विज्ञापन

पाकिस्तान के लियारी में 'धुरंधर' ही नहीं लेडी डॉन भी, पिंकी की हैरान करने वाली कहानी

एक सामान्य सी लड़की ने पाकिस्तान के चार प्रांतों की पुलिस को कई सालों तक छकाकर रखा. फिल्मों में काम करने का सपना लिए लियारी से लाहौर पहुंची और बन लेडी डॉन. यहां तक की जब गिरफ्तार हुई तो पुलिस वालों ने हथकड़ी लगाने तक की हिम्मत नहीं दिखाई.

पाकिस्तान के लियारी में 'धुरंधर' ही नहीं लेडी डॉन भी, पिंकी की हैरान करने वाली कहानी
ये तस्वीर तब की है जब अनमोल पिंकी को अदालत में पेश किया गया था.
  • अनमोल पिंकी का जन्म 1995 में ग्वादर में हुआ और वह कराची में पली-बढ़ी थी
  • पिंकी के पति राणा नासिर ड्रग्स के धंधे से जुड़ा था, जिसने उसे भी इस धंधे में शामिल कर लिया
  • पिंकी पर कराची, लाहौर और रावलपिंड़ी समेत कई शहरों में ड्रग्स के मामलों में दस से अधिक केस दर्ज हैं

अभी एक फिल्म आई थी धुरंधर, खूब जोरदार चली. भारत में बनी, लेकिन चर्चा पाकिस्तान तक में हुई. उसके सभी किरदार पाकिस्तान में रियल में थे या हैं. यहां तक की लियारी भी. उसी लियारी में एक लेडी डॉन भी है. नाम है 'पिंकी'. असली नाम अनमोल.  पिंकी का जन्म 1995 में ग्वादर में 'अनमोल' के तौर पर हुआ था और वह कराची में पली-बढ़ी. आठवीं क्लास में स्कूल छोड़ने के बाद, वह एक्ट्रेस बनने का सपना लेकर लाहौर चली गईं. 

लाहौर में अनमोल बनी 'पिंकी'

अनमोल के पिता मुराद बख्श कोलाची बलोच समुदाय से थे और टैक्सी ड्राइवर का काम करते थे. कई बार ऑडिशन में फेल होने के बाद, उनकी मुलाकात राणा नासिर से हुई और आखिरकार उससे शादी कर ली. यहीं से उसकी जिंदगी ने फिल्मी करवट ली.अनमोल का पति राणा नासिर एक वकील था, पर बताया जाता है कि उसके संबंध ड्रग्स के धंधे में भी थे. धीरे-धीरे राणा उसे ड्रग्स के धंधे में खींचने लगा और चमक-दमक और पैसे के लिए बचपन से तरसने वाली अनमोल धीर-धीरे पिंकी बन गई. अनमोल को नासिर के क्लाइंट्स को अपनी तरफ मोड़ने में बस एक दशक लगा. वे सभी एक ही नाम जानते थे: पिंकी.

फिर बनी डॉन क्वीन मैडम पिंकी

यह नाम उसने टीनएज में चुना था, मॉडलिंग और हाई-प्रोफाइल पार्टियों की दुनिया के लिए. कहा जाता है कि पिंकी से भी बड़े-बड़े खिलाड़ी पाकिस्तान में हैं, जो चुपचाप काम करते हैं, ज्यादा काम करते हैं, लेकिन शायद ही कभी खुद चर्चा का विषय बनते हैं. पिंकी ने इसके उलट किया. उसके नाम ने बाकी काम कर दिया. नासिर से वो बड़ी हो गई. फिर 2021 में पिंकी पर ड्रग्स का पहला केस हुआ और इसी के बाद राणा ने उसे तलाक दे दिया. राणा मलेशिया चला गया. 2022 में पिंकी के पिता ने दो उर्दू अखबारों में नोटिस छपवाकर उससे सारे रिश्ते तोड़ लिए. अब तक उस पर 10 से ज्यादा ड्रग्स के केस दर्ज हो चुके हैं. बताया जाता है कि पिंकी के ड्रग्स का जाल कराची, लाहौर, इस्लामाबाद से लेकर रावलपिंड़ी तक फैला हुआ था. नेता, अभिनेता, फौज, आतंकवादी से लेकर अपराधी तक उसके मुरीद थे. तब तो वो बन चुकी डॉन क्वीन मैडम पिंकी.

7 अप्रैल 2026 की सुबह, कराची की बगदादी पुलिस को खबर मिली कि लियारी में एक स्कूल के पास फुटपाथ पर एक लाश पड़ी है. उसने भूरी शर्ट और चेक वाली पतलून पहनी थी, उम्र लगभग 25 साल थी, और उसके पास कोई पहचान-पत्र नहीं था. ध्यान देने वाली बात यह थी कि उसके पास सुनहरे फाइल में सील किया हुआ एक छोटा सा टिन मिला. उस पर लिखा था. "क्वीन मैडम पिंकी 'डॉन' नाम ही काफी है. एन्जॉय."

