विज्ञापन

CPM नेता की हत्या मामले में तीन RSS-BJP कार्यकर्ताओं को उम्रकैद, 5-5 लाख जुर्माना

केरल के कन्नूर में CPM नेता धनराज हत्याकांड में कोर्ट ने RSS-BJP के तीन कार्यकर्ताओं को उम्रकैद की सजा सुनाई है. मामले में 16 आरोपी बरी हुए हैं. साल 2016 में घर के बाहर परिवार के सामने धनराज की हत्या हुई थी.

CPM नेता की हत्या मामले में तीन RSS-BJP कार्यकर्ताओं को उम्रकैद, 5-5 लाख जुर्माना
साल 2016 में घर के बाहर हुई थी धनराज की हत्या.
Representational Image/Canva
कन्नूर:

केरल के राजनीतिक रूप से संवेदनशील कन्नूर जिले में सीपीएम नेता सीवी धनराज की हत्या के 10 साल बाद कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. तालीपरंबा एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट ने तीन आरएसएस-बीजेपी कार्यकर्ताओं को कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. इस मामले में तालिपरम्बा अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायालय ने सजा सुनाई है. कोर्ट ने बुधवार को इस मामले के पहले तीन आरोपियों टीपी बीजू, एम विपिन और एम वैशाख को सजा सुनाई और प्रत्येक पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया. विपिन और वैशाख भाई हैं.

कोर्ट ने निर्देश दिया है कि विभिन्न अपराधों के लिए सजाएं लगातार चलेंगी. अन्य अपराधों के लिए पांच साल और चार महीने की कैद पूरी करने के बाद दोषी अपनी उम्रकैद की सजा काटना शुरू करेंगे.

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि जुर्माना न भरने पर पांच साल की अतिरिक्त जेल की सजा होगी. अगर जुर्माना वसूला जाता है, तो यह राशि 'लीगल सर्विसेज अथॉरिटी' के जरिए से धनराज के परिवार को सौंप दी जाएगी.

क्यों बरी हुए 16 आरोपी?

सोमवार को एडिशनल सेशन जज के.एन. प्रशांत ने तीनों आरोपियों को हत्या का दोषी ठहराया. वहीं, संदेह का लाभ देते हुए 16 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया गया. शुरुआत में इस मामले में 20 आरएसएस-बीजेपी कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया था. हालांकि, 12वें आरोपी सी. बीजू की बाद में हत्या हो गई, जिसके चलते बाकी 19 आरोपियों के खिलाफ ही मुकदमा पूरा हुआ.

सजा तय करने को लेकर हुई बहस के दौरान, अभियोजन पक्ष ने अधिकतम सजा की मांग की. उन्होंने तर्क दिया कि यह हत्या रेयरेस्ट ऑफ रेयर कैटेंगरी में आती है.

बचाव पक्ष ने मामले के राजनीतिक प्रभाव और दोषियों के छोटे बच्चे होने का हवाला देते हुए नरमी बरतने की अपील की. ​​हालांकि, कोर्ट ने गौर किया कि धनराज के भी दो बच्चे थे.

DYFI नेता और CPM शाखा सचिव धनराज की 11 जुलाई 2016 को पयन्नूर के रामंथली में उनके घर के बाहर, उनके परिवार वालों के सामने हत्या कर दी गई थी.

कोर्ट ने घर में जबरन घुसने, धनराज की मां पर हमला करने, उनके परिवार वालों को बंधक बनाने-धमकाने और हथियारों से हमला करने के लिए अलग-अलग जेल की सजा भी सुनाई.

भारी पुलिस सुरक्षा के बीच जब फैसला सुनाया गया, तो अदालत परिसर में CPM नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और धनराज के रिश्तेदारों सहित सैकड़ों लोग जमा हो गए. तीनों दोषियों को कन्नूर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें | केरल की दुल्हन का वीडियो हुआ वायरल, शादी की रस्में छोड़ बीमार कैटरिंग वर्कर को दिया फर्स्ट एड

यह भी पढ़ें | केरल में ED अफसरों पर पत्थरबाजी, कार के शीशे भी टूटे, पिनारई विजयन के घर पर रेड के बाद बड़ा बवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerala, Kannur, CV Dhanaraj, CPM, Life Sentance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com