- योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से हिंदू वोटरों के नाम अधिक से अधिक जुड़वाने के लिए सक्रिय रहने की अपील की
- केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं को निपटाने की प्रवृत्ति से बचने और संगठन की मजबूती बनाए रखने को कहा
- योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 1.27 करोड़ हिंदू वोट कम हुए हैं, इसलिए बूथ स्तर पर वोट बढ़ाने का काम जरूरी है
उत्तर प्रदेश भाजपा की शुक्रवार को SIR को लेकर मीटिंग थी. इस बैठक में योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से हिंदू वोटरों के नाम ज्यादा से ज्यादा जुड़वाने के लिए सक्रिय रहने की अपील की. वहीं केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं को अलर्ट रहने को कहा. इसके अलावा उन्होंने कार्यकर्ताओं की नाराजगी का भी जिक्र किया और कहा कि वे निपटाने की प्रवृत्ति से बचें. डिप्टी सीएम ने कहा, 'कार्यकर्ता 'निपटाने' की प्रवृत्ति से बचें क्योंकि अगर सरकार नहीं रहेगी तो आप किसी को निपटा कर क्या हासिल करेंगे. केशव मौर्य ने कहा कि संगठन की मजबूती ज़रूरी है. कार्यकर्ता को समझना चाहिए कि सरकार रहेगी तभी पद भी मिलेगा.'
इसके आगे उन्होंने कहा कि आखिर राज्यसभा जो लोग भेजे गए, वो भी तो कार्यकर्ता ही हैं. ऐसे में नाराज़गी हो सकती है लेकिन इस नाराज़गी का असर संगठन के काम पर नहीं पड़ना चाहिए. इसके अलावा योगी आदित्यनाथ ने फिर से दोहराया कि 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कम हुए हैं. उन्होंने कहा कि जब हिंदुओं को आबादी बढ़ी है तो उसी अनुपात में वोट्स बढ़ने चाहिए थे लेकिन ऐसा नहीं हुआ. ऐसा क्यों नहीं हुआ, उस पर विचार करके बूथ स्तर पर काम होना चाहिए. उन्होंने समझाया कि अगर हिंदू वोटर्स कम होंगे तो इसका सीधा असर बीजेपी को मिलने वाले वोटों पर देखने को मिल सकता है.
उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि बूथ स्तर पर अगले एक महीने लगकर अपने जितने वोट बढ़ा सकें, उतने बढ़वाये जाएं. इस मीटिंग में केशव प्रसाद मौर्य ने निपटाने की प्रवृत्ति को लेकर खुलकर कुछ नहीं कहा, लेकिन उनका इशारा शायद नाराज कार्यकर्ताओं की ओर था. कई इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की कमी और सरकार एवं संगठन से नाराजगी की बात कही जा रही है. ऐसी स्थिति में सरकार भी अलर्ट है. कार्यकर्ताओं को राजी करने के प्रयास हो रहे हैं. यहां तक कि प्रभारी विनोद तावड़े और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तक ने कई लोगों से मुलाकात की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं