प्यार और भरोसे का कत्ल कितना क्रूर हो सकता है, इसका एक रोंगटे खड़े कर देने वाला उदाहरण कोल्हापुर से सामने आया है. कुछ दिनों पहले एक घटना सामने आई थी, जहां प्रेमिका ने अपने होने वाले पति को लोहगढ़ की खाई में धकेल दिया था. उसी तर्ज पर अब एक और मामला सामने आया है, लेकिन यहां प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को मौत के घाट उतारा है. घटना कोल्हापुर के भुदरगढ़ तालुका की है. एक प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका को नाइकवाड़ी झरने की ऊंचाई से नीचे गहरी खाई में धकेल दिया और उसकी मौत हो गई. पुलिस को शक है कि प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने और लड़की द्वारा पुराने प्रेम संबंध को आगे बढ़ाने से इनकार करने की वजह से प्रेमी ने गुस्से में आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. मृत युवती का नाम तरन्नुम बशीर नाइक है, जबकि आरोपी प्रेमी का नाम श्रीपाद दिनकर वडर है.
शुक्रवार की सुबह श्रीपाद उसे घुमाने के बहाने नाइकवाड़ी झरने के पास ले गया. झरने की चोटी पर पहुंचने के बाद तरन्नुम ने उसे बताया कि उसकी शादी तय हो गई है और अब वे इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ा सकते. इसी बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हुई और गुस्से में श्रीपाद ने तरन्नुम को सीधे खाई में धकेल दिया.
प्रेमिका को खाई में धकेलने के बाद आरोपी श्रीपाद वडर खुद भुदरगढ़ पुलिस स्टेशन पहुंच गया. पुलिस से बचने के लिए उसने एक झूठी कहानी रची कि वे दोनों सेल्फी ले रहे थे और पैर फिसलने से तरन्नुम खाई में गिर गई.
हालांकि, पुलिस को उसकी बातों पर शक हुआ और जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो श्रीपाद टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली.
मृतका कौन थी?
मृतका तरन्नुम इंजीनियरिंग की छात्रा थी. आरोपी श्रीपाद और तरन्नुम दोनों एक ही कॉलोनी में रहते थे. दोनों के बीच करीब 5 साल से प्रेम प्रसंग था. 9 अक्टूबर (शुक्रवार) सुबह से तरन्नुम नाइक लापता थी. एक महीने बाद तरन्नुम की शादी होने वाली थी. आरोपी श्रीपाद प्रेमिका को नाइकवाड़ी झरने पर ले गया. वहां पर रिश्ते को खत्म करने और शादी को लेकर दोनों में विवाद हुआ. प्रेमिका के न मानने पर श्रीपाद ने उसे खाई में धकेल दिया. 10 अक्टूबर (शनिवार) शाम को श्रीपाद खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा. पुलिस के सामने आरोपी ने 'सेल्फी लेते वक्त गिरने' की झूठी कहानी रची. पुलिस ने शव बरामद किया और आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की. आखिरकार प्रेमी श्रीपाद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
यह भी पढ़ें | प्रेमिका ही निकली प्रेमी की कातिल! पति, सास और देवर के साथ मिलकर की बेरहमी से हत्या
गारगोटी के शिवाजीनगर की रहने वाली बेटी के साथ हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों और रिश्तेदारों में आक्रोश है. इस बीच चर्चा है कि आरोपी श्रीपाद किसी राजनीतिक नेता का करीबी है. इसलिए परिजनों ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और किसी भी राजनीतिक दबाव के बिना सख्त कार्रवाई की जाए. परिजनों की मांग है कि इस मामले को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए.
(कोल्हापुर से विशाल पुजारी का इनपुट)
यह भी पढ़ें | लोहगढ़ में केतन को मेरे सामने चेतन ने धक्का दिया, मुझे बोला, तुझे भी फेंकू- चश्मदीद ने बताया आंखों देखा हाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं