विज्ञापन
2 hours ago

US-Israel-Iran War Live NEWS: ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल की जंग को शुरू हुए 28 दिन हो गए हैं, अब पूरी दुनिया की नजर शांति समझौते पर है. अमेरिका और ईरान, दोनों देश बैकचैनल से बातचीत में लगे हैं लेकिन दोनों ही सार्वजनिक रूप से पहले झुकते हुए नहीं दिखना चाहते हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कुछ और कह रहे हैं और उसपर ईरान में बैठी इस्लामिक सरकार का कुछ और जवाब आ रहा है. इस बीच ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की अपनी समय सीमा को 10 दिन आगे बढ़ाते हुए 6 अप्रैल कर दिया है. डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने ऐसा ईरानी सरकार के अनुरोध पर किया है और बातचीत "बहुत अच्छी चल रही है." 

इस पूरी शांति वार्ता में पाकिस्तान बिचौलिए की भूमिका निभा रहा है. पाकिस्तान ने कहा है कि वह ईरान युद्ध को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त करने के लिए क्षेत्र और उससे बाहर के सभी हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) के साथ सक्रिय और रचनात्मक रूप से बातचीत कर रहा है. ट्रंप ने कहा है कि इस सप्ताह की शुरुआत में वह ईरान से मिले जिस "तोहफे" के बारे में बात कर रहे थे, वह 10 "तेल के जहाज थे" और ये पाकिस्तान के थे. ट्रंप का दावा है कि होर्मुज पर नाकेबंदी के बावजूद ईरान ने इन्हें गुजरने दिया है.

वहीं दूसरी तरफ मिडिल ईस्ट की जमीन पर खून-खराबा जारी है. लेबनानी मीडिया ने शुक्रवार तड़के बेरूत में इजरायली हमले की सूचना दी है. न्यूज एजेंसी एएफपी के रिपोर्टरों ने भी हिजबुल्लाह के इस गढ़ से कई विस्फोटों की आवाज सुनी, जिस पर इस महीने युद्ध छिड़ने के बाद से इजरायल ने बार-बार हमला किया है.

Here Are The Updates Of The US-Israel-Iran War:

देश में कोई लॉकडाउन नहीं लगेगा, अफवाहों के बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का बड़ा बयान

सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्‍साइड ड्यूटी घटाने के फैसले पर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने बताया, 'पिछले एक महीने में अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं, लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर लगभग 122 डॉलर प्रति बैरल हो गई हैं. परिणामस्वरूप, दुनिया भर में उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं. दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में कीमतों में लगभग 30%-50% की वृद्धि हुई है, उत्तरी अमेरिकी देशों में 30%, यूरोप में 20% और अफ्रीकी देशों में 50% की वृद्धि हुई है. ऐसे में मोदी सरकार के पास दो विकल्प थे- या तो अन्य सभी देशों की तरह भारत के नागरिकों के लिए कीमतों में भारी वृद्धि करे या फिर अपने वित्त पर पड़ने वाले बोझ को वहन करे, ताकि भारतीय नागरिक अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता से सुरक्षित रह सकें. 

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोल और डीजल की आसमान छूती कीमतों के इस दौर में तेल कंपनियों के भारी नुकसान (पेट्रोल पर लगभग 24 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 30 रुपये प्रति लीटर) को कम करने के लिए सरकार ने अपने कर राजस्व में भारी कटौती की है. साथ ही, पेट्रोल और डीजल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में भारी वृद्धि के कारण निर्यात कर भी लगाया गया है और विदेशी देशों को निर्यात करने वाली किसी भी रिफाइनरी को निर्यात कर देना होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और माननीय वित्त मंत्री जी के प्रति मेरी कृतज्ञता.

Iran Israel War Updates: ईरान पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बंद कमरे में परामर्श बैठक

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार को ईरान पर बंद कमरे में परामर्श बैठक निर्धारित की. एसोसिएटेड प्रेस न्‍यूज एजेंसी के अनुसार, दो संयुक्त राष्ट्र राजनयिकों ने बताया कि रूस ने देश में नागरिक बुनियादी ढांचे पर अमेरिका-इजरायल के हमलों के मुद्दे पर बैठक का अनुरोध किया था. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की वर्तमान में बारी-बारी से अध्यक्षता कर रहे अमेरिका ने इस बैठक का निर्धारण किया है.

ईरान की होर्मुज स्‍ट्रेट पर 'टोल बूथ' बनाने की तैयारी!

ऐसा लग रहा है कि ईरान तेल आपूर्ति के लिए विश्व के सबसे महत्वपूर्ण रास्‍ते होर्मुज स्‍ट्रेट का रक्षक बनने की ओर आगे बढ़ रहा है. इस कदम से महत्वपूर्ण जलमार्ग पर तेहरान का वास्तविक नियंत्रण और मजबूत हो सकता है और चीन को अपने तेल की आपूर्ति जारी रखने की उसकी क्षमता को औपचारिक रूप दिया जा सकता है. 


