- दिल्ली में युगे युगीन भारत नामक दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालय के निर्माण की कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है
- इस संग्रहालय के लिए लगभग तीन हजार दो सौ करोड़ रुपये की पूंजी खर्च करने की योजना बनाई गई है
- संग्रहालय की मुख्य थीम सनातन धर्म होगी और इसमें अन्य धर्मों तथा संस्कृति की जानकारी भी दी जाएगी
दिल्ली में दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालय को बनाने की तैयारी है. इसका नाम युगे युगीन भारत होगा और कैबिनेट से इसके लिए मंजूरी मिल गई है. इस प्रोजेक्ट में 3,200 करोड़ रुपये की पूंजी खर्च करने की तैयारी है. जानकारी के मुताबिक इस म्यूजियम की मुख्य थीम सनातन धर्म होगा. इसमें सनातन धर्म के मूल्यों, इतिहास और उसके विस्तार आदि के बारे में बताया जाएगा. यही नहीं विभिन्न संस्कृतियों के साथ सनातन धर्म के रिश्तों के बारे में भी यहां जानकारी मिल सकेगी. यही नहीं इस्लाम के बारे में भी यहां एक झलक दिखेगी. कैसे भारत में इस्लाम आया और किन-किन क्षेत्रों में उसकी कैसे झलक मिलती है. यह भी इस म्यूजियम में बताया जाएगा.
संस्कृति मंत्रालय के सचिव ने बताया कि इस म्यूजियम में सनातन धर्म से जुड़ी चीजों को विस्तार से बताया जाएगा. इसके अलावा अन्य संस्कृतियों से भी यह अवगत कराएगा. सनातन धर्म का मूल क्या है. इसकी उत्पत्ति और विकास का क्रम क्या था. इसके अलावा सिख, जैन, बौद्ध धर्मों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी. इस्लाम के बारे में भी जरूरी जानकारियां यहां रहेंगी. इसके अलावा भारत के विकास की यात्रा से जुड़े कई युगों के बारे में भी यहां जानकारी रहेगी. इसी आधार पर म्यूजियम का नाम ही युगे युगीन भारत रखा गया है. इस म्यूजियम की पहली गैलरी को अगले ही साल शुरू कर दिया जाएगा.
कैबिनेट नोट के मुताबिक 'युगे युगीन भारत म्यूजियम' की परिकल्पना एक ऐतिहासिक सभ्यतागत संग्रहालय के रूप में की गई है, जो भारत की सभ्यतागत विरासत की निरंतरता, विविधता और समृद्धि को उसकी मूर्त एवं अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के समग्र चित्रण के माध्यम से प्रदर्शित करेगा. युगे युगीन भारत संग्रहालय विश्व में सबसे बड़े डिस्पले क्षेत्र वाला संग्रहालय होगा. इसे लगभग 1,78,509 वर्ग मीटर के प्रस्तावित निर्मित क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है. इसका विकास ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर के अनुकूली पुनः उपयोग के माध्यम से किया जाएगा.
इस दौरान इन भवनों की वास्तुशिल्पीय विशेषताओं और ऐतिहासिक विरासत के महत्व को संरक्षित रखते हुए इन्हें एक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा. पिछले ही सप्ताह संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल ने एनडीटीवी के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा था कि *Yuge Yugeen Museum" दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के आधार पर इसे तैयार किया जा रहा है. नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक की गैलरीज में भारत की सभ्यतागत यात्रा को दर्शाया जाएगा. जो भी व्यक्ति इस म्यूजियम में आएगा उसे भारत की सभ्यता की पूरी समझ हो जाएगी. प्रधानमंत्री मोदी ने निर्देश दिया है कि इस नए म्यूजियम को दिसंबर 2028 तक पूरी तरह से तैयार कर लिया जाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं