- असम के श्रीभूमि जिले के नीलांबजार के घोलघाट गांव में फारूक अहमद ने अपने पिता और दो छोटे भाइयों की हत्या की
- आरोपी ने धारदार हथियार से पारिवारिक सदस्यों पर जानलेवा हमला किया
- हमले में दो भाइयों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता ने अस्पताल में दम तोड़ा
असम के श्रीभूमि जिले से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक घटना सामने आई है. यहां नीलांबजार के घोलघाट गांव में एक युवक ने अपने ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी. मृतकों में आरोपी के पिता और दो छोटे भाई शामिल हैं. इस ट्रिपल मर्डर के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
तड़के 3 बजे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे की है. आरोपी की पहचान फारूक अहमद के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि किसी पारिवारिक विवाद के चलते फारूक ने धारदार हथियार से अपने परिवार वालों पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में उसके दो छोटे भाइयों 10 साल के जहांगीर हुसैन और 7 साल के आलम उद्दीन की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल पिता खलील उद्दीन ने श्रीभूमि जिले के एक स्थानीय अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
मां और एक भाई की हालत गंभीर
आरोपी का कहर यहीं नहीं रुका. इस अंधाधुंध हमले में परिवार के पांच अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें आरोपी की मां आलिया बेगम और एक अन्य भाई अल्ताफ हुसैन शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, दोनों की हालत बेहद नाजुक है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
नशे का आदी है आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
दो बच्चों की मौत की सूचना मिलते ही नीलांबजार पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी फारूक अहमद को गिरफ्तार कर लिया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि फारूक नशे का आदी था. पुलिस को भी शक है कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे कोई पारिवारिक विवाद है और वारदात के वक्त आरोपी नशे की हालत में था.
फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करीमगंज सिविल अस्पताल भेज दिया है. पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की असल वजह और पूरी घटना का खुलासा हो सके. मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है.
यह भी पढ़ें | गुवाहाटी के पास बड़ा ट्रेन हादसा, कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस की कई बोगियां पटरी से उतरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं