- हिमाचल में मौसम का बड़ा बदलाव, मनाली-लेह मार्ग पर लगी रोक
- लाहौल स्पीति में सीजन की जबरदस्त बर्फबारी, 4x4 वाहनों को ही अनुमति
- बर्फबारी से खिल उठे पर्यटन कारोबारी, सेब उत्पादकों की बढ़ी चिंता
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली और पूरी घाटी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई. सुबह से शुरू हुई बर्फबारी लगातार जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है. अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल, सिस्सू और कोकसर सहित कई इलाकों में भारी बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है. बर्फबारी के कारण सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग सामान्य वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है. वहीं पर्यटन कारोबारी खुश हैं, लेकिन सेब उत्पादकों की चिंता बढ़ गई है.
तापमान में भारी गिरावट दर्ज
लाहौल स्पीति में सीजन की ताजा बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है. पहाड़, सड़कें और खुले मैदान बर्फ की मोटी परत से ढक गए हैं. सुबह से हो रही लगातार बर्फबारी के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और पूरा जिला कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है.

बर्फबारी से पर्यटक खुश
Photo Credit: NDTV
वाहनों की लंबी कतारें दिखीं
बर्फबारी के चलते अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल क्षेत्र में भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. कई पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेने के लिए घाटी का रुख कर रहे हैं, जिससे पर्यटन गतिविधियों में भी रौनक बढ़ती दिखाई दे रही है. हालांकि मौसम के बिगड़ते हालातों के चलते प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं. सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग को सामान्य वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है. वर्तमान में केवल फोर-व्हील-ड्राइव (4x4) वाहनों को ही आवश्यक सावधानियों के साथ आगे बढ़ने की अनुमति दी जा रही है.

पुल पर जाम, वाहनों की कतार
Photo Credit: NDTV
दुर्घटना का खतरा बढ़ा : पुलिस
पुलिस उपाधीक्षक केलांग डी. शर्मा ने बताया कि लद्दाख तथा लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है. खराब मौसम को देखते हुए शिंकुला पास, बारालाचा पास और कुंजुम टॉप को सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है. इसके अलावा सिस्सू, कोकसर और अटल टनल के आसपास के क्षेत्रों में भी पर्याप्त बर्फबारी दर्ज की गई है.
पुलिस उपाधीक्षक ने पर्यटकों और आम लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है. उनका कहना है कि लगातार बर्फबारी के कारण सड़कें फिसलनभरी हो गई हैं और दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है.
सेब किसानों की चिंता बढ़ी
एक ओर ताजा बर्फबारी ने पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है, वहीं दूसरी ओर सेब कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है. बागवानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी बर्फबारी का दौर जारी रहता है तो सेब की फसल और उसके परिवहन पर असर पड़ सकता है. प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है. बर्फबारी से लाहौल-स्पीति घाटी एक बार फिर सर्दियों के रंग में रंग गई है.
यह भी पढ़ें : आदि कैलाश में जम गया पार्वती कुंड, ओम पर्वत पर बिछी बर्फ की चादर; शून्य से नीचे तापमान, टूरिस्ट रोमांचित
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं