बॉबी देओल की वेब सीरीज ‘आश्रम' को भला कौन भूल सकता है. साल 2020 में रिलीज हुई इस सीरीज ने आते ही दर्शकों के बीच खूब लोकप्रियता हासिल की थी. प्रकाश झा के निर्देशन में बनी इस सीरीज में बॉबी देओल ने बाबा निराला का किरदार निभाया था. उनकी दमदार एक्टिंग ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया और इस भूमिका ने उनके करियर को एक नई पहचान दी. उस समय यह सीरीज एमएक्स प्लेयर पर रिलीज हुई थी, लेकिन अब इस ओटीटी प्लेटफॉर्म का नाम और पहचान बदल चुकी है. ऐसे में कई दर्शकों के मन में सवाल है कि आखिर एमएक्स प्लेयर कहां चला गया और अब ‘आश्रम' को कहां देखा जा सकता है? आइए जानते हैं.
एमएक्स प्लेयर का नाम बदलकर क्या हो गया?
एमएक्स प्लेयर की शुरुआत एक वीडियो प्लेयर के रूप में हुई थी, लेकिन बाद में इसने ओटीटी की दुनिया में अपनी खास जगह बना ली. यहां दर्शकों को कई फिल्में और वेब सीरीज बिना किसी सब्सक्रिप्शन के देखने का मौका मिलता था. साल 2024-25 के दौरान अमेजन के साथ हुए सौदे और इंटीग्रेशन के बाद यह प्लेटफॉर्म अब अमेजन एमएक्स प्लेयर के नाम से जाना जाता है. यानी एमएक्स प्लेयर पूरी तरह बंद नहीं हुआ है, बल्कि नए नाम और नए रूप में दर्शकों के सामने मौजूद है.
फ्री में कहां देख सकते हैं ‘आश्रम' के सभी सीजन?
अगर आप बॉबी देओल की ‘आश्रम' दोबारा देखना चाहते हैं या पहली बार इस सीरीज को देखने की योजना बना रहे हैं, तो इसके लिए आपको महंगा सब्सक्रिप्शन लेने की जरूरत नहीं है. अमेजन एमएक्स प्लेयर पर यह सीरीज विज्ञापनों के साथ मुफ्त में उपलब्ध है. इसके लिए आप अपने मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर या ऐपल ऐप स्टोर से Amazon MX Player ऐप डाउनलोड कर सकते हैं. इसके अलावा उपलब्ध वेब वर्जन के जरिए भी इसे देखा जा सकता है. यह प्लेटफॉर्म मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी पर इस्तेमाल किया जा सकता है.
क्या है ‘आश्रम' की कहानी और कौन-कौन है स्टारकास्ट में?
‘आश्रम' एक क्राइम-थ्रिलर ड्रामा सीरीज है. इसकी कहानी काशीपुर के बाबा निराला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो खुद को लोगों का मसीहा बताता है. धीरे-धीरे उसके आश्रम के पीछे छिपे अपराध, धोखाधड़ी, सत्ता और अंधविश्वास के कई राज सामने आने लगते हैं. सीरीज में बॉबी देओल के अलावा अदिति पोहनकर, चंदन रॉय सान्याल, दर्शन कुमार, अनुप्रिया गोयनका और त्रिधा चौधरी अहम भूमिकाओं में हैं.
इस सीरीज का पहला सीजन 1 अगस्त 2020 को रिलीज हुआ था. इसके बाद दूसरा सीजन नवंबर 2020 में आया, जबकि तीसरा सीजन जून 2022 में रिलीज किया गया. तीसरे सीजन का दूसरा पार्ट भी दर्शकों के लिए उपलब्ध है. IMDb पर इस सीरीज को 10 में से 6.6 रेटिंग मिली है. बॉबी देओल का बाबा निराला वाला किरदार आज भी दर्शकों के बीच काफी चर्चित है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं