विज्ञापन

गोरा बनाने वाली क्रीम ने बिगाड़ी किडनी! 17 साल की लड़की के बाद सिंगर सलीम कोडाथूर ने भी सुनाई दर्दनाक आपबीती

सिंगर सलीम कोडाथूर ने दावा किया कि लगभग 10 साल पहले दोस्‍त की सलाह पर एक ब्‍यूटी प्रोडक्‍ट का इस्तेमाल करने के कुछ ही महीनों के भीतर उनके पेशाब की नली में गंभीर संक्रमण हो गया, पलकों और पैरों में सूजन आ गई तथा उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर हो गई.

गोरा बनाने वाली क्रीम ने बिगाड़ी किडनी! 17 साल की लड़की के बाद सिंगर सलीम कोडाथूर ने भी सुनाई दर्दनाक आपबीती
चेहरे के दाग मिटाने वाली क्रीम में मिला जहरीला पारा, सिंगर सलीम कोडाथूर भी हुए थे बीमार
  • केरल में गायक सलीम ने ब्यूटी प्रोडक्ट के इस्तेमाल से किडनी में मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी बीमारी होने का दावा किया
  • सलीम को प्रोटीन एल्ब्यूमिन स्तर कम होने, संक्रमण और सूजन जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा
  • 17 वर्षीय लड़की ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के कहने पर फेयरनेस क्रीम खरीदी, जिससे उसे किडनी की बीमारी हो गई
मलाप्पुरम:

गोरा बनाने का दावा करने, खूबसूरती बढ़ाने और चेहरे से दाग-धब्बे मिटाने के नाम पर बिकने वाले ब्यूटी प्रोडक्ट्स कितने खतरनाक हो सकते हैं, इसका चौंकाने वाला मामला सामने आया है. केरल में एक 17 वर्षीय लड़की के बाद अब गायक और संगीतकार सलीम कोडाथूर ने भी एक ब्‍यूटी प्रोडक्‍ट के इस्तेमाल से क्रिटिकल हेल्‍थ इश्‍यू होने का दावा किया है. सलीम के मुताबिक, करीब 10 साल पहले एक दोस्‍त की सलाह पर उन्होंने एक ब्यूटी प्रोडक्ट का इस्तेमाल किया था. इसके कुछ ही महीनों बाद उनकी सेहत बिगड़ने लगी और उन्हें किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारी का सामना करना पड़ा.

बॉडी कम बनने लगा एल्ब्यूमिन नामक प्रोटीन

सलीम कोडाथूर ने रविवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रोडक्‍ट के इस्तेमाल के बाद उन्हें पेशाब की नली में गंभीर इंफेक्‍शन हुआ. इसके अलावा उनकी पलकों और पैरों में सूजन आने लगी और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर हो गई. शुरुआत में उन्हें इन समस्याओं की गंभीरता का अंदाजा नहीं था, लेकिन जब उन्होंने डॉक्‍टरों को दिखाया, तो पता चला कि उनकी बॉडी में एल्ब्यूमिन नामक प्रोटीन का स्तर लगातार कम हो रहा है.
डॉक्टरों ने उन्हें चेतावनी दी थी कि अगर शरीर से इसी तरह प्रोटीन कम होता रहा तो उनकी किडनी काम करना बंद कर सकती हैं. इसके बाद कराई गई किडनी बायोप्सी में उन्हें 'मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी' नामक बीमारी होने का पता चला. इस बीमारी के इलाज के लिए उन्हें कई महीनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा और लंबे समय तक इलाज कराना पड़ा.

सलीम ने बताया कि इस बीमारी ने न सिर्फ उनकी बॉडी को इफेक्‍ट किया, बल्कि उनकी मेंटल हेल्‍थ और प्रोफेशनल लाइफ पर भी असर डाला. बीमारी के कारण उन्हें कई म्‍यूजिक प्रोग्राम रद्द या स्थगित करने पड़े, जिससे काफी नुकसान भी उठाना पड़ा. उन्होंने कहा कि उस दौरान वह शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद कमजोर हो गए थे.

