विज्ञापन

केरल में पुलिस की बड़ी चूक! पूर्व CM एके एंटनी की पत्नी को पति संग थाने बुलाया, बाद में मांगी माफी

तिरुवनंतपुरम में पुलिस ने गलत पहचान की वजह से भूल से पूर्व CM ए.के. एंटनी की पत्नी एलिजाबेथ को थाने बुला लिया. उन्होंने घर के रेनोवेशन में एडवांस लेकर काम न करने की शिकायत की थी.

केरल में पुलिस की बड़ी चूक! पूर्व CM एके एंटनी की पत्नी को पति संग थाने बुलाया, बाद में मांगी माफी
केरल पुलिस से हुई बड़ी भूल.
File Photo
तिरुवनंतपुरम:

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 'गलत पहचान' की वजह से पुलिस ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ए. के. एंटनी की पत्नी एलिजाबेथ को अपने पति के साथ थाने आने के लिए कहा. एलिजाबेथ ने एक शिकायत ईमेल के जरिए की थी और पुलिस ने शायद यह ध्यान ही नहीं दिया कि उनके पति कौन हैं. ईमेल के जरिए की गई शिकायत में एलिजाबेथ ने अपना नाम साफ तौर से 'ए.के. एंटनी की पत्नी एलिजाबेथ' बताया था. लेकिन, मामले को देख रहे अधिकारी का ध्यान शायद इस छोटी सी बात पर नहीं गया और उन्होंने पुलिस की सामान्य प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.

शिकायत की पुष्टि करते हुए अधिकारी ने एलिजाबेथ को फोन किया और आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें अपने पति के साथ थाने आने को कहा. बाद में पुलिस को पता चला कि जिस महिला को उन्होंने बुलाया था, वह केरल के सबसे सीनियर कांग्रेस नेताओं में से एक, तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके और देश के रक्षा मंत्री रहे नेता की पत्नी थीं. यह पता चलते ही, आनन-फानन में स्थिति को संभालने की कोशिशें शुरू हो गईं.

तिरुवनंतपुरम सिटी पुलिस कमिश्नर ने मामले में दखल दिया और म्यूजियम थाना प्रभारी (एसएचओ) को निर्देश दिया कि वे एलिजाबेथ के पास जाएं और व्यक्तिगत रूप से उनसे माफी मांगें.

लेकिन एलिजाबेथ ने बड़प्पन दिखाते हुए अधिकारियों को दोबारा आने की जहमत नहीं उठाने दी और कहा कि उनके आने और माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है. उन्होंने इसे अनजाने में हुई एक गलती माना और इस मामले को यहीं खत्म करने का फैसला किया.

दिलचस्प बात यह है कि उनकी शिकायत का सियासी या किसी हाई-प्रोफाइल मामले से कोई लेना-देना नहीं था. उन्होंने अपने घर के रेनोवेशन यानी मरम्मत के काम को लेकर पुलिस से संपर्क किया था. मरम्मत का काम करने के लिए रखे गए एक शख्स ने कथित तौर पर एडवांस पैसे ले लिए थे, लेकिन काम पूरा नहीं किया. फोन पर उससे संपर्क करने की कई कोशिशें नाकाम रहीं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को ईमेल किया.

पहचान को लेकर हुई इस गलतफहमी के बाद, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. मरम्मत का काम करने वाले शख्स को थाने बुलाया गया और उसे बचा हुआ काम जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया, क्योंकि वह पहले ही एडवांस ले चुका था. इसके बाद मामला सुलझ गया.

हालांकि, पुलिस का कहना है कि अधिकारी से ईमेल की डिटेल देखने में बस एक गलती हो गई थी, लेकिन इस घटना ने सोशल मीडिया और सियासी गलियारों में चर्चा छेड़ दी है.

यह भी पढ़ें | रेलवे स्टेशनों पर ठहरने के लिए 99 रुपये में मिलेंगे एसी स्लीपर पॉड्स, Wi-Fi से लेकर चार्जिंग तक होगी सुविधा

यह भी पढ़ें | साउथ अफ्रीकी यूट्यूबर फैमिली का ट्रेन की चेयर कार में 26 घंटे सफर, बोली- बहुत बड़ी मिस्टेक हो गई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerala, Tiruvantrapuram, Kerala Police, AK Antony, Home Renovation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com