विज्ञापन

बिल्डर और उसकी बेटियों के साथ जमकर मारपीट, क्लब में गाना चेंज करने को लेकर हुआ विवाद

फरीदाबाद के सेक्टर‑88 स्थित Vayu Club में गाना बदलने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक बिल्डर और उसकी बेटियों के साथ जमकर मारपीट हुई. आरोप है कि दर्जनभर युवकों और क्लब के गार्डों ने लिफ्ट और बाहर दोनों जगह हमला किया.

बिल्डर और उसकी बेटियों के साथ जमकर मारपीट, क्लब में गाना चेंज करने को लेकर हुआ विवाद

Faridabad Club Assault: फरीदाबाद के सेक्टर‑88 स्थित Vayu Club में एक मामूली बात ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया. डीजे से गाना बदलने को लेकर शुरू हुआ तकरार इतना बढ़ गया कि जन्मदिन मनाने पहुंचे एक बिल्डर और उसकी बेटियों के साथ जमकर मारपीट की गई. मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंच चुकी है और अब जांच की जा रही है.

गाना बदलने को लेकर शुरू हुआ विवाद

दरअसल, सेक्टर‑21 निवासी रमन ग्रोवर, जो गुड़गांव में बिल्डर का काम करते हैं, 26 मार्च की रात अपनी बेटी का जन्मदिन मनाने Vayu Club गए थे. उनकी बेटी के साथ उसके भाई और छह दोस्त भी मौजूद थे. पार्टी के दौरान रमन ग्रोवर घर लौट आए, लेकिन बच्चे क्लब में ही रुके रहे. रात करीब 12 बजे उनकी बेटी ने डीजे से गाना बदलने को कहा, जिस पर क्लब में मौजूद सिम्मी अरोड़ा नाम की लड़की ने उसकी बेटी से झगड़ा शुरू कर दिया और थप्पड़ भी मार दिया.

लिफ्ट में भी मारपीट, नीचे आते ही हमला

बेटी के फोन पर जानकारी मिलते ही रमन ग्रोवर दोबारा क्लब पहुंचे. वे बच्चों को लेकर क्लब के नीचे आ ही रहे थे कि तभी दर्जनभर लड़के और क्लब के गार्ड उन पर टूट पड़े. रमन के मुताबिक, लिफ्ट में भी उनके साथ धक्का‑मुक्की और मारपीट हुई थी.

दस लाख से ज्यादा की बाली भी छीनी 

हमले के दौरान रमन ग्रोवर की बेटी के कान की बाली में लगा हीरा भी छीन लिया गया. रमन के अनुसार, उसकी कीमत करीब साढ़े 10 लाख रुपये है. जैसे‑तैसे वे बच्चों को वहां से निकालकर घर छोड़कर फिर पुलिस के साथ क्लब पहुंचे.

कनाडा से आई बेटी के साथ हुआ हादसा

रमन ने बताया कि उनकी बेटी कनाडा में फाइनेंस की पढ़ाई कर रही है और 15 फरवरी को दादी के निधन के बाद भारत आई थी. 28 मार्च को उसे वापस कनाडा लौटना था. उससे पहले ही जन्मदिन मनाने क्लब जाने का प्लान बना था, लेकिन वहां यह अप्रिय घटना हो गई. रमन का कहना है कि जब मारपीट हो रही थी, तब क्लब चलाने वाला रिषिन चितकारा वहीं मौजूद था, लेकिन उसने बच्चों की मदद करने की कोई कोशिश नहीं की. इससे परिवार और अधिक सदमे में है.

पुलिस ने मामला दर्ज किया 

पीड़ित की शिकायत पर बीपीटीपी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस क्लब में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com