17 साल की लड़की को भी हुई यही बीमारी

यह मामला केरल की एक 17 वर्षीय लड़की से जुड़ी घटना के सामने आने के बाद फिर चर्चा में आया है. लड़की को कथित तौर पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के वीडियो देखकर एक फेयरनेस क्रीम खरीदना महंगा पड़ गया. मलप्पुरम स्थित एस्टर एमआईएमएस मदर हॉस्पिटल के डॉक्‍टरों के मुताबिक, लड़की ने इंस्टाग्राम पर ऐसे वीडियो देखे थे, जिनमें क्रीम को मुहांसों, काले धब्बों और पिगमेंटेशन की समस्या दूर करने वाला बताया गया था.

क्रीम का इस्तेमाल करने के कुछ समय बाद लड़की की तबीयत बिगड़ने लगी. उसका ब्‍लड प्रेशर अचानक कम होने लगा और वह बेहोश भी हो गई. इसके अलावा उसके पैरों में इतनी सूजन आ गई कि चलना-फिरना और सीढ़ियां चढ़ना तक मुश्किल हो गया. जांच के दौरान उसकी किडनी में मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी पाया गया. 

क्रीम में मिला पारा, सामान्य सीमा से हजारों गुना ज्यादा

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात क्रीम में पारे की खतरनाक मात्रा का मिलना है. लड़की का इलाज कर रहे डॉक्‍टर ने शनिवार को बताया था कि उसके खून में पारा खतरनाक स्तर तक पाया गया है. क्रीम की जांच में पारे की मात्रा 12,500 पार्ट्स प्रति मिलियन (पीपीएम) मिली, जबकि सौंदर्य उत्पादों में इसकी सामान्य स्वीकार्य सीमा 1 पीपीएम से भी कम होती है. यानी जांच में क्रीम के अंदर पारे की मात्रा निर्धारित सीमा से कई हजार गुना अधिक पाई गई. पारे जैसे जहरीले तत्व का इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है.

पुलिस में शिकायत, अब उपभोक्ता अदालत जाने की तैयारी

लड़की ने रविवार को बताया कि उसने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और इस्तेमाल की गई क्रीम का नमूना भी पुलिस को सौंप दिया है. पुलिस ने उसे विश्‍वास दिलाया है कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी. लड़की के मुताबिक, पुलिस ने क्रीम के नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की बात कही है. लैब की रिपोर्ट मामले को मजबूत करने में मददगार साबित हो सकती है.

ये भी पढ़ें:- भारत में धड़ल्ले से बिक रही पाकिस्तानी फेयरनेस क्रीम, इस्तेमाल करने वालों की किडनी हो सकती है खराब

लड़की ने कहा कि वह इस मामले को आगे तक ले जाना चाहती है और अब उपभोक्ता अदालत का दरवाजा खटखटाएगी. उसने यह भी आरोप लगाया कि जिस सोशल मीडिया पेज पर उसने इस प्रोडक्‍ट का विज्ञापन देखा था, वह अब मौजूद नहीं है और ऐसा लगता है कि प्रोडक्‍टर का विज्ञापन भी हटा दिया गया है. इस घटना ने सोशल मीडिया पर इन्फ्लुएंसर्स के जरिए प्रचारित किए जाने वाले ब्‍यूटी प्रोडक्‍ट्स की क्‍वालिटी और उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. खूबसूरत दिखने की चाह में बिना जांच-पड़ताल के किसी क्रीम या कॉस्मेटिक का इस्तेमाल करना कितना भारी पड़ सकता है, केरल का यह मामला इसकी गंभीर चेतावनी है.

ये भी पढ़ें:- सैयद सुहैल का शो: पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम से हो जाएं सावधान, चेहरा चमकाने के चक्कर में गंवा बैठेंगे किडनी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Fairness Cream, Kerala, Fairness Cream Mercury, Fairness Cream Kidney
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com