विज्ञापन

सफेद चादर में लिपटा केदारनाथ धाम ! कपाट बंद होने में 10 दिन बाकी, अब तक 18.80 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

केदारनाथ धाम में ताजा बर्फबारी के बाद पूरी केदारपुरी सफेद चादर में लिपट गई है. कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है. कपाट बंद होने में 10 दिन शेष हैं और अब तक 18.80 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं.

सफेद चादर में लिपटा केदारनाथ धाम ! कपाट बंद होने में 10 दिन बाकी, अब तक 18.80 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में मौजूद ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ की नगरी एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर में लिपट गई है. केदारनाथ धाम में रात्रि और सुबह के समय हुई ताजा बर्फबारी से पूरी केदारपुरी का नजारा बेहद खूबसूरत और दिव्य हो गया है. मौसम में कड़ाके की ठंड और लगातार गिरते तापमान के बावजूद बाबा केदार के भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है. वैसे साल 2026 की यह यात्रा अब अपने आखिरी पड़ाव पर है और आगामी 11 नवंबर को भैयादूज के मौके पर सुबह 8.30 बजे केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. इस साल अब तक रिकॉर्ड 18 लाख 80 हजार 398 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं

मौसम की मार पर भारी पड़ रही श्रद्धालुओं की आस्था

केदारनाथ धाम में रात और सुबह के दौरान हुई बर्फबारी से पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है. हिमालय की ऊंची चोटियां और बर्फ से ढकी केदारपुरी का दृश्य श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहा है. धाम का प्राकृतिक और आध्यात्मिक सौंदर्य इन दिनों अपने चरम पर दिखाई दे रहा है. हालांकि लगातार गिरते तापमान और बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है. बर्फबारी थमने के बाद धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही फिर तेज हो गई है.

Kedarnath Snowfall: बाबा केदारनाथ धाम में इस बार रिकॉर्ड श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं. अब कपाट बंद होने में 9 दिन ही बचे हैं. इस बीच बर्फबारी से पूरी केदार घाटी का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है.

Kedarnath Snowfall: बाबा केदारनाथ धाम में इस बार रिकॉर्ड श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं. अब कपाट बंद होने में 9 दिन ही बचे हैं. इस बीच बर्फबारी से पूरी केदार घाटी का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है.
Photo Credit: किशोर रावत

देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पैदल मार्ग, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ पहुंच रहे हैं. बाबा केदार के दर्शनों के साथ श्रद्धालु केदारपुरी की सुंदरता का भी आनंद ले रहे हैं. बर्फ से ढकी चोटियां, मंदिर परिसर और आसपास की वादियां यात्रियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन खूबसूरत नजारों को अपने कैमरों और मोबाइल फोन में कैद कर रहे हैं.

अब तक 18.80 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है. आगामी 11 नवंबर को भैयादूज के पावन अवसर पर सुबह 8:30 बजे भगवान केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में संपन्न होगी.  कपाट बंद होने में कुछ ही दिन शेष रहने के बावजूद श्रद्धालुओं का धाम पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है. इस यात्रा सीजन में अब तक करीब साढ़े 18 लाख श्रद्धालु भगवान केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं. यात्रा के अंतिम दिनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या में कमी नहीं देखी जा रही है.

गर्म कपड़े लेकर ही धाम पहुंचे श्रद्धालु: डीएम

बदलते मौसम और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए धाम में ठहरने, भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. वहीं रुद्रप्रयाग पुलिस भी स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रही है. जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें. उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही ठंड और बर्फबारी को देखते हुए पर्याप्त गर्म कपड़े साथ रखें और अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार ही यात्रा करें. साथ ही प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है.
ये भी पढ़ें: प्रयागराज में ‘काला खजाना' किसका ? अब 10 करोड़ तक पहुंचा आंकड़ा, IT विभाग ने खोजी कुत्तों को लगाया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kedarnath Dham, Kedarnath Snowfall Update, Char Dham Yatra, Uttarakhand News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com