारी किए हैं. 14 मार्च 2026 से अब तक, इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वाणिज्यिक संस्थाओं को करीब 18,784 मीट्रिक टन LPG की आपूर्ति की जा चुकी है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
LPG Black Marketing, LPG Hoarding, 3400 Raids, 1000 Cylinders Seized, Petroleum Ministry Action
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com