विज्ञापन

बॉयफ्रेंड, लड़की और गैंगस्टर... पीछा छुड़ाने के लिए 19 साल की प्रेमिका ने रची हैरान करने वाली साजिश

केरल के तिरूर में 19 साल की प्रेमिका पर अपने बॉयफ्रेंड से छुटकारा पाने के लिए उसकी किडनैपिंग और हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है. लड़की ने गैंगस्टर को इसके लिए सुपारी दी थी.

बॉयफ्रेंड, लड़की और गैंगस्टर... पीछा छुड़ाने के लिए 19 साल की प्रेमिका ने रची हैरान करने वाली साजिश
केरल में सनसनीखेज मामला (प्रतीकात्मक AI इमेज)
NDTV
  • केरल के तिरूर में 19 वर्षीय युवती सफाना ने अपने बॉयफ्रेंड को किडनैप और हत्या की कोशिश के लिए साजिश रची थी
  • सफाना ने अपने दो सहेलियों और दो पेशेवर अपराधियों की मदद से युवक को मिलने के बहाने बुलाकर जाल में फंसाया था
  • गैंग ने युवक को जबरन कार में बैठा कर पीटा, उसका मोबाइल छीन लिया और नदी किनारे फेंक कर फरार हो गए थे

केरल के तिरूर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बॉयफ्रेंड से छुटकारा पाने के लिए 19 साल की एक युवती ने खौफनाक साजिश रच डाली. उसने अपने दोस्तों और एक गैंग को सुपारी देकर बॉयफ्रेंड को किडनैप करवाया, उसे बुरी तरह पिटवाया और उसकी हत्या की कोशिश की. इस मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड युवती समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 3 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। पकड़े गए दोनों पुरुषों का पहले से ही लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है.

मिलने के बहाने बुलाया और जाल में फंसाया

पुलिस के मुताबिक, इस पूरी साजिश की मास्टरमाइंड पलक्कड़ के पट्टाम्बी की रहने वाली 19 साल की सफाना है. सफाना अपने बॉयफ्रेंड से रिश्ता खत्म करना चाहती थी, लेकिन इसके लिए उसने खौफनाक रास्ता चुना.

सफाना ने बॉयफ्रेंड को मिलने के बहाने देर रात तिरूर बुलाया. युवक को इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह एक जाल है. आरोपियों में से एक व्यक्ति युवक को सफाना के पास ले जाने का झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर उस जगह ले गया, जहां गैंग के बाकी सदस्य पहले से ही घात लगाए बैठे थे.

कार में किया किडनैप, बेरहमी से पीटा और नदी किनारे फेंका

प्लान के मुताबिक, पीड़ित को जबरन एक कार में बैठा लिया गया. इसके बाद गैंग ने उसे बुरी तरह पीटा, उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसकी जान लेने की कोशिश की. बुरी तरह घायल होने के बाद हमलावर युवक को आधी रात को थाझेपालम नदी के किनारे सड़क पर फेंक कर फरार हो गए. पीड़ित किसी तरह पुलिस से संपर्क करने में कामयाब रहा, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ.

दोस्तों और पेशेवर अपराधियों की ली मदद

पुलिस जांच में पता चला है कि सफाना ने इस साजिश को अंजाम देने के लिए तिरूर की रहने वाली अपनी दो सहेलियों नादिया और रबीबा के साथ-साथ इरशाद और अजहरुद्दीन नाम के दो पेशेवर अपराधियों की मदद ली.

आरोपियों का है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल दोनों आरोपी इरशाद और अजहरुद्दीन आदतन अपराधी हैं. तटीय इलाके में ड्रग तस्करी, हत्या के प्रयास और हिंसक हमलों सहित कई आपराधिक मामलों में उनके खिलाफ केस दर्ज हैं. दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं और उन पर 'केरल एंटी-सोशल एक्टिविटीज (प्रिवेंशन) एक्ट' (KAAPA) के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है.

पांचों आरोपी न्यायिक हिरासत में

तिरुर के इंस्पेक्टर जलील करुथेदथ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार तड़के थाझेपालम के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. सभी को तिरुर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें | बाबा निराला को देखना है तो डाउनलोड करें ये ऐप, बिना सब्सक्रिप्शन के फ्री में देख सकेंगे बॉबी देओल की 'आश्रम'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerala News, Kerala News Crime, Crime News, CRIME NEWS UPDATE
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com