संयुक्त राष्ट्र समुद्री प्राधिकरण को ईरान के संदेशों और जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के अनुभव से संकेत मिलता है कि ईरान एक तरह की "टोल बूथ" जैसी व्यवस्था बना रहा है. जहाजों को ईरानी जलक्षेत्र में प्रवेश करने के लिए ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर द्वारा जांच से गुजरना होगा. कम से कम दो जहाजों ने इसके लिए शुल्क दिया है. ईरान युद्ध की शुरुआत के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य से यातायात में 90% की गिरावट आई है, जिससे वैश्विक तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं और फारस की खाड़ी के देशों से जलडमरूमध्य के माध्यम से तेल प्राप्त करने वाले एशियाई देशों में तेल की गंभीर कमी हो गई है.

Iran Israel War Updates: ईरान का अल्टीमेटम, खाड़ी देशों के होटलों को अमेरिकी सैनिकों को ठहराने पर दी चेतावनी

इजरायल और अमेरिका के साथ जारी संघर्ष के बीच ईरान ने बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात के होटल मालिकों को एक 'अल्टीमेटम' जारी किया है. ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर वे अमेरिकी सैन्य कर्मियों को ठहराते हैं, तो उनकी संपत्तियां वैध सैन्य लक्ष्य बन सकती हैं. अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी 'फार्स' की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी हमलों और सहयोगी उग्रवादी समूहों के साथ संयुक्त अभियानों के बाद अमेरिकी सेना ने क्षेत्रीय होटलों में शरण ली है. इन हमलों में पूरे मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था. वहीं, समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, यह चेतावनी उन सभी ठिकानों पर लागू होती है जो विदेशी सैन्य कर्मियों को पनाह देते हैं, और अगर ऐसी गतिविधियां जारी रहती हैं तो यह चेतावनी तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगी.

Middle East Crisis: मिडिल ईस्‍ट संकट के बीच सऊदी क्राउन प्रिंस सलमान ने यूक्रेन के राष्‍ट्रपति से की मुलाकात

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने जेद्दा में यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की से मुलाकात की है. बताया जा रहा है कि दोनों ने मिडिल ईस्‍ट में सैन्य तनाव बढ़ने और यूक्रेन संकट के घटनाक्रम पर चर्चा की. ज़ेलेंस्की ने अपने दौरे के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन उन्होंने पिछले सप्ताह कहा था कि यूक्रेनी अधिकारी सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत और जॉर्डन को ड्रोन विशेषज्ञता और रक्षा प्रणाली के निर्माण में मदद कर रहे हैं. उन्होंने उस समय यह भी कहा था कि यूक्रेन होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा बहाल करने में अपनी भूमिका की संभावना तलाश रहा है.

Iran Israel War Updates: इजरायल का तेहरान पर बड़ा हमला

इजरायल के ईरान पर हमले जारी हैं. कुछ देर पहले, आईडीएफ ने तेहरान के केंद्र में ईरानी आतंकी शासन के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर हमले किये. बताया जा रहा है कि इजरायल की ओर से सेंट्रल तेहरान में एक के बाद एक मिसाइल अटैक किये हैं. हालांकि, इन हमलों से ईरान को कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है. 

Lebanon Israel War LIVE: लेबनान में हिजबुल्लाह के हमले में एक इजरायली सैनिक शहीद, चार घायल

इजरायल रक्षा बलों ने गुरुवार को बताया कि दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के टैंक-रोधी मिसाइल हमले में एक इजरायली सैनिक शहीद हो गया और चार अन्य घायल हो गए. शहीद सैनिक की पहचान सार्जेंट अवियाद एलचानन वोलान्स्की, 21 वर्ष, के रूप में हुई है, जो यरुशलम के रहने वाले 7वीं बख्तरबंद ब्रिगेड की 77वीं बटालियन के थे. वह हिजबुल्लाह के साथ संघर्ष में शहीद होने वाले चौथे सैनिक हैं. यह संघर्ष 2 मार्च को शुरू हुआ था, जब लेबनानी आतंकवादी समूह ने अपने प्रायोजक ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल युद्ध के बीच इजरायल पर रॉकेट और ड्रोन से हमला करना शुरू कर दिया था.

US-Israel-Iran War Live Updates: ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर 10 और दिनों तक हमला नहीं करेगा अमेरिका- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की अपनी समय सीमा को 10 दिन आगे बढ़ाते हुए 6 अप्रैल कर दिया है. डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने ऐसा ईरानी सरकार के अनुरोध पर किया है और बातचीत "बहुत अच्छी चल रही है."


यह भी पढ़ें: ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर 10 और दिनों तक हमला नहीं करेगा अमेरिका, ट्रंप बोले- ईरान के अनुरोध पर ऐसा किया

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com