विज्ञापन

साइक्लोन 'अर्नब' का असर... दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड तो पहाड़ों पर बर्फबारी; लेकिन आंध्र-ओडिशा में आफत

'अर्नब' तूफान का असर देशभर में देखने को मिल रहा है. तूफान के चलते दिल्ली से लेकर बिहार तक मौसम बदल गया है तो आंध्र और ओडिशा में आफत कम ही नहीं हो रही है.

साइक्लोन 'अर्नब' का असर... दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड तो पहाड़ों पर बर्फबारी; लेकिन आंध्र-ओडिशा में आफत
नई दिल्ली:

साइक्लोन 'अर्नब' के कारण देशभर में मौसम ने एक बार करवट ले ली है. 'अर्नब' तूफान के चलते दिल्ली-NCR से लेकर कई राज्यों में बारिश हो रही है. मौसम सुहाना हो चुका है. दिल्ली-NCR में तो ठंड भी बढ़ गई है, जबकि पहाड़ों में बर्फबारी हो रही है. 

हालांकि, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तूफान आफत लेकर आई है. अब तक कई लोगों की मौत भी हो चुकी है, जबकि हजारों लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ गया है.

साइक्लोन 'अर्नब' 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था और उसके बाद भयंकर तूफान में बदल गया था. जब यह आंध्र के तट से टकराया था, तब हवा की रफ्तार 135 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी. हालांकि, अब यह कमजोर हो गया है लेकिन इसका असर अभी भी दिख रहा है.

दिल्ली-NCR से बिहार तक बदला मौसम

साइक्लोन 'अर्नब' के कारण देशभर में मौसम एक बार फिर बदल गया है. कई जगहों पर तेज तो कहीं हल्की बारिश हो रही है. 

दिल्ली-NCR में गुरुवार से ही मौसम बदला-बदला है. तूफान के चलते गुरुवार को दिल्ली में चार साल में अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन रहा. गुरुवार को तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री कम रहा. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है.

राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदल गया. मौसम विभाग ने राजस्थान के 28 जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

पिछले 24 घंटों में करौली, भरतपुर, धौलपुर, अलवर, दौसा, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, अजमेर, नागौर और टोंक समेत कई जिलों में बारिश हुई. 

बारिश के कारण राजस्थान में ठंड भी बढ़ गई. करीब 20 जिलों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. 

बिहार में भी कई जिलों में भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए सीतामढ़ी और मधुबनी में रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं दरभंगा, शिवहर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण समेत 26 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने बताया है कि 31 अक्टूबर तक राहत की उम्मीद नहीं है.

यह भी पढ़ें | दिल्ली-यूपी बना शिमला-मनाली, चक्रवाती तूफान से बदला मौसम, अक्टूबर में आई दिसंबर वाली ठंड, हवा बेहद साफ

पहाड़ों पर बर्फबारी

तूफान के चलते कई राज्यों में जहां बारिश हो रही है तो वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी भी होने लगी है.

उत्तराखंड में केदारनाथ सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहने और निचले इलाकों में बारिश होने से पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है.

ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश ने ठंड बढ़ा दी है. देहरादून में लगातार बारिश से तापमान गिर गया है. नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

उत्तराखंड के अलावा, हिमाचल और पूर्वोत्तर राज्यों के ऊंचे इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है. 

पूर्वी सिक्किम के पाकयोंग जिले के कुपुप, नाथू ला और ग्नाथंग घाटी में ताजी बर्फबारी हुईष जिससे यह 'विंटर वंडरलैंड' में बदल गया.

लेकिन आंध्र-ओडिशा में आफत जारी

कई राज्यों में जहां मौसम बदल गया है और ठंड बढ गई है तो वहीं दूसरी ओर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में साइक्लोन 'अर्नब' के कारण आफत बढ़ती ही जा रही है. ओडिशा के कम से कम 17 जिले बाढ़ की चपेट में हैं.

तूफान के कारण ओडिशा के कई जिलों में भारी बाढ़ आ गई है. ओडिशा सरकार ने बताया कि बाढ़ का पानी घरों में घुस जाने के बाद 59,028 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है. 

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि 300 से ज्यादा रेस्क्यू टीमें लगी हुई हैं. उन्होंने बताया कि सुरक्षित निकाले गए लोगों में 3,001 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं.

वहीं, आंध्र प्रदेश में भी 'अर्नब' के कारण जबरदस्त बारिश हो रही है और कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं. अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है. सरकार ने तूफान के चलते 4,600 करोड़ रुपये के नुकसान का शुरुआती अनुमान लगाया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ARNAB, Arnab Cyclone Tracker, Delhi NCR Weather, Snowfall, Delhi NCR Weather News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com