विज्ञापन

ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर 10 और दिनों तक हमला नहीं करेगा अमेरिका, ट्रंप बोले- ईरान के अनुरोध पर ऐसा किया

US Israel War against Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की अपनी समय सीमा को 10 दिन आगे बढ़ाते हुए 6 अप्रैल कर दिया है.

ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर 10 और दिनों तक हमला नहीं करेगा अमेरिका, ट्रंप बोले- ईरान के अनुरोध पर ऐसा किया
US Iran War: ईरान के उर्जा ठिकानों पर 10 और दिनों तक हमला नहीं करेगा अमेरिका- डोनाल्ड ट्रंप

US Iran War and Ceasefire Talks: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की अपनी समय सीमा को 10 दिन आगे बढ़ाते हुए 6 अप्रैल कर दिया है. डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने ऐसा ईरानी सरकार के अनुरोध पर किया है और बातचीत "बहुत अच्छी चल रही है." यहां ध्यान देने वाली बात है कि अमेरिका की शांति योजना पर अबतक ईरान ने ठंडी प्रतिक्रिया दी है और दावा किया है अमेरिका से कोई सीधी बातचीत नहीं दी है. हालांकि दूसरी तरफ ट्रंप ने इस बात से इनकार किया है कि वो मिडिल ईस्ट की जंग को खत्म करने के लिए समझौता को लेकर बेताब हैं. 

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया, "बातचीत जारी है और फेक न्यूज मीडिया और अन्य लोगों के गलत बयानों के बावजूद, वे बहुत अच्छी तरह से चल रही हैं." 

ट्रंप के पोस्ट में कुल मिलाकर लिखा है, "ईरानी सरकार के अनुरोध के अनुसार,मैं ऊर्जा संयंत्रों पर हमलों को 10 दिनों के लिए सोमवार, 6 अप्रैल, 2026, रात 8 बजे, पूर्वी समय तक रोक रहा हूं. बातचीत चल रही है और फेक न्यूज मीडिया और अन्य लोगों के गलत बयानों के बावजूद, वे बहुत अच्छी तरह से चल रही हैं. इस बात की ओर आपका ध्यान के लिए धन्यवाद! राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप."

बता दें कि पिछले शनिवार को, ट्रंप ने शुरू में ईरान को तेल व्यापार के लिए महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था. कहा था कि ईरान ने ऐसा नहीं किया तो उसके बिजली संयंत्रों को तबाह कर दिया जाएगा. लेकिन अब उन्होंने समय सीमा दो बार बढ़ा दी है- पहले 5 दिनों के लिए हमलों को रोका और अब 10 दिनों के लिए रोक दिया है. 

पाकिस्तान के जरिए अमेरिका ने ईरान को भेजा है शांति प्रस्ताव

डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ ने इससे पहले एक कैबिनेट बैठक में कहा कि तेहरान बातचीत के लिए तैयार है. उन्होंने यहां पहली बार सार्वजनिक रूप से पुष्टि की कि अमेरिकी सरकार ने पाकिस्तानी अधिकारियों के माध्यम से तेहरान को 15-सूत्रीय शांति प्रस्ताव भेजा है. विटकॉफ ने कहा, "हम देखेंगे कि चीजें किस ओर ले जाती हैं, और क्या हम ईरान को यह विश्वास दिला सकते हैं कि यह निर्णायक मोड़ है और अधिक मौत और विनाश के अलावा उनके लिए कोई अच्छा विकल्प नहीं है."

इस बीच, ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम ने कहा, "अमेरिका द्वारा प्रस्तावित 15 बिंदुओं पर ईरान की प्रतिक्रिया आधिकारिक तौर पर बिचौलियों के माध्यम से कल रात भेजी गई थी, और ईरान दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है."

यह भी पढ़ें: ईरान समझौते की भीख मांग रहा है, हमने उनकी नेवी को तबाह कर दिया: डोनाल्ड ट्रंप

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com