यहां से फिर बदले सितारे

इसी से उसे लियारी की नई लेडी डॉन भी कहा जाने लगा. बगदादी पुलिस ने रोजनामचे (पुलिस डायरी) में लाश को 'पहचान न हो पाने वाले नशेड़ी' के तौर पर दर्ज किया और उसे मुर्दाघर भेज दिया. 9 मई को उन्होंने हत्या का मामला दर्ज किया और टिन पर लिखे नाम 'पिंकी' को आरोपी बनाया. कुछ दिनों बाद फ़ोरेंसिक टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट से उनके शक की पुष्टि हुई कि उसमें 'A-क्लास शेड्यूल I' की नशीली दवा कोकीन के अंश थे. 12 मई को पिंकी की गिरफ्तारी की घोषणा की गई.

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 12 मई को सिंध पुलिस और एक फ़ेडरल इंटेलिजेंस एजेंसी ने कराची के गार्डन इलाके में एक फ़्लैट से पिंकी को हिरासत में लिया. बताया गया कि पिंकी गिरफ्तारी एक गुप्त सूचना के आधार पर हुई थी. पिंकी के पूर्व पति ने कराची में एक सब-इंस्पेक्टर को उसके छिपने की जगह के बारे में जानकारी दी थी. वह पुलिसकर्मी बहुत खुश था; वह 2019 से पिंकी के मामले पर काम कर रहा था और एक बार तो उसे पकड़ने के बहुत करीब भी पहुंच गया था. वह आठ साल से गिरफ्तारी से बच रही थी और इसलिए लाहौर और कराची पुलिस, काउंटर-टेररिज्म डिपार्टमेंट और एंटी-नारकोटिक्स फ़ोर्स के बीच नशीली दवाओं, अवैध हथियारों और हिंसक अपराधों से जुड़े 28 मामलों में 'मोस्ट-वांटेड' अपराधी के तौर पर जानी जाती थी.

संयुक्त ऑपरेशन टीम ने बताया कि उसके फ़्लैट में पैकेजिंग मटीरियल के डिब्बे, वैसे ही सील किए हुए टिन (जैसा उस अज्ञात नशेड़ी के पास मिला था), अन्य नशीली दवाएं और दस राउंड वाली 9mm की पिस्तौल मिली. लेकिन सबसे अहम बात यह है कि इसमें लगभग 1.5 किलोग्राम कोकीन थी, जिसकी कीमत 3 करोड़ रुपये है—यह एक ही बार में की गई इतनी बड़ी ज़ब्ती थी, जितनी पुलिस ने साल के शुरुआती आठ महीनों में पूरे सिटी ज़िले से जब्त की थी.

अब बायोपिक की तैयारी

जब 17 मई को मैडम पिंकी को कराची सेंट्रल जेल के अंदर जुडिशियल कॉम्प्लेक्स में पेश किया गया, तो उसने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी. जब उसे पुलिस वैन से अदालत लाया गया तो पत्रकारों को देखकर वह चिल्लाई, "ये लोग मुझे 22 दिन पहले लाहौर से उठाकर यहां लाए थे!" फिर उसने कहा, "हम तो डूबे हैं सनम, इन सबको ले डूबेंगे." इशारा साफ था कि उसे कुछ हुआ तो सफेदपोशों के नाम वो बता देगी. उसके इतना कहते ही कोर्ट में पेशी के दौरान उसे हथकड़ी तक नहीं पहनाई गई. वीआईपी जैसा ट्रीटमेंट दिया गया. फिलहाल, वो जेल में है. जांचकर्ताओं ने बताया कि पिंकी ने कथित तौर पर तलाक के बाद लाहौर में DSP-लेवल के पुलिस अधिकारी राणा अकरम से शादी की थी. बताया जाता है कि उन्होंने अनमोल से मिले पैसों से दो बंगले भी खरीदे थे. शायद ये भी कारण हो. खबर है कि पिंकी पर एक बायोपिक भी बनने वाली है. एक्ट्रेस सबा कमर उसकी भूमिका निभाने वाली हैं. इसके लेखक पाकिस्तान के जाने-माने पत्रकार शाहजेब खानजादा हैं. 

यह भी पढ़ें-

नेपाल में शांत पहाड़ भी अब डरा रहे, आखिर क्यों गुस्से में है प्रकृति? भारत को भी लेनी चाहिए सीख

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lady Don, Pakistan, Pakistan Hindi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com