विज्ञापन

कोलकाता: चोरबागान भगदड़ ने दिलाई 3 बड़े हादसों की याद, जहां 60 लोगों की गई थी जान

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद देश की उन बड़ी भगदड़ त्रासदियों पर नजर, जिनमें तमिलनाडु में विजय की रैली, बेंगलुरु में RCB विजय जश्न और हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर हादसे समेत दर्जनों लोगों की जान गई थी.

पश्चिम बंगाल के कोलकाता के चोरबागान में 17 अक्टूबर 2026 की शाम भगदड़ मचने से तकरीबन 17 लोगों की मौत हो गई

पश्चिम बंगाल के कोलकाता के चोरबागान में 17 अक्टूबर 2026 की शाम भगदड़ मचने से तकरीबन 17 लोगों की मौत हो गई और 25 के आसपास लोगों के घायल होने की सूचना है. बताया जा रहा है कि चोरबागान कोलकाता के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में से एक है. यहां शाम को बारिश हो रही थी. इस वजह से पंडाल के एक हिस्से में भीड़ का दबाव अधिक हो गया. उसी दौरान पंडाल का एक ढांचा ढह गया, जिसके बाद भगदड़ मचने की बात सामने आई है.

पंडाल को फिलहाल बंद कर दिया गया है. हालांकि पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से अभी तक मौतों का कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है. वहीं, प्रशासन ने भी हादसे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. 

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल की इस घटना से पहले भी देश के कई हिस्सों में भगदड़ की वजह से बड़ी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है. तमिलनाडु में अभिनेता विजय की रैली, बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की विक्ट्री सेलिब्रेशन रैली और हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर परिसर में पिछले साल भगदड़ मच चुकी है. इन तीनों घटनाओं में कुल 60 लोगों की मौत हुई थी.

देश में 2025 में हुई तीन बड़ी भगदड़ की घटनाएं 

1. विजय की रैली में भगदड़

तमिलनाडु के करूर जिले में 27 सितंबर 2025 को अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की रैली के दौरान अफरा-तफरी मच गई थी. भारी भीड़ के बीच हुए इस हादसे में कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि करीब 100 लोग घायल हुए थे. यह घटना उस वर्ष देश की सबसे भीषण भगदड़ घटनाओं में से एक मानी गई थी. इसके बाद बड़े राजनीतिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल उठे थे.

2. बेंगलुरु में RCB के जश्न के दौरान भगदड़

आईपीएल 2025 का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के प्रशंसकों का उत्साह एक बड़े हादसे में बदल गया था. 4 जून 2025 को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर क्वींस रोड और गेट नंबर 6-7 के पास जीत के जश्न में जुटी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई थी. इस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए थे. टीम की ऐतिहासिक जीत का जश्न कुछ ही पलों में मातम में बदल गया था.

3. मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़

उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में 27 जुलाई 2025 को रविवार सुबह करीब 9:15 बजे भगदड़ मच गई थी. पहाड़ी पर स्थित इस मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी. हादसे में करीब 8 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए थे. मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लगभग 800 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं. सावन के दौरान बढ़ी भीड़ के बीच हुई इस घटना ने धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था पर फिर से बहस छेड़ दी थी. 

LIVE: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ जैसे हालात, 17 लोगों की की मौत, कई घायल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kolkata, Stampede, Durga Puja
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com