- मिडिल ईस्ट में युद्ध के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज मार्ग पर एलपीजी के आयात में गंभीर बाधा आई है
- भारत के 20 कार्गो जहाज लगभग एक महीने से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे हुए हैं, जिससे सप्लाई प्रभावित हुई है
- पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार घरेलू एलपीजी आपूर्ति सामान्य है और घरेलू उत्पादन में 40 प्रतिशत वृद्धि की गई है
ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले से मिडिल ईस्ट में ऐसा संकट गहराया कि लगभग पूरी दुनिया पर इसका असर पड़ रहा है. खासकर एशियाई मुल्कों की हालत तो और ज्यादा बुरी है. मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब देश में एलपीजी (LPG) की आपूर्ति पर भी दिखने लगा है. भारत अपनी कुल एलपीजी जरूरत का करीब 60 फीसद हिस्सा आयात करता है, जिसमें से लगभग 90 प्रतिशत आपूर्ति स्ट्रेट ऑफ होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते होती है मौजूदा हालात में इस मार्ग पर बाधा के चलते एलपीजी आयात प्रभावित हो रहा है.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे 20 कार्गो जहाज
पिछले 28 दिनों से मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण भारत के 20 कार्गो जहाज करीब एक महीने से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे हैं. इसकी वजह से देश में एलपीजी का आयात प्रभावित हुआ है और सप्लाई चेन पर भी दबाव बढ़ा है. एलपीजी सप्लाई के मोर्चे पर बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए सरकार ने देशभर में एलपीजी की ब्लैकमार्केटिंग और होर्डिंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. पेट्रोलियम और गैस मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें ; एक्साइज में कटौती के बाद भी तेल कंपनियों की मुश्किलें कम नहीं, 1 लीटर पेट्रोल-डीजल पर पड़ रहा इतना बोझ
मंत्रालय के मुताबिक, इन अभियानों के तहत 3,000 से अधिक छापेमारी की गई हैं और 1,500 से ज्यादा एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं. इसके अलावा सरकारी तेल कंपनियों ने देशभर में खुदरा दुकानों और एलपीजी वितरकों पर 1,500 से अधिक औचक निरीक्षण किए हैं.
350 से अधिक शो‑कॉज नोटिस, 642 FIR दर्ज
सरकार ने बताया कि गुरुवार के दिन एलपीजी वितरकों को 350 से अधिक कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए. अब तक कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान 642 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और 155 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है. केंद्र ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि छापेमारी जारी रखी जाए, ताकि कालाबाजारी और जमाखोरी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके.
ये भी पढ़ें ; दुनिया भर में तेल की आग, पर भारत में दाम रहेंगे जस के तस... वित्त मंत्री सीतारमण ने बताया सरकार का प्लान
घरेलू एलपीजी आपूर्ति सामान्य: पेट्रोलियम मंत्रालय
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, मौजूदा भू‑राजनीतिक स्थिति के कारण एलपीजी की आपूर्ति जरूर प्रभावित हो रही है, लेकिन एलपीजी वितरकों में ड्राई‑आउट की फिलहाल कोई सूचना नहीं है. मंत्रालय ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी सामान्य रूप से चल रही है. जहां तक बात घरेलू खपत की है, उसके समर्थन देने के लिए रिफाइनरियों से घरेलू एलपीजी उत्पादन में 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है.
540 भारतीय नाविकों के साथ जहाज अब भी फंसे
शिपिंग मंत्रालय के मुताबिक, ईरान युद्ध के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पश्चिमी हिस्से में अभी भी 20 भारतीय ध्वज वाले जहाज फंसे हैं, जिन पर कुल 540 भारतीय नाविक सवार हैं. इनमें पांच बड़े भारतीय ध्वज वाले एलपीजी टैंकर शामिल हैं, जिन पर कुल 2.30 मेट्रिक टन एलपीजी लोड है. इसके अलावा एक और बड़े भारतीय ध्वज वाले एलपीजी टैंकर पर अगले एक‑दो दिनों में एलपीजी का स्टॉक लोड किया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं