विज्ञापन

कर्नाटक में माननीयों का 'पावर प्ले', झुकी सरकार, हर विधायक को मिलेंगे IPL मैच के 2 VIP टिकट

बेंगलुरू में आईपीएल मैच के वीआईपी टिकटों का मुद्दा विधायकों ने विधानसभा में उठाया था. इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कहा था कि हर एमएलए-एमएलसी को 4-4 टिकट दिए जाने चाहिए. अब सरकार ने अपनी मजबूरी बताई है.

कर्नाटक में माननीयों का 'पावर प्ले', झुकी सरकार, हर विधायक को मिलेंगे IPL मैच के 2 VIP टिकट
  • कर्नाटक सरकार ने सभी विधायकों को पहले आईपीएल मैच के लिए दो-दो टिकट देने का फैसला किया है
  • डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने बताया कि सभी विधायकों को एक ही स्टैंड में बैठाने की व्यवस्था की जाएगी
  • विधायकों ने IPL टिकटों की मांग करते हुए अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगाकर मुद्दा विधानसभा में उठाया था
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

कर्नाटक में विधायकों को आईपीएल के मुफ्त टिकटों के विवाद में सरकार को झुकना पड़ा है. बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में चौके-छक्कों की बरसात से माननीयों को मुफ्त टिकट का मुद्दा ऐसा गरमाया कि विधानसभा अध्यक्ष को दखल देना पड़ा. डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को खुद आगे आना पड़ा. मामला मुख्यमंत्री तक पहुंच गया. आखिरकार विधायकों की वीआईपी मांग के आगे झुकते हुए सरकार ने तय किया है कि पहले मैच के लिए हर विधायक को 2-2 टिकट दिए जाएंगे. इतना ही नहीं, सभी विधायकों को एक ही स्टैंड में बिठाने का भी फैसला किया गया है.

पहले मैच के लिए VIP टिकट

डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि विधायकों के टिकट वाले मुद्दे को लेकर उनकी कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट वेंकटेश प्रसाद से बात हुई है, जिन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से अलग से भी बात की. इसके बाद तय हुआ कि बेंगलुरू में होने वाले पहले मैच के लिए विधायकों को 2-2 टिकट दिए जाएंगे. बाकी के मैचों को लेकर उनका कहना था कि वो हम बाद में देखेंगे. 

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद से टिकटों को लेकर चर्चा की.

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद से टिकटों को लेकर चर्चा की. Photo Credit: IANS

एक ही स्टैंड में बैठेंगे विधायक

कर्नाटक में करीब 300 एमएलए-एमएलसी हैं. इस तरह अगर हर विधायक और विधान परिषद सदस्य को 2-2 टिकट दिए गए तो कुल 600 टिकट देने होंगे. इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए सरकार ने स्टेडियम में माननीयों को अलग स्टैंड में बिठाने का भी फैसला किया है. 

देखें- IPL 2026 Prize Money: चैंपियन टीम पर होगी पैसों की बारिश! कितना है प्राइज पूल, विजेता-उपविजेता के खाते में जाएंगे कितने?

विधायकों ने लगाया था अपमान का आरोप 

बता दें कि आईपीएल के वीआईपी टिकटों का मुद्दा विधायकों ने विधानसभा के मौजूदा सत्र के दौरान उठाया था. सदन की कार्यवाही के दौरान सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्ष में बैठे बीजेपी के विधायक इस मामले को लेकर एकजुट हो गए. कई विधायकों ने तो कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन पर चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ अपमानजनक बर्ताव का आरोप लगा दिया. उनका कहना था कि हम VIP हैं, हम लाइन में खड़े नहीं हो सकते. 

विधानसभा स्पीकर को देना पड़ा निर्देश

विधायकों की मांग को देखते हुए विधानसभा स्पीकर यूटी खादर को दखल देना पड़ा. उन्होंने सरकार को निर्देश दिया कि वह हर विधायक को आईपीएल के 4-4  टिकट सुनिश्चित कराए. अब सरकार ने 4 तो नहीं, लेकिन पहले मैच के लिए 2-2 टिकटों का इंतजाम करने का वादा कर दिया है. 

डिप्टी सीएम ने बताई मजबूरी

डिप्टी सीएम शिवकुमार का कहना है कि स्पीकर ने 4-4 टिकट देने को कहा था, लेकिन सारे टिकट पहले ही बिक चुके हैं. विधायक बहुत सारे हैं और स्टेडियम में इतनी जगह नहीं है. समय भी कम है. ऐसे में मैंने क्रिकेट एसोसिएशन से हर विधायक को 2-2 टिकट देने के लिए कहा है और वो इस पर सहमत हो गए हैं. उन्होंने ये भी कहा कि पहले हर विधायक, सांसद और मंत्री को एक टिकट मिलता था. अब उन्हें 2 टिकट दिए जाएंगे. 

देखें- 'हम VIP हैं, लाइन में खड़े नहीं हो सकते'.. कर्नाटक के विधायकों ने IPL के लिए मांगा टिकट, स्पेशल सीट